Home BUSINESS NEWS HINDI Reliance AGM: जियो IPO, AI और ग्रीन एनर्जी पर आज मुकेश अंबानी...

Reliance AGM: जियो IPO, AI और ग्रीन एनर्जी पर आज मुकेश अंबानी कर सकते हैं 5 बड़े ऐलान

3
0

Source :- LIVE HINDUSTAN

देश की सबसे मूल्यवान कंपनी रिलायंस इंडस्ट्रीज (RIL) की 49वीं वार्षिक आम बैठक (AGM) आज 19 जून को दोपहर 2 बजे आयोजित होगी। इस बार निवेशकों की निगाहें सिर्फ मुकेश अंबानी के भाषण पर नहीं, बल्कि जियो आईपीओ, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI), डेटा सेंटर, न्यू एनर्जी प्रोजेक्ट्स और रिलायंस रिटेल की भविष्य की रणनीति पर टिकी हैं। एक्सपर्ट्स का मानना है कि यह AGM रिलायंस के लिए सिर्फ एक कॉरपोरेट कार्यक्रम नहीं बल्कि अगले दशक की ग्रोथ स्ट्रेटेजी का रोडमैप साबित हो सकती है।

क्या आज मिलेगा जियो IPO का अपडेट?

AGM का सबसे बड़ा आकर्षण जियो प्लेटफॉर्म्स का बहुप्रतीक्षित IPO रहेगा। पिछले साल कंपनी ने संकेत दिया था कि जियो की लिस्टिंग 2026 की पहली छमाही में हो सकती है। अब जब जून समाप्ति की ओर है, बाजार यह जानना चाहता है कि IPO कब आएगा।

बाजार अनुमान के मुताबिक जियो का IPO करीब 4 अरब डॉलर (लगभग 35000 करोड़ रुपये) का हो सकता है। जियो प्लेटफॉर्म्स की वैल्यूएशन 180 अरब डॉलर के आसपास मानी जा रही है। निवेशकों को उम्मीद है कि मुकेश अंबानी IPO की समयसीमा और वैल्यू अनलॉकिंग की रणनीति पर स्पष्ट संकेत देंगे।

AI और डेटा सेंटर कारोबार पर बड़ा फोकस

रिलायंस तेजी से AI और डिजिटल इंफ्रास्ट्रक्चर सेक्टर में अपनी मौजूदगी बढ़ा रही है। हाल ही में मेटा के साथ गुजरात के जामनगर में 168 मेगावॉट क्षमता वाले AI डेटा सेंटर की घोषणा ने इस क्षेत्र में कंपनी की महत्वाकांक्षा को साफ कर दिया है।

निवेशकों की नजर इस बात पर रहेगी कि रिलायंस AI आधारित सेवाओं, क्लाउड इंफ्रास्ट्रक्चर और डिजिटल प्लेटफॉर्म्स को किस तरह अपने टेलीकॉम और रिटेल नेटवर्क से जोड़ने की योजना बना रही है।

रिलायंस रिटेल की अलग लिस्टिंग पर क्या मिलेगा संकेत?

रिलायंस रिटेल समूह का सबसे तेजी से बढ़ने वाला कारोबार बना हुआ है। वित्त वर्ष 2026 की चौथी तिमाही में कंपनी का राजस्व 87,344 करोड़ रुपये और शुद्ध लाभ 3,563 करोड़ रुपये रहा।

बाजार लंबे समय से रिलायंस रिटेल की अलग लिस्टिंग का इंतजार कर रहा है। ऐसे में AGM में इस दिशा में कोई संकेत निवेशकों के लिए बड़ा ट्रिगर साबित हो सकता है।

नई ऊर्जा कारोबार पर अपडेट का इंतजार

मुकेश अंबानी की ग्रीन एनर्जी रणनीति भी चर्चा के केंद्र में रहेगी। जामनगर गीगा कॉम्प्लेक्स, बैटरी निर्माण, ग्रीन हाइड्रोजन, इलेक्ट्रोलाइजर और सोलर मैन्युफैक्चरिंग परियोजनाओं की प्रगति पर निवेशकों को अपडेट मिलने की उम्मीद है। कंपनी ने 2026 में बैटरी उत्पादन शुरू करने और इलेक्ट्रोलाइजर निर्माण सुविधा चालू करने का लक्ष्य रखा है।

वित्त वर्ष 2027 के लक्ष्य पर होगी नजर

रिलायंस ने वित्त वर्ष 2022 की तुलना में वित्त वर्ष 2027 तक EBITDA दोगुना करने का लक्ष्य रखा है। वित्त वर्ष 2026 में कंपनी का EBITDA करीब 2.08 लाख करोड़ रुपये रहा। निवेशक यह जानना चाहेंगे कि प्रबंधन इस लक्ष्य को लेकर कितना आश्वस्त है और आगे पूंजी निवेश की प्राथमिकताएं क्या रहेंगी।

इसके अलावा अमेरिका-ईरान शांति समझौते के बाद कच्चे तेल की कीमतों में आई गिरावट का रिलायंस के ऑयल-टू-केमिकल्स (O2C) कारोबार पर क्या असर पड़ेगा, इस पर भी बाजार की नजर रहेगी।

शेयर बाजार को क्यों है AGM का इंतजार?

विश्लेषकों का मानना है कि अगर जियो IPO, AI कारोबार और न्यू एनर्जी को लेकर सकारात्मक घोषणाएं होती हैं तो रिलायंस शेयर में नई तेजी देखने को मिल सकती है। यही वजह है कि आज की AGM को रिलायंस के शेयरधारकों और पूरे बाजार के लिए साल की सबसे अहम कॉरपोरेट घटनाओं में माना जा रहा है।

SOURCE : LIVE HINDUSTAN