Home BUSINESS NEWS HINDI Bank holiday: 25 जून के बाद बढ़ सकती है परेशानी! जानिए कब-कब...

Bank holiday: 25 जून के बाद बढ़ सकती है परेशानी! जानिए कब-कब बंद रहेंगे बैंक

3
0

Source :- LIVE HINDUSTAN

Bank holiday: अगर इस सप्ताह आपको बैंक से जुड़ा कोई महत्वपूर्ण काम करना है, तो यह खबर आपके लिए बेहद जरूरी है। नकदी निकालना, चेक जमा करना, डिमांड ड्रॉफ्ट बनवाना या किसी अन्य बैंक शाखा से संबंधित काम को टालना महंगा पड़ सकता है, क्योंकि इस सप्ताह के अंत में देश के कई हिस्सों में बैंक लगातार तीन दिनों तक बंद रहने वाले हैं। ऐसे में ग्राहकों को सलाह दी जा रही है कि वे अपने सभी जरूरी बैंकिंग काम पहले ही पूरा कर लें, ताकि बाद में किसी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े। आइए जरा विस्तार से इसकी डिटेल्स जानते हैं।

हालांकि, राहत की बात यह है कि 22 जून से 25 जून तक बैंक सामान्य रूप से खुले रहेंगे। इन दिनों सरकारी और निजी दोनों बैंक अपनी नियमित सेवाएं देते रहेंगे और ग्राहक बिना किसी रुकावट के अपने काम निपटा सकेंगे। लेकिन, 26 जून से शुरू होने वाला लंबा अवकाश बैंकिंग सेवाओं को प्रभावित कर सकता है।

26 जून को मुहर्रम

दरअसल, 26 जून को मुहर्रम के अवसर पर कई राज्यों और शहरों में बैंक बंद रहेंगे। यह अवकाश पूरे देश में लागू नहीं होगा, बल्कि चुनिंदा राज्यों और शहरों में रहेगा। इसलिए ग्राहकों को सलाह दी जाती है कि वे अपने स्थानीय बैंक या रिजर्व बैंक की छुट्टियों की लिस्ट जरूर देख लें।

किस-किस दिन बंद रहेंगे बैंक?

इसके बाद 27 जून को महीने का चौथा शनिवार है। भारतीय बैंकिंग नियमों के अनुसार हर महीने के दूसरे और चौथे शनिवार को सभी सरकारी और निजी बैंक बंद रहते हैं। इसलिए इस दिन पूरे देश में बैंकिंग शाखाओं में कोई कामकाज नहीं होगा। फिर 28 जून को रविवार होने के कारण सभी बैंक बंद रहेंगे। इस तरह कई सेक्टर में 26, 27 और 28 जून को लगातार तीन दिनों तक बैंकिंग सेवाएं प्रभावित रह सकती हैं।

हालांकि, बैंक शाखाएं बंद रहने का मतलब यह नहीं है कि आपके सभी वित्तीय काम रुक जाएंगे। आज के डिजिटल दौर में अधिकांश बैंकिंग सेवाएं ऑनलाइन उपलब्ध हैं। ग्राहक नेट बैंकिंग, मोबाइल बैंकिंग और यूपीआई प्लेटफॉर्म का उपयोग करके आसानी से पैसे भेज और प्राप्त कर सकते हैं।

गूगल पे (Google Pay), फोन पे (PhonePe), पेटीएम (Paytm) और BHIM जैसे यूपीआई ऐप छुट्टियों के दौरान भी सामान्य रूप से काम करेंगे। इसके अलावा NEFT, RTGS और IMPS जैसी ऑनलाइन ट्रांसफर सेवाओं का भी उपयोग किया जा सकेगा। नकदी की जरूरत पड़ने पर ग्राहक एटीएम से पैसे निकाल सकते हैं, क्योंकि एटीएम सेवाएं 24 घंटे उपलब्ध रहेंगी।

एक्सपर्ट का कहना है कि लंबी बैंक छुट्टियों से पहले नकदी, चेक क्लियरेंस और अन्य जरूरी लेनदेन से जुड़े काम समय रहते पूरे कर लेना बेहतर रहता है। खासतौर पर व्यापारियों, वेतनभोगी कर्मचारियों और वरिष्ठ नागरिकों को अपनी वित्तीय योजना पहले से बना लेनी चाहिए।

इसलिए, अगर आपका कोई महत्वपूर्ण बैंकिंग काम पेंडिंग है, तो 25 जून से पहले उसे पूरा कर लेना समझदारी होगी, ताकि तीन दिन की छुट्टियों के दौरान किसी तरह की असुविधा न हो।

SOURCE : LIVE HINDUSTAN