Source :- LIVE HINDUSTAN
पाकिस्तान से एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। फ्रांसीसी महिला और पांच बच्चों को 10 साल से अधिक समय तक घर में कैद कर प्रताड़ित करने के आरोप में पति को गिरफ्तार किया गया है। पढ़ें क्या है पूरा मामला…
पाकिस्तान के खैबर पख्तूनख्वा प्रांत से हैरान करने वाला मामला सामने आया है। यहां पर एक शख्स को अपनी फ्रांसीसी पत्नी और पांच बच्चों को 10 वर्ष से अधिक समय तक घर में कैद करके रखे हुए था। इस दौरान वह शारीरिक और मानसिक रूप से प्रताड़ित भी करता था। पुलिस ने आरोपी के बेटे की शिकायत पर गिरफ्तार कर लिया है। बीबीसी की रिपोर्ट के अनुसार, 54 वर्षीय सिल्वी यास्मिना नामक फ्रांसीसी महिला ने पुलिस को बताया कि उनका पति बेहद हिंसक स्वभाव का है और पूरे परिवार को रोजाना शारीरिक और मानसिक तौर पर प्रताड़ित करता था।
मामला कैसे आया सामने?
मामला तब सामने आया जब यास्मिना के बेटों में से एक भाग निकलने में सफल हो गया और पुलिस के पास पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के आधार पर पुलिस ने प्रांत के दूरस्थ इलाके बारा में स्थित घर पर छापेमारी की। वहां पुलिस को यास्मिना और उनके बच्चे एक तंग एवं बेहद जर्जर कमरे में कैद अवस्था में मिले। अधिकारियों ने बताया कि परिवार के सभी सदस्यों के शरीर पर चोट के निशान थे। पुलिस ने यास्मिना और उनके पांचों बच्चों को तुरंत पेशावर के एक महिला आश्रय गृह में भर्ती कराया है। परिवार अब फ्रांस लौटने की तैयारी कर रहा है।
2014 से बाहरी दुनिया से पूरी तरह कटा हुआ था परिवार
यास्मिना ने पुलिस को बताया कि 2014 में ऑस्ट्रेलिया से पाकिस्तान आने के बाद उनके पति ने पूरे परिवार को कैद कर लिया था। उन्हें किसी भी बाहरी व्यक्ति से मिलने की अनुमति नहीं थी। उनके दो बड़े बच्चे शिक्षा से वंचित रह गए, जबकि तीन छोटे बच्चे पाकिस्तान में पैदा हुए और वे कभी स्कूल नहीं जा सके। आगे यास्मिना ने बताया कि उनकी शादी 2003 में हुई थी। पाकिस्तान जाने से पहले वे ऑस्ट्रेलिया में दो बड़े बच्चों के साथ रह रहे थे। यास्मिना के अनुसार, पाकिस्तान पहुंचने के बाद परिवार का बाहरी दुनिया से कोई संपर्क नहीं रहा।
हालांकि पुलिस ने पति की पहचान अभी सार्वजनिक नहीं की है, लेकिन बताया गया है कि वह पाकिस्तानी नागरिक है, जो यास्मिना से मिलने के समय ऑस्ट्रेलिया में अवैध रूप से रह रहा था। पुलिस को दिए बयान में यास्मिना ने कहा कि हमें हमारी स्वतंत्रता छीन ली गई थी। मेरे पति ने पति और पिता होने के नाते हमारी देखभाल नहीं की, बल्कि हमें रोजाना पीटा और मानसिक तौर पर प्रताड़ित किया। उसने आगे कहा कि मेरा भविष्य तो बर्बाद हो चुका है। कुछ दिन और यहां रही तो अब बच्चों का भविष्य भी बर्बाद हो जाएगा। फिलहाल पुलिस यास्मिना के बयान के आधार पर आगे की कार्रवाई में जुट गई है।
SOURCE : LIVE HINDUSTAN




