Source :- LIVE HINDUSTAN
डाबर इंडिया पर भारतीय खाद्य सुरक्षा और मानक प्राधिकरण (FSSAI) के एक्शन का असर कंपनी के शेयर पर भी देखने को मिल रहा है। डाबर इंडिया के शेयर 4 पर्सेंट से ज्यादा टूटकर 405 रुपये के स्तर पर आ गए। यह शेयर के 52 हफ्ते के लो के करीब है। बता दें कि मार्च में शेयर 401.05 रुपये के 52 वीक लो पर आ गया था। पिछले साल सितंबर के महीने में यह शेयर 576.80 रुपये तक गया था। यह शेयर के 52 हफ्ते का हाई भी है।
FSSAI का एक्शन
खाद्य नियामक FSSAI ने डाबर इंडिया को शहद, गाय के घी और खाद्य तेलों जैसे कई उत्पादों को ‘100 प्रतिशत’ के दावे के साथ बेचने से रोक दिया है। नियामक का कहना है कि इस तरह की लेबलिंग कानून के खिलाफ है। FSSAI ने सोशल मीडिया पर पोस्ट किया कि उसने डाबर इंडिया लिमिटेड को ‘100 प्रतिशत’ दावों वाले खाद्य उत्पादों की बिक्री पर रोक का आदेश जारी किया गया है, जिसमें शहद, सेब का सिरका, वर्जिन कोकोनट तेल, तिल का तेल, गाय का घी, नारियल पानी, नारियल का दूध और ऐसे ही अन्य सामान शामिल हैं।
FSSAI ने कहा, ”कंपनी की वेबसाइट पर बेचे जा रहे खाद्य उत्पादों में ‘100% प्राकृतिक’, ‘100% शुद्ध’, ‘100% शुद्धता की गारंटी’, ‘100% जैविक’ और ‘100% नारियल पानी’ जैसे गुमराह करने वाले दावे पाए गए।” नियामक ने स्पष्ट किया कि 100 प्रतिशत दावों का उपयोग एफएसएस (विज्ञापन और दावे) विनियम, 2018 का उल्लंघन है, क्योंकि ये अस्पष्ट, अप्रामाणिक हैं और इनसे उपभोक्ताओं को गुमराह किया जा सकता है।
ये हैं प्रोडक्ट्स
शहद
सेब का सिरका
वर्जिन कोकोनट तेल
तिल का तेल
गाय का घी
नारियल पानी
नारियल का दूध
डाबर के तिमाही नतीजे
रोजमर्रा के उपभोग का सामान बनाने वाली (एफएमसीजी) कंपनी डाबर इंडिया का मुनाफा चालू वित्त वर्ष 2026-27 की पहली तिमाही (अप्रैल-जून) में 15.3 प्रतिशत बढ़कर 586.16 करोड़ रुपये हो गया। डाबर इंडिया के मुताबिक वित्त वर्ष 2025-26 की समान तिमाही में कंपनी ने 508.29 करोड़ रुपये का मुनाफा कमाया था। इस तिमाही में कंपनी की परिचालन आय 10.56 प्रतिशत बढ़कर 3,764.39 करोड़ रुपये रही, जो पिछले वित्त वर्ष की समान तिमाही में 3,404.58 करोड़ रुपये थी।
जून तिमाही में डाबर इंडिया का कुल खर्च 10.23 प्रतिशत बढ़कर 3,180.80 करोड़ रुपये रहा। कंपनी की कुल आय 10.9 प्रतिशत बढ़कर 3,936.95 करोड़ रुपये हो गई। तिमाही में कंपनी की घरेलू कारोबार से जुड़ी एकल परिचालन आय 8.8 प्रतिशत की वृद्धि के साथ 2,687.34 करोड़ रुपये हो गई।
SOURCE : LIVE HINDUSTAN




