Home LIFESTYLE NEWS HINDI सुबह की टेंशन खत्म! बच्चों के टिफिन के लिए 5 मिनट में...

सुबह की टेंशन खत्म! बच्चों के टिफिन के लिए 5 मिनट में बनाएं 5 हेल्दी ब्रेकफास्ट, शेफ भरत की ईजी रेसिपी

4
0

Source :- LIVE HINDUSTAN

बच्चे को सुबह टिफिन में क्या दें, ये सवाल हर दिन आपके मन में रहता है? तो अब टेंशन लेने की जरूरत नहीं है। हम आपके लिए 5 रेसिपी लेकर आए हैं, जो 5 मिनट में बनकर तैयार हो जाएंगी।

बच्चे को सुबह स्कूल के टिफिन में क्या देना है, ये सवाल हर मां के मन में पहले से ही चलता रहता है। टिफिन में ऐसा कुछ देना, जो न सिर्फ टेस्टी हो बल्कि हेल्दी भी हो। अगर आप भी इस सवाल से रोजाना परेशान होती हैं, तो हम आपकी परेशानी का हल लेकर आए हैं। शेफ भरत ने 6 मिनट में बनने वाले रेसिप शेयर की हैं, जो बेहद आसान हैं और हेल्दी भी। अगर आप हर दिन कुछ नया टिफिन में देना चाहती हैं, तो इन रेसिपी को नोट कर लें। इन्हें बनाने में आपको ज्यादा से ज्यादा 10 मिनट का समय लगेगा।

1. रोटी वाला पिज्जा पॉकेट

टिफिन के लिए आप रोटी वाला पिज्जा पॉकेट बना सकते हैं। इसके लिए आपको आटा लेना है और नॉर्मल शेप में रोटी बेल लेनी है। फिर इसे पैन पर मीडियम फ्लेम पर हल्का सेंक लेना है, ज्यादा न सेंकें। फिर आपको एक बाउल में कटी हुई प्याज, शिमला मिर्च, स्वीटकॉर्न, मोजरेला चीज, नमक, चिली फ्लेक्स, पिज्जा सीजनिंग डालकर मिक्स करें। अब आपको रोटी को आधा काटना है और ट्रिएंगल शेप में इस स्टफिंग को आधी रोटी पर रखें। फिर दोनों साइड से फोल्ड कर लें। ऐसे छोटे पिज्जा पॉकेट बन जाएंगे और फिर तवे या पैन में बटर लगाकर इन्हें दोनों साइड से सेंक लीजिए।

2. इंस्टेंट वर्मीसेली रेसिपी

अगर आपका बच्चा वर्मीसेली खाता है, तो आप इसे 5 मिनट में बना सकते हैं। आपको इसके लिए 1 प्याज, 1 टमाटर, 1 गाजर, हरी मिर्च, हरी धनिया, शिमला मिर्च सभी को काट लीजिए। अब एक कुकर लें और उसमें 1 चम्मच घी डालें और इसमें जरा सी हींग, आधा चम्मच राई, जीरा, करी पत्ता डालकर चटका लें। अब इस तड़के में सभी चॉप की हुई सब्जियों को करीब 1 मिनट तक पका लें। अब इसमें गरम मसाला, धनिया पाउडर, हल्दी, लाल मिर्च, नमक स्वादानुसार डाल दें। इन्हें हल्का पकाने के बाद डेढ़ कप पानी डाल दीजिएगा, जैसे ही पानी उबलने लगे वैसे ही इसमें रोस्टेड वर्मीसेली डाल दीजिए। फिर इसे थोड़ा पकाएं और कुकर बंद करके 1-2 सीटी लगा दीजिए। बस आपकी वर्मीसेली बनकर तैयार हो जाएगी।

3. बेसन डोसा

बेसन डोसा बनाने के लिए आपको लेना है 1 कप बेसन और उसे सीधा मिक्सर ग्राइंडर में डाल दीजिए। अब इसी में आधा चम्मच नमक, आधा चम्मच लाल मिर्च पाउडर, हींग, 2 चम्मच चावल का आटा डालकर 1 कप पानी डालना है लेकिन थोड़ा-थोड़ा करके पीसना है। फिर इस बैटर को 5 मिनट के लिए रेस्ट करने दें और तब तक प्याज, टमाटर, हरी मिर्च, शिमला मिर्च चॉप कर लें। इसमें लाल मिर्च, नमक, चाट मसाला डालकर मिलाएं। अब तवा लें और उस पर थोड़ा पानी छिड़कें और फिर बेसन बैटर को डोसा की तरह फैलाएं। बेसन के ऊपर घी या बटर लगाएं और फिर कटी हुई सब्जियों और मोजरेला चीज को डाल दें। बस फिर धीमी आंच पर पकने दें और ये क्रिस्पी बन जाएगा। फिर इसे डोसा की तरह फोल्ड करके सर्व करें।

4. झटपट वाला माइक्रोनी

माइक्रोनी को आप धोकर एक पैन में उबलने के लिए चढ़ा दें और तब तक सब्जियों को चॉप कर लें। आपको प्याज, लहसुन, टमाटर, मिर्ची, शिमला मिर्च काट लेना है। फिर कड़ाही में घी-तेल डालकर जीरा चटकाएं और फिर कटा हुआ प्याज, लहसुन डालकर भूनें। इसमें शिमला मिर्च और टमाटर डालकर नमक डालें और चलाएं। इसमें आप स्वीटकॉर्न भी डाल सकते हैं या छोड़ सकते हैं। ऊपर से नमक, मैजिक मसाला डालकर मिक्स करें और तब तक आपकी माइक्रोनी उबल जाएगी। इसे गर्म पानी से निकालकर सीधा ठंडे पानी में डालें, इसके बाद कड़ाही में डालकर चलाएं। 2-5 मिनट के लिए इसे कवर करें और बस फिर आपकी माइक्रोनी बनकर तैयार है।

5. मासाला पुलाव

1 कप चावल को पानी से 2-3 बार अच्छे से धोकर 5 मिनट के लिए भिगोकर रख दीजिए। साथ में न्यूट्रिला को धोकर पानी निचोड़कर रख दीजिए। अब कुकर में घी डालें और 2 लौंग, 1 तेजपत्ता, 10-11 काली मिर्च, दालचीनी, 2 हरी इलायची, जीरा सबकुछ घी में चटकने दें। अब इसमें कटी हुई प्याज डालकर रोस्ट करें। फिर इसमें गार्लिक-जिंजर का पेस्ट और टमाटर डाल दीजिए। अब इसमें हल्दी, लाल मिर्च, धनिया पाउडर मसाला, स्वादानुसार नमक डालें और फिर न्यूट्रिला डालकर मिलाएं। अब 1 कप पानी डालकर उबाल आने दें और फिर चावल और हरी मटर डालकर कुकर में 2 सीटी लगा दें। बस आपका मसाला पुलाव बनकर तैयार हो जाएगा।

SOURCE : LIVE HINDUSTAN