Home rss business hindi NPS में निवेश करते हैं? अब 14 पेंशन फंड में चुन सकेंगे...

NPS में निवेश करते हैं? अब 14 पेंशन फंड में चुन सकेंगे बेहतर विकल्प, PFRDA ने लॉन्च किया नया टूल

4
0

Source :- LIVE HINDUSTAN

राष्ट्रीय पेंशन प्रणाली (NPS) में निवेश करने वालों के लिए बड़ी खबर है। अब एनपीएस सदस्यों के पास निवेश के लिए पहले से ज्यादा विकल्प होंगे। पेंशन फंड नियामक एवं विकास प्राधिकरण (PFRDA) ने चार नए पेंशन फंड को मंजूरी दी है। इसके साथ ही एनपीएस में पेंशन फंड की कुल संख्या बढ़कर 14 हो गई है। नए फंड मैनेजर आने से एनपीएस निवेशकों को अलग-अलग कंपनियों के प्रदर्शन, निवेश रणनीति, शुल्क और सेवाओं की तुलना करने का मौका मिलेगा। इससे किसी एक फंड मैनेजर पर निर्भरता कम होगी और निवेशक अपनी जरूरत के हिसाब से बेहतर विकल्प चुन सकेंगे।

सदस्यों को क्या फायदा होगा?

नए फंड मैनेजर आने से कंपनियों के बीच प्रतिस्पर्धा बढ़ेगी। इसका फायदा निवेशकों को बेहतर निवेश रणनीति, ग्राहक सेवा और तकनीकी सुविधाओं के रूप में मिल सकता है। अगर कोई फंड मैनेजर लगातार अच्छा प्रदर्शन नहीं करता है, तो नियमों के तहत निवेशक दूसरे फंड मैनेजर का विकल्प चुन सकते हैं। हालांकि, फंड मैनेजर बदलने से बेहतर रिटर्न की गारंटी नहीं होती। निवेश पर मिलने वाला रिटर्न बाजार की स्थिति और फंड मैनेजर की निवेश रणनीति पर निर्भर करता है।

नया टूल बताएगा किस फंड का प्रदर्शन बेहतर

PFRDA ने प्राइड-दिशा नाम से एक नया टूल भी शुरू किया है। इसकी मदद से निवेशक अलग-अलग पेंशन फंड के प्रदर्शन की तुलना कर सकेंगे।

इस टूल की खास बात यह है कि इसमें सिर्फ एक तय अवधि का रिटर्न नहीं देखा जाएगा। इसमें निवेशक ने कब और कितनी रकम जमा की, इसे भी ध्यान में रखा जाएगा। इसके लिए एक्सआईआरआर (XIRR) पद्धति का इस्तेमाल होगा।

इससे उन निवेशकों को ज्यादा सही जानकारी मिल सकेगी जो हर महीने एनपीएस में पैसा जमा करते हैं। वे देख सकेंगे कि उनके वास्तविक निवेश पर अलग-अलग फंड मैनेजरों ने कितना रिटर्न दिया है।

एनपीएस में पैसा कैसे लगाया जाता है?

एनपीएस खाता खुलने के बाद सदस्य अपनी पसंद के अनुसार इक्विटी, सरकारी बॉन्ड और कॉरपोरेट बॉन्ड जैसे विकल्पों में निवेश कर सकता है। इसके लिए उसे एक पेंशन फंड मैनेजर चुनना होता है। सदस्य एक्टिव या ऑटो ऑप्शन में से भी चुनाव कर सकता है। कुछ शर्तों के साथ फंड मैनेजर बदलने की सुविधा भी मिलती है।

कितना रिटर्न मिला है?

PFRDA के अनुसार पिछले 15 सालों में एनपीएस की कम जोखिम वाली योजनाओं ने औसतन करीब 9.2 से 9.3 प्रतिशत सालाना रिटर्न दिया है। हालांकि, भविष्य में मिलने वाला रिटर्न बाजार के प्रदर्शन पर निर्भर करेगा। एनपीएस निवेशकों के लिए अब विकल्प बढ़ गए हैं। 14 पेंशन फंड में तुलना करना आसान होगा और नया टूल यह समझने में मदद करेगा कि नियमित निवेश पर किस फंड मैनेजर का प्रदर्शन बेहतर रहा है।

SOURCE : LIVE HINDUSTAN