Home rss business hindi बदल गया LPG सिलेंडर बुकिंग का तरीका, ग्राहकों पर पड़ेगा सीधा असर

बदल गया LPG सिलेंडर बुकिंग का तरीका, ग्राहकों पर पड़ेगा सीधा असर

4
0

Source :- LIVE HINDUSTAN

देशभर में घरेलू LPG सिलेंडर इस्तेमाल करने वाले ग्राहकों के लिए राहत की बड़ी खबर सामने आई है। केंद्र सरकार ने ग्रामीण इलाकों में LPG रिफिल बुक करने के लिए तय 45 दिनों के अंतराल को घटाकर 25 दिन कर दिया है। अब शहरी और ग्रामीण दोनों क्षेत्रों के घरेलू LPG ग्राहक हर 25 दिन के अंतराल पर नया सिलेंडर बुक करा सकेंगे। सरकार का यह फैसला ऐसे समय आया है, जब देश में LPG सप्लाई की स्थिति पहले की तुलना में बेहतर हुई है और रिफिल का बैकलॉग भी काफी कम हुआ है। आइए जरा विस्तार से इसकी डिटेल्स जानते हैं।

केंद्रीय मंत्री ने क्या कहा?

हिंदुस्तान टाइम्स की रिपोर्ट के मुताबिक, केंद्रीय पेट्रोलियम, प्राकृतिक गैस और पर्यटन राज्य मंत्री सुरेश गोपी ने सोमवार को इसकी जानकारी दी। उन्होंने बताया कि LPG की उपलब्धता में सुधार को देखते हुए सरकार ने ग्रामीण उपभोक्ताओं पर लागू अतिरिक्त प्रतिबंध को हटा दिया है।

सरकार ने रिफिल बुकिंग के बीच बढ़ाया अंतर

दरअसल, अमेरिका और ईरान के बीच चल रहे युद्ध तथा स्ट्रेट ऑफ होर्मुज में पैदा हुए संकट के कारण दुनियाभर में तेल और गैस की सप्लाई प्रभावित हुई थी। इसका असर भारत में भी LPG की उपलब्धता पर पड़ा था। सप्लाई को सामान्य बनाए रखने और घरेलू ग्राहकों को सिलेंडर की कमी से बचाने के लिए सरकार ने रिफिल बुकिंग के बीच अंतर बढ़ा दिया था। इसके तहत शहरी क्षेत्रों में ग्राहक 25 दिन बाद और ग्रामीण क्षेत्रों में 45 दिन बाद LPG रिफिल बुक कर सकते थे। अब सरकार ने ग्रामीण इलाकों में भी यह सीमा घटाकर 25 दिन कर दी है। पेट्रोलियम मंत्रालय ने OMCs (Oil Marketing Companies) को इस बदलाव को तत्काल लागू करने का निर्देश दिया है।

खपत के मुकाबले 50% तक सप्लाई की अनुमति

सरकार की ओर से LPG सप्लाई को सामान्य करने के लिए पिछले कुछ महीनों में कई कदम उठाए गए हैं। जून में कमर्शियल LPG सप्लाई से जुड़ी पाबंदियों में भी ढील दी गई थी। पेट्रोलियम मंत्रालय ने OMCs को युद्ध से पहले के सामान्य स्तर के मुताबिक गैर-घरेलू पैक्ड LPG की सप्लाई बढ़ाने के निर्देश दिए थे। इसके अलावा उद्योगों के सुचारू संचालन को बनाए रखने के लिए संकट से पहले की खपत के मुकाबले 50% तक सप्लाई की अनुमति भी दी गई थी।

कीमतों पर भी LPG संकट का असर

LPG सप्लाई संकट का असर इसकी कीमतों पर भी देखने को मिला था। वैश्विक ऊर्जा कीमतों में तेजी के बाद मार्च में घरेलू LPG सिलेंडर की कीमत में ₹60 की बढ़ोतरी की गई थी। इसके बाद जून में कीमत फिर ₹29 बढ़ाई गई। इस बढ़ोतरी के बाद दिल्ली में 14.2 किलोग्राम वाले घरेलू LPG सिलेंडर की कीमत ₹942 हो गई थी। ऐसे में बुकिंग अंतराल को 45 दिन से घटाकर 25 दिन करना ग्रामीण उपभोक्ताओं के लिए महत्वपूर्ण राहत माना जा रहा है। हालांकि, सिलेंडर की वास्तविक डिलीवरी स्थानीय सप्लाई और उपलब्धता पर निर्भर करेगी। (सोर्स- हिंदुस्तान टाइम्स)

SOURCE : LIVE HINDUSTAN