Home rss business hindi सचिन तेंदुलकर ने यहां खरीदी 3.9 एकड़ जमीन, ₹4.20 करोड़ तो सिर्फ...

सचिन तेंदुलकर ने यहां खरीदी 3.9 एकड़ जमीन, ₹4.20 करोड़ तो सिर्फ स्टांप ड्यूटी दी; डील की कीमत होश उड़ा देगी

5
0

Source :- LIVE HINDUSTAN

क्रिकेट के भगवान कहे जाने वाले सचिन तेंदुलकर (Sachin Tendulkar) ने महाराष्ट्र के मशहूर हिल स्टेशन लोनावला में करोड़ों रुपये की जमीन खरीदी है। इस रजिस्ट्रेशन से जुड़े दस्तावेजों के मुताबिक, सचिन तेंदुलकर ने 3 अलग-अलग रजिस्टर्ड ट्रांजैक्शन के जरिए कुल करीब ₹70 करोड़ में 3.9 एकड़ से ज्यादा जमीन का अधिग्रहण किया है। इन जमीन के टुकड़ों का कुल क्षेत्रफल 15,601.78 वर्ग मीटर यानी करीब 1.68 लाख वर्ग फीट है। इन संपत्तियों में एक जमीन के हिस्से पर पहले से करीब 2,100 वर्ग फीट का निर्मित ढांचा भी मौजूद है। ये सभी ट्रांजैक्शन 4 सितंबर को रजिस्टर्ड हुए हैं और लोनावला के H वार्ड में 4 अलग-अलग सिटी सर्वे नंबरों के अंतर्गत आते हैं।

3 डील में करीब ₹63.69 करोड़

इन 3 डील में सबसे बड़ी डील करीब ₹63.69 करोड़ की है। इसके तहत लगभग 3.09 एकड़ जमीन खरीदी गई है। इस जमीन पर करीब 2,100 वर्ग फीट का पहले से बना हुआ स्ट्रक्चर भी मौजूद है। इस हिस्से के लिए प्रभावी ट्रांजैक्शन रेट करीब ₹4,735 प्रति वर्ग फीट बैठता है। बाकी दो सौदों में सचिन तेंदुलकर ने दो अलग-अलग जमीनों में 50% अविभाजित हिस्सेदारी (undivided share) खरीदी है। इनमें पहली डील करीब ₹4.56 करोड़ की है, जिसके तहत 2,302.27 वर्ग मीटर जमीन में हिस्सेदारी ली गई। वहीं, तीसरी डील करीब ₹1.75 करोड़ की है और इसमें 803.93 वर्ग मीटर जमीन शामिल है। दोनों डील को मिलाकर करीब 0.77 एकड़ जमीन की हिस्सेदारी का लेनदेन हुआ है।

करीब ₹4.20 करोड़ की स्टांप ड्यूटी

द इकोनॉमिक टाइम्स की रिपोर्ट के मुताबिक, तीनों डील को मिलाकर जमीन का औसत प्रभावी ट्रांजैक्शन रेट करीब ₹4,168 प्रति वर्ग फीट है। वहीं, आखिरी दो जमीनों में खरीदी गई अविभाजित हिस्सेदारी के लिए यह दर करीब ₹1,888 प्रति वर्ग फीट बताई गई है। इन संपत्तियों की खरीद पर सचिन तेंदुलकर ने करीब ₹4.20 करोड़ की स्टांप ड्यूटी भी चुकाई है। हालांकि, इस खरीद को लेकर तेंदुलकर की टीम की ओर से आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।

लोनावला लंबे समय से मुंबई और पुणे के बीच एक लोकप्रिय सेकंड-होम और हॉलिडे डेस्टिनेशन रहा है। यहां लग्जरी विला, प्लॉटेड डेवलपमेंट और वेकेशन होम की मांग लगातार बनी हुई है। मुंबई और पुणे से नजदीकी, बेहतर कनेक्टिविटी और पर्यटन की लोकप्रियता के कारण यह इलाका अमीर निवेशकों और हाई-नेट-वर्थ इंडिविजुअल्स (HNIs) के लिए आकर्षक बना हुआ है। सचिन तेंदुलकर की यह खरीद भी इसी बढ़ती दिलचस्पी को दिखाती है। अब बड़े निवेशक केवल तैयार घर खरीदने के बजाय बड़े जमीन के टुकड़े खरीदकर अपनी पसंद के मुताबिक घर या दूसरी प्रॉपर्टी विकसित करने में भी रुचि दिखा रहे हैं। लोनावला के अलावा अलीबाग, गोवा और बड़े शहरों के आसपास के हिल स्टेशन भी ऐसे निवेश के पसंदीदा ठिकाने बनते जा रहे हैं।

SOURCE : LIVE HINDUSTAN