Home LIFESTYLE NEWS HINDI विक्स लगा देने से सच में भागते हैं कॉकरोच? क्या है ये...

विक्स लगा देने से सच में भागते हैं कॉकरोच? क्या है ये वायरल हैक

3
0

Source :- LIVE HINDUSTAN

घर में कॉकरोच बार-बार नजर आ रहे हैं तो उन्हें दूर रखने के लिए आप एक आसान घरेलू तरीका ट्राई कर सकते हैं, यह काफी ज्यादा वायरल है। इसके लिए थोड़ी सी विक्स की जरूरत होगी। जानिए इसके बारे में-

घर में कॉकरोच दिख जाए तो सबसे पहले मन करता है कि किसी तरह इनसे जल्दी छुटकारा मिले। खासकर रसोई में सिंक के नीचे, गैस के आसपास, अलमारी के कोनों या अंधेरी जगहों में कॉकरोच बार-बार नजर आने लगते हैं। इन्हें भगाने के लिए लोग अक्सर तरह-तरह के घरेलू तरीके आजमाते हैं। अगर आपके घर में भी कॉकरोच बार-बार दिखाई दे रहे हैं, तो एक आसान घरेलू तरीका आप भी ट्राई कर सकते हैं। इसके लिए आपको किसी खास चीज की जरूरत नहीं पड़ेगी, घर में रखी विक्स ही काम आ सकती है। बस थोड़ी सी विक्स रुई पर लगाकर उसे कॉकरोच वाली जगह पर रखना होता है। आइए जानते हैं, इसे कैसे ट्राई करना है और क्या वाकई इससे कॉकरोच दूर रह सकते हैं।

रुई पर लगाएं थोड़ी सी विक्स

सबसे पहले एक छोटी सी रुई लें और उस पर थोड़ी मात्रा में विक्स लगा दें। अब इसे रसोई के उन कोनों में रख सकते हैं, जहां अक्सर कॉकरोच दिखाई देते हैं। इसे सिंक के नीचे, अलमारी के किसी कोने या ऐसी किसी भी जगह पर रखें जहां कॉकरोच छिपते हों। रुई को खाने की चीजों, बर्तनों या खुली सतह के पास रखने से बचें।

क्या सच में कॉकरोच भाग जाएंगे?

विक्स की तेज खुशबू के कारण कॉकरोच कुछ समय के लिए उस जगह से दूर रह सकते हैं, लेकिन इसे कॉकरोच खत्म करने का पक्का तरीका मानना सही नहीं है। घर में कॉकरोच की समस्या ज्यादा है तो सिर्फ इस घरेलू तरीके पर निर्भर रहना सही नहीं होगा। अगर कॉकरोच बार-बार नजर आ रहे हैं, तो यह इस बात का संकेत हो सकता है कि उन्हें घर में खाना, पानी या छिपने की जगह मिल रही है।

रसोई को सूखा और साफ रखें

कॉकरोच को दूर रखने के लिए रसोई की सफाई सबसे जरूरी है। रात में खाना या खाने के टुकड़े खुले में ना छोड़ें। गंदे बर्तन लंबे समय तक सिंक में ना रखें और खाना हमेशा ढककर रखें। सिंक के आसपास पानी जमा ना होने दें। अगर कहीं से पानी टपक रहा है तो उसे ठीक करवाएं। रसोई जितनी साफ और सूखी रहेगी, कॉकरोच के लिए वहां टिकना उतना ही मुश्किल होगा।

छिपने की जगहों पर भी दें ध्यान

कॉकरोच छोटी-छोटी दरारों और खाली जगहों में आसानी से छिप जाते हैं। रसोई की दीवार, सिंक के आसपास, अलमारी के पीछे या पाइप के पास ऐसी जगहें जरूर देखें। जहां संभव हो, इन दरारों और खाली जगहों को बंद करें। इससे कॉकरोच के आने-जाने और छिपने की जगह कम होगी।

समस्या ज्यादा हो तो क्या करें?

अगर घर में रोज कॉकरोच दिखाई दे रहे हैं या एक ही जगह से बार-बार कई कॉकरोच निकल रहे हैं, तो सिर्फ घरेलू नुस्खों पर निर्भर ना रहें। ऐसी स्थिति में कॉकरोच कंट्रोल के सही तरीके अपनाना ज्यादा जरूरी है। विक्स वाला तरीका आप एक आसान घरेलू नुस्खे के तौर पर ट्राई कर सकते हैं, लेकिन इसे कॉकरोच की पूरी समस्या का इलाज ना समझें। घर की सफाई, पानी की समस्या दूर करना, खाना खुला ना छोड़ना और जरूरत पड़ने पर एक्सपर्ट की मदद लेना ज्यादा बेहतर है।

SOURCE : LIVE HINDUSTAN