Home - Gemini AI वाला Googlebook जल्द आ रहा, 21 सितंबर से शुरू होगी...

Gemini AI वाला Googlebook जल्द आ रहा, 21 सितंबर से शुरू होगी प्री-ऑर्डर, जानें Google के इस Laptop की 5 बड़ी बातें

4
0

Source :- LIVE HINDUSTAN

Googlebook की प्री-ऑर्डर डेट सामने आ गई है। Google का नया AI-फोकस्ड लैपटॉप 21 सितंबर से प्री-ऑर्डर के लिए उपलब्ध होगा। इस लैपटॉप में Gemini AI, Magic Pointer, Create My Widget और Android फोन से ऐप्स व फाइल एक्सेस करने जैसे फीचर्स मिलेंगे।

गूगल ने लैपटॉप की दुनिया में अपनी एंट्री की तैयारी तेज कर दी है। कंपनी का नया Googlebook अब जल्द ही यूजर्स के हाथों में पहुंचने वाला है। गूगल ने कन्फर्म कर दिया है कि Googlebook के लिए प्री-ऑर्डर 21 सितंबर 2026 से शुरू होंगे। खास बात यह है कि Googlebook कोई एक लैपटॉप मॉडल नहीं होगा, बल्कि गूगल की बनाई एक नई लैपटॉप कैटेगरी होगी, जिसमें Gemini AI को लैपटॉप के इस्तेमाल का अहम हिस्सा बनाया गया है। शुरुआती Googlebook डिवाइस Acer, ASUS, Dell, HP और Lenovo जैसी कंपनियां लेकर आएंगी।

Googlebook को सामान्य Chromebook का सीधा अगला मॉडल नहीं कहा जा रहा है। गूगल इसे एक नई फ्लैगशिप लैपटॉप कैटेगरी के तौर पर पेश कर रहा है। कंपनी का फोकस सिर्फ तेज हार्डवेयर देने पर नहीं, बल्कि लैपटॉप में AI को इस तरह शामिल करने पर है कि यूजर को अलग से Gemini चैट खोलकर बार-बार चीजें कॉपी-पेस्ट न करनी पड़ें। हालांकि अभी इसकी कीमत, अलग-अलग मॉडल की पूरी स्पेसिफिकेशन और डिलीवरी की तारीख सामने नहीं आई है।

21 सितंबर से शुरू होगी Googlebook की प्री-ऑर्डर

Googlebook को लेकर सबसे बड़ी खबर इसकी प्री-ऑर्डर डेट है। Google के मुताबिक यूजर्स 21 सितंबर से Googlebook को प्री-ऑर्डर कर पाएंगे। कंपनी की वेबसाइट पर भी यही तारीख दी गई है। हालांकि अभी यह साफ नहीं किया गया है कि पहले दिन कौन-कौन से मॉडल प्री-ऑर्डर के लिए उपलब्ध होंगे। Google ने अभी इन लैपटॉप की कीमत भी नहीं बताई है। इसके अलावा प्री-ऑर्डर करने के बाद डिवाइस की डिलीवरी कब शुरू होगी, इसकी जानकारी भी सामने नहीं आई है। ऐसे में 21 सितंबर को प्री-ऑर्डर शुरू होने के साथ कंपनी कीमत और मॉडल से जुड़ी कई अहम जानकारियां सामने ला सकती है।

Acer से Lenovo तक ये कंपनियां बनाएंगी Googlebook

Googlebook की पहली रेंज में कई बड़े लैपटॉप ब्रांड शामिल हैं। Google ने Acer, ASUS, Dell, HP और Lenovo को शुरुआती पार्टनर के तौर पर कन्फर्म किया है। ये कंपनियां अपने-अपने हार्डवेयर के साथ Googlebook प्लेटफॉर्म पर लैपटॉप पेश करेंगी। इसका मतलब यह है कि यूजर्स को Googlebook में अलग-अलग डिजाइन, स्क्रीन, प्रोसेसर और कीमत वाले मॉडल देखने को मिल सकते हैं। यानी यह किसी एक कंपनी के एक मॉडल तक सीमित नहीं रहेगा।

Googlebook की 5 बड़ी खासियतें

1. Googlebook की सबसे खास बात इसका Gemini AI इंटीग्रेशन है। Google का कहना है कि Gemini को लैपटॉप के इस्तेमाल के दौरान ज्यादा सीधे तरीके से इस्तेमाल किया जा सकेगा। इसके लिए कंपनी ने Magic Pointer नाम का फीचर दिया है। Magic Pointer की मदद से यूजर स्क्रीन पर किसी चीज को चुनकर Gemini से उसके बारे में सवाल पूछ सकता है। उदाहरण के लिए किसी फोटो या दूसरी जानकारी को सेलेक्ट करके उसके बारे में जानना, तुलना करना या उससे कुछ नया तैयार करने के लिए Gemini की मदद ली जा सकती है।

2. Googlebook में Create My Widget भी दिया गया है। इसके जरिए यूजर अपनी जरूरत के हिसाब से डेस्कटॉप विजेट तैयार कर सकता है। Google के मुताबिक यूजर सिर्फ यह बता सकता है कि उसे किस तरह का विजेट चाहिए और सिस्टम उसे तैयार करने में मदद करेगा। उदाहरण के तौर पर ट्रैवल प्लान, कैलेंडर या दूसरी जानकारी को एक जगह दिखाने वाला कस्टम विजेट बनाया जा सकता है। यह फीचर उन यूजर्स के लिए काम का हो सकता है जो अपने लैपटॉप के डेस्कटॉप को अपनी जरूरत के हिसाब से सेट करना चाहते हैं।

3. Googlebook की एक और बड़ी खासियत Android फोन के साथ इसका कनेक्शन है। कंपनी ने Cast My Apps फीचर दिया है। इसके जरिए फोन में मौजूद ऐप्स को लैपटॉप पर इस्तेमाल किया जा सकेगा और इसके लिए हर ऐप को लैपटॉप पर अलग से इंस्टॉल करने की जरूरत नहीं होगी। यानी अगर किसी यूजर के फोन में कोई ऐप है और वह उसे लैपटॉप की बड़ी स्क्रीन पर इस्तेमाल करना चाहता है, तो Googlebook इसमें मदद करेगा।

4. इसके अलावा Quick Access फीचर के जरिए फोन में मौजूद फाइलों को भी लैपटॉप से एक्सेस किया जा सकेगा। इससे फोटो, डॉक्यूमेंट या दूसरी फाइलों को बार-बार फोन से लैपटॉप में ट्रांसफर करने की जरूरत कम हो सकती है। इन Android फीचर्स के लिए Google के मुताबिक Android 17 या उसके बाद का वर्जन चलाने वाला फोन जरूरी होगा।

5. Google ने अभी Googlebook के सभी हार्डवेयर स्पेसिफिकेशन की जानकारी नहीं दी है। हालांकि रिपोर्ट्स में कुछ प्रीमियम मॉडल में OLED डिस्प्ले और हाई रिफ्रेश रेट मिलने की बात सामने आई है। कुछ रिपोर्ट्स में Snapdragon X Elite और Intel प्रोसेसर वाले मॉडल की भी चर्चा है। Googlebook का फोकस सिर्फ नया लैपटॉप बनाने पर नहीं है, बल्कि Gemini AI + Android फोन + लैपटॉप को एक साथ जोड़ने पर है।

SOURCE : LIVE HINDUSTAN