Source :- LIVE HINDUSTAN
RailTel Corp share: शेयर बाजार में उतार-चढ़ाव के बीच गुरुवार, 17 सितंबर को नवरत्न कंपनी रेलटेल कॉर्पोरेशन ऑफ इंडिया के शेयरों को खरीदने की होड़ सी मच गई। शेयर में यह तेजी कंपनी को मिले एक बड़े ऑर्डर की वजह से आई। आइए डिटेल में जान लेते हैं।
क्या है ऑर्डर डिटेल?
रेलटेल कॉर्पोरेशन ऑफ इंडिया ने बताया कि उसे ₹63.15 करोड़ का ऑर्डर मिला है। कंपनी के मुताबिक उसे प्रसार भारती (ब्रॉडकास्टिंग कॉर्पोरेशन ऑफ इंडिया) के दूरदर्शन महानिदेशक से लेटर ऑफ इंटेंट (काम करने की मंजूरी का पत्र) मिल गया है। यह ऑर्डर मौजूदा WAVES OTT प्लेटफॉर्म पर फीचर्स/सर्विसेज देने से जुड़ा है और इस कॉन्ट्रैक्ट को 11 फरवरी 2029 तक पूरा करना है। बता दें कि पिछले महीने कंपनी को तीन ऑर्डर मिले थे। 20 अगस्त को कंपनी को वेस्टर्न कोलफील्ड्स से MPLS VPN नेटवर्क बनाने के लिए ₹164 करोड़ का ऑर्डर मिला। इससे पहले, एम्प्लॉई प्रोविडेंट फंड ऑर्गनाइजेशन से ₹166.8 करोड़ का वर्क ऑर्डर मिला था। वहीं, 13 अगस्त को कंपनी को दीनदयाल पोर्ट अथॉरिटी से ₹63 करोड़ का तीसरा ऑर्डर मिला।
कैसे रहे तिमाही नतीजे?
कंपनी ने जुलाई में अपनी पहली तिमाही के नतीजे जारी किए थे। जून तिमाही में रेलटेल कॉर्पोरेशन ऑफ इंडिया का नेट प्रॉफिट ₹66 करोड़ पर स्थिर रहा। पिछले फाइनेंशियल ईयर की पहली तिमाही में ₹743.8 करोड़ के मुकाबले कंपनी का रेवेन्यू 20.1% बढ़कर ₹893.2 करोड़ हो गया। कंपनी की एबिटा पिछले फाइनेंशियल ईयर के ₹116 करोड़ से 13.6% बढ़कर ₹132 करोड़ हो गई। हालांकि, उसका मार्जिन पिछले साल की इसी अवधि के 15.6% से घटकर 14.7% रह गया।
शेयर का परफॉर्मेंस
रेलटेल कॉर्पोरेशन ऑफ इंडिया के शेयर की बात करें तो 252.55 रुपये की पिछली क्लोजिंग के मुकाबले करीब 5 पर्सेंट उछाल के साथ 265.35 रुपये तक पहुंच गया। यह उछाल ऐसे समय में आया जब शेयर बाजार में उतार-चढ़ाव दिखा। बता दें कि मार्च में शेयर 244.95 रुपये के निचले स्तर पर था। वहीं, 413.10 रुपये शेयर के 52 हफ्ते का हाई है। इस साल अब तक शेयर में 30% की गिरावट आई है।
रेलटेल के शेयरहोल्डिंग पैटर्न की बात करें तो 72.84 पर्सेंट हिस्सेदारी प्रमोटर्स के पास है। यह करीब 23,37,85,038 शेयर के बराबर है। वहीं, पब्लिक शेयरहोल्डर्स के पास 27.16 फीसदी हिस्सेदारी या 8,71,53,369 शेयर हैं। इस कंपनी के एकमात्र प्रमोटर प्रेसिडेंट ऑफ इंडिया हैं। पब्लिक शेयरहोल्डर्स में म्यूचुअल फंड्स 18 शामिल हैं। इनके पास 9,22,005 शेयर या 0.29 फीसदी हिस्सेदारी है। इसके अलावा, बीमा कंपनियों के पास 22,12,544 शेयर या 0.69 फीसदी हिस्सेदरी है।
SOURCE : LIVE HINDUSTAN



