Source :- LIVE HINDUSTAN
सीने में दर्द या जलन होते ही कई लोग इसे गैस समझ लेते हैं। लेकिन हर बार वजह गैस नहीं होती। डॉक्टर बता रहे हैं कौन से संकेत दिल की परेशानी की ओर इशारा कर सकते हैं।
सीने में दर्द, जलन या भारीपन महसूस होते ही सबसे पहले अक्सर गैस और एसिडिटी का ख्याल आता है। कई बार इसकी वजह सच में पेट से जुड़ी परेशानी होती है, लेकिन हर बार ऐसा नहीं होता। दिल से जुड़ी परेशानी में भी सीने में जलन, दबाव या अजीब सा भारीपन महसूस हो सकता है। यही वजह है कि सिर्फ लक्षण देखकर इसे गैस मान लेना सही नहीं है। डॉ. सुनील कुमार मंडल, एमबीबीएस, एमडी और डीएम (कार्डियोलॉजी), ने बताया कि सीने में परेशानी के साथ दिखने वाले कुछ संकेतों को बिल्कुल इग्नोर नहीं करना चाहिए।
गैस जैसा क्यों लगता है दिल का दर्द?
दिल और पेट का ऊपरी हिस्सा एक-दूसरे के काफी पास होते हैं। इन जगहों से मिलने वाले दर्द के संकेत भी कई बार एक जैसे महसूस हो सकते हैं। इसलिए दिल में खून का बहाव कम होने पर हमेशा तेज या दबाने वाला दर्द ही हो, ऐसा जरूरी नहीं है। कभी सीने में भारीपन, दबाव, जलन या कसाव जैसा लग सकता है। कुछ लोगों को बस सीने में अजीब सी परेशानी महसूस होती है। इसी वजह से इसे गैस या अपच समझने की गलती हो सकती है।
ये इग्नोर नहीं करना!
अगर सीने में दर्द या भारीपन कुछ मिनट से ज्यादा रहे, बार-बार वापस आए या चलने-फिरने और मेहनत करने के समय शुरू हो, तो इसे हल्के में न लें। खासकर इन संकेतों के साथ सीने की परेशानी हो तो तुरंत ध्यान दें:
- दर्द या भारीपन बांह तक जाए।
- दर्द पीठ के ऊपरी हिस्से, गर्दन या जबड़े तक पहुंचे।
- सांस लेने में परेशानी हो।
- अचानक ठंडा पसीना आए।
- जी मिचलाए या उल्टी हो।
- चक्कर आए या बहुत कमजोरी लगे।
- सीने में परेशानी के साथ बहुत घबराहट महसूस हो।
घर पर कैसे पता करें गैस है या दिल की परेशानी?
डॉक्टर के अनुसार, घर पर ऐसा कोई पक्का तरीका नहीं है, जिससे आप पूरी तरह बता सकें कि दर्द गैस का है या दिल का। गैस या एसिडिटी में अक्सर खाना खाने के बाद या लेटने पर सीने में जलन बढ़ सकती है। मुंह में खट्टा स्वाद आना या खट्टी डकार आना भी हो सकता है। लेकिन इन लक्षणों से यह तय नहीं किया जा सकता कि दिल से जुड़ी कोई परेशानी नहीं है।
एंटासिड से आराम मिला तो क्या गैस ही थी?
यह मान लेना सही नहीं है। कई लोग सोचते हैं कि दवा लेने के बाद दर्द कम हो गया तो समस्या गैस की ही थी। लेकिन दिल से जुड़ी परेशानी में भी दर्द कभी कम और कभी ज्यादा हो सकता है। इसलिए थोड़ी देर आराम मिलने को यह मानकर इग्नोर न करें कि सब ठीक है, खासकर अगर सीने में भारीपन, सांस फूलना, पसीना या दर्द दूसरी जगहों तक जाने जैसे संकेत हों।
किन लोगों को ज्यादा सावधान रहना चाहिए?
डायबिटीज, हाई ब्लड प्रेशर, मोटापा, धूम्रपान की आदत या पहले से दिल की बीमारी वाले लोगों को सीने की परेशानी को लेकर ज्यादा सावधान रहना चाहिए। परिवार में कम उम्र में दिल की बीमारी का इतिहास होने पर भी इसे हल्के में नहीं लेना चाहिए। कम उम्र होने का मतलब यह नहीं है कि सीने की परेशानी दिल से जुड़ी नहीं हो सकती।
कब तुरंत अस्पताल जाना चाहिए?
अगर सीने में अचानक तेज दर्द या भारीपन हो, दर्द लगातार बना रहे या बार-बार लौटे, मेहनत करते समय शुरू हो या साथ में सांस फूलना, ठंडा पसीना, चक्कर और शरीर के दूसरे हिस्सों में दर्द हो, तो घर पर इंतजार न करें। ऐसी में तुरंत डॉक्टर से सलाह लेना जरूरी है।
SOURCE : LIVE HINDUSTAN




