Home LIFESTYLE NEWS HINDI रेस्टोरेंट वाला तड़का लगाने के बाद भी दाल में नहीं आता टेस्ट,...

रेस्टोरेंट वाला तड़का लगाने के बाद भी दाल में नहीं आता टेस्ट, ये सीक्रेट टिप्स जान लें!

4
0

Source :- LIVE HINDUSTAN

घर में दाल तड़का बनाती हैं लेकिन सारी सामग्री डालने के बाद भी वो रेस्टोरेंट वाली महक और स्वाद दाल से नहीं आती तो इस सीक्रेट टिप्स को जरूर नोट कर लें,  तभी मिलेगा बिल्कुल बाहर वाली दाल तड़के का टेस्ट।

रेस्टोरेंट वाली दाल तड़का खाते हैं तो उसका टेस्ट लाजवाब लगता है, लेकिन घर आने के बाद जब भी वैसी दाल तड़का बनाने की कोशिश करते हैं तो वो वाला परफेक्ट टेस्ट नहीं आता और ना ही बाहर वाली खूशबू मिलती है। ऐसे में समझ नहीं आता कि कहां गड़बड़ हो रही है। हींग, जीरा और बाकी चीजें डालने के बाद भी अगर दाल तड़का में रेस्टोरेंट वाला टेस्ट नहीं आ रहा तो ये सीक्रेट जरूर नोट कर लें। जो आपके दाल तड़का के टेस्ट को बिल्कुल रेस्टोरेंट जैसा बनाने में मदद करेगा।

अरहर दाल पकाते समय ये चीजें डालें

पीली वाली दाल यानी अरहर की दाल पकाते वक्त उसमे केवल हल्दी, नमक डालने की गलती ना करें। केवल हल्दी नमक से पूरा टेस्ट नहीं आता इसलिए जब भी दाल पकाने के लिए प्रेशर कुकर में रखें तो साथ में थोड़ा सा धनिया पाउडर डालें। साथ ही दो से तीन लहसुन और हरी मिर्च को कूटकर मिलाएं और साथ में कटे हुए टमाटरों को डालें। जब आप इन तीन चीजों को हल्दी और नमक के साथ दाल पकाते वक्त डालेंगी तो इनका फ्लेवर पूरी दाल में आएगा और फ्लेवर बढ़ेगा।

दाल पकाने की टाइमिंग

अरहर की दाल काफी जल्दी पक जाती है। अगर आपने दाल को आधे घंटे के लिए भिगोकर रखा है तो प्रेशर कुकर में मात्र एक से दो सीटी ही लगाएं। इससे ज्यादा सीटी लगाने की वजह से दाल ओवर कुक हो जाती है और आपकी दाल का फ्लेवर खत्म होने लगता है। दाल की कुकिंग इतनी हो कि कुछ दाल के दाने खड़े ही नजर आएं और सारे ओवरकुक होकर बिल्कुल मैश ना हों।

दाल में तड़का लगाने की सामग्री

दाल में रेस्टोरेंट जैसा तड़का चाहती हैं तो हमेशा बटर या घी का इस्तेमाल करें। इससे दाल तड़का का फ्लेवर बढ़ता है। सबसे पहले किसी छोटे पैन या बर्तन को लेकर उसमे बटर या घी डालें। फिर उसमे हींग पाउडर डालें और फिर जीरा चटकाएं। जीरा चटकाने के साथ ही कटे हुए लहसुन डालें और हल्का लहसुन गोल्डन ब्राउन होने लगे तब लाल सूखी मिर्च डालें। लाल सूखी मिर्च का टेस्ट और फ्लेवर बिल्कुल अलग होता है और ये दाल को ढाबा-रेस्टोरेंट जैसी महक देता है। सबसे खास बात कि आप इसे ऊपर से तड़का लगाने में इस्तेमाल करेंगे तो इसका तीखापन पूरी दाल में मिक्स ना होकर केवल अरोमा देने का काम करेगा। स्वाद को बढ़ाना है तो दाल में करी पत्ता भी यूज करें। या फ्रेश कटी हरी धनिया को तड़के वाले बटर में आखिर में डालें। ऐसा करने से फ्लेवर पूरी तरह से दाल में आएगा।

दाल तड़के का सीक्रेट है ये

रेस्टोरेंट या ढाबे की दाल के तड़के का स्वाद इसलिए ज्यादा आता है क्योंकि ये तड़का फौरन लगा होता है और बिल्कुल फ्रेश उठते धुएं के साथ आपके पास आता है। घर पर आपको वैसा ही रेस्टोरेंट वाला टेस्ट चाहिए तो सारे जब डाइनिंग टेबल पर बैठ गए हों और आप खाना सर्व करने वाली हो तो फौरन दाल में तड़का लगाएं। इस तड़के की महक पूरी तरह से बनी रहेगी और आप जब इसे कटोरियों में सर्व करेंगी तो वहीं महक और स्वाद मिलेगा जो रेस्टोरेंट वाली दाल में होता है। तो अगली बार जब घर में दाल तड़का बना रही हों और रेस्टोरेंट वाला टेस्ट चाहिए तो इस सीक्रेट टिप्स को जरूर फॉलो करें।

SOURCE : LIVE HINDUSTAN