Home rss business hindi NPS पेंशन के साथ अब हेल्थ इंश्योरेंस का भी ऑप्शन, 1 अक्टूबर...

NPS पेंशन के साथ अब हेल्थ इंश्योरेंस का भी ऑप्शन, 1 अक्टूबर से मिलेगी खुशखबरी

5
0

Source :- LIVE HINDUSTAN

नेशनल पेंशन सिस्टम (NPS) में निवेश करते हैं या फिर ऐसी कोई योजना बना रहे हैं तो ये खबर आपके लिए है। दरअसल, NPS की नई स्कीम ‘NPS स्वास्थ्य’ लॉन्च होने वाली है। इस योजना में रिटायरमेंट के लिए पैसा जमा करने के साथ हेल्थ इंश्योरेंस की सुविधा भी मिलेगी। बताया जा रहा है कि वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण एक अक्टूबर को स्कीम को लॉन्च कर सकती हैं। आइए योजना के बारे में डिटेल में जान लेते हैं।

NPS स्वास्थ्य योजना के बारे में?

मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक NPS स्वास्थ्य योजना में दो प्रमुख हिस्से होंगे। पहला, एक अलग निवेश खाता होगा, जिसमें ग्राहक का योगदान निवेश किया जाएगा। दूसरा, इसके साथ एक अनिवार्य सुपर टॉप-अप हेल्थ इंश्योरेंस पॉलिसी होगी। यह इंश्योरेंस, लागू सालाना डिडक्टिबल की सीमा पार होने के बाद योग्य मेडिकल खर्चों को कवर करेगा। इसके अलावा, सब्सक्राइबर स्कीम के विड्रॉल नियमों के तहत योग्य हेल्थकेयर खर्चों के लिए अपने NPS स्वास्थ्य कॉर्पस का इस्तेमाल भी कर सकते हैं।

NPS स्वास्थ्य को कौन चुन सकता है?

कोई भी व्यक्ति जो NPS में शामिल होने के योग्य है वह स्कीम की शर्तों के अधीन NPS स्वास्थ्य में एनरोल कर सकता है। स्टैंडर्ड हेल्थ इंश्योरेंस में सब्सक्राइबर, जीवनसाथी और दो तक आश्रित बच्चों को एक फैमिली फ्लोटर के तहत कवर किया जाता है। हालांकि, माता-पिता इसमें कवर नहीं होते हैं। इंश्योरेंस के लिए एंट्री की उम्र 18 से 70 साल है। पॉलिसी की शर्तों और लागू नियमों के अधीन, 85 साल की उम्र तक रिन्यूअल जारी रखा जा सकता है।

शुरुआत में आपको कितना कॉन्ट्रिब्यूट करना होगा?

NPS स्वास्थ्य योजना में शुरुआती योगदान तीन हिस्सों में होगा। इसमें पहले साल का हेल्थ इंश्योरेंस प्रीमियम और उस पर लागू टैक्स, 200 रुपये का सालाना मेंटेनेंस चार्ज और कम से कम 1,000 रुपये NPS स्वास्थ्य निवेश खाते में जमा करना होगा। इसके बाद न्यूनतम योगदान सिर्फ 10 रुपये होगा। हालांकि, हेल्थ इंश्योरेंस का प्रीमियम पहले से कोई निश्चित रकम नहीं होगी। यह बीमाकर्ता की ओर से उम्र और लागू नियमों के आधार पर तय किया जाएगा।

आपको कौन सा हेल्थ इंश्योरेंस कवर मिलेगा?

स्टैंडर्ड सुपर टॉपअप पॉलिसी चार डिडक्टिबल और सम-इंश्योर्ड कॉम्बिनेशन के साथ फैमिली-फ्लोटर कवरेज देगी:

₹10,000 डिडक्टिबल – ₹1 लाख कवर

₹50,000 डिडक्टिबल – ₹5 लाख कवर

₹1 लाख डिडक्टिबल – ₹10 लाख कवर

₹3 लाख डिडक्टिबल – ₹30 लाख कवर

आसान भाषा में समझें तो डिडक्टिबल वह शुरुआती रकम है, जिसे पॉलिसी के भुगतान शुरू होने से पहले पात्र मेडिकल खर्च के तौर पर ग्राहक को वहन करना होगा।

मेडिकल खर्चों के लिए NPS स्वास्थ्य से पैसे निकाल सकते हैं?

हां, सब्सक्राइबर योग्य हेल्थकेयर खर्चों (जिसमें योग्य आउटपेशेंट और इनपेशेंट खर्च शामिल हैं) के लिए आंशिक निकासी (पार्शियल विड्रॉल) कर सकता है। हालांकि, निकासी की सीमा NPS स्वास्थ्य खाते में सब्सक्राइबर द्वारा किए गए योगदान का 25% है। ऐसी निकासी की संख्या पर कोई सीमा नहीं है और पहली या बाद की निकासी के लिए कोई न्यूनतम वेटिंग पीरियड नहीं है। पैसा सीधे सब्सक्राइबर को नहीं दिया जाएगा। इसका भुगतान अस्पताल, हेल्थकेयर प्रोवाइडर या अन्य योग्य संस्था के साथ किया जाएगा।

SOURCE : LIVE HINDUSTAN