Home LIFESTYLE NEWS HINDI रोज वाली आलू की सब्जी छोड़िए! बनाएं चटपटा आलू कोरमा, Recipe

रोज वाली आलू की सब्जी छोड़िए! बनाएं चटपटा आलू कोरमा, Recipe

4
0

Source :- LIVE HINDUSTAN

आलू की सब्जी तो आपने कई तरह से खाई होगी, लेकिन अगर इस बार कुछ अलग और चटपटा बनाना है, तो आलू कोरमा की ये आसान रेसिपी जरूर ट्राई करें। इसका स्वाद हर किसी को पसंद आएगा।

आलू-टमाटर, आलू-मटर घरों में अक्सर बनते हैं, लेकिन हर बार एक ही तरह की सब्जी खाने का मन नहीं करता। अगर आप भी आलू से कुछ ऐसा बनाना चाहते हैं, जो स्वाद में थोड़ा चटपटा हो और देखने में भी खास लगे, तो आलू कोरमा बना सकते हैं। इस सब्जी की खासियत इसकी मसालेदार और मलाईदार ग्रेवी है, जो आलू के साथ मिलकर स्वाद को और बढ़ा देती है। इसे बनाने के लिए बहुत ज्यादा सामान की जरूरत भी नहीं पड़ती। घर में रखे कुछ मसालों और थोड़ी सी मेहनत से आप एक स्वादिष्ट सब्जी तैयार कर सकते हैं। तो चलिए जानते हैं चटपटे आलू कोरमा की आसान रेसिपी।

चटपटे आलू कोरमा के लिए सामग्री

5-6 मध्यम आकार के आलू

1 प्याज

5-6 लहसुन की कलियां

1 कप दही

7-8 काजू

1 इंच अदरक

थोड़े से धनिये के डंठल

1 बड़ा चम्मच लाल मिर्च पाउडर

1 बड़ा चम्मच धनिया पाउडर

1 बड़ा चम्मच जीरा पाउडर

1 बड़ा चम्मच सौंफ

1 छोटा चम्मच चाट मसाला

1 बड़ा चम्मच कसूरी मेथी

आधा छोटा चम्मच हल्दी

स्वादानुसार नमक

तेल जरूरत के अनुसार

सजाने के लिए हरा धनिया, हरी मिर्च और थोड़ा अदरक

  • स्टेप 1: प्याज और लहसुन

सबसे पहले प्याज को पतला-पतला काट लें। लहसुन की कलियां भी छीलकर रख लें। एक कड़ाही में थोड़ा तेल गर्म करें और इसमें प्याज और लहसुन डालकर अच्छी तरह भूनें। इन्हें तब तक पकाएं, जब तक प्याज और लहसुन सुनहरे भूरे और कुरकुरे न हो जाएं। भूनते समय गैस बहुत तेज न रखें, वरना प्याज और लहसुन जल्दी जल सकते हैं। अच्छी तरह भुनने के बाद इन्हें थोड़ा ठंडा होने दें।

  • स्टेप 2: चटपटी ग्रेवी

अब भुने हुए प्याज और लहसुन को मिक्सर में डालें। इसमें एक कप दही, काजू, अदरक और धनिये के डंठल डाल दें। इसके बाद लाल मिर्च पाउडर, धनिया पाउडर, जीरा पाउडर, सौंफ, चाट मसाला, कसूरी मेथी, हल्दी और थोड़ा नमक डालें। सभी चीजों को अच्छी तरह पीसकर एकदम चिकना पेस्ट बना लें। अगर पेस्ट बहुत गाढ़ा लगे, तो जरूरत के हिसाब से थोड़ा पानी डाल सकते हैं।

  • स्टेप 3: आलू को ऐसे करें तैयार

अब आलू को हल्का उबाल लें। ध्यान रखें कि आलू पूरी तरह गलने न पाएं। इन्हें छीलकर बड़े टुकड़ों में काट लें (साबुत भी रख सकते हैं)। एक कटोरे में आलू डालें। इसमें थोड़ा नमक, लाल मिर्च, हल्दी और कसूरी मेथी डालकर हल्के हाथ से मिलाएं, ताकि मसाले आलू पर अच्छी तरह लग जाएं। अब कड़ाही में थोड़ा तेल गर्म करें और मसाले लगे आलू को मध्यम आंच पर हल्का सुनहरा होने तक भून लें। आलू को बहुत ज्यादा कुरकुरा करने की जरूरत नहीं है।

  • स्टेप 4: अब बनाएं आलू कोरमा

जब आलू हल्के भुन जाएं, तो इन्हें एक तरफ कर दें। अब उसी कड़ाही में तैयार की हुई ग्रेवी डालें। ग्रेवी को मध्यम आंच पर अच्छी तरह पकाएं। इसे बीच-बीच में चलाते रहें, ताकि नीचे चिपके नहीं। जब ग्रेवी अच्छी तरह पक जाए और उसके ऊपर तेल दिखाई देने लगे, तब समझें कि मसाला तैयार है। अब इसमें भुने हुए आलू डालकर अच्छी तरह मिला दें। जरूरत के हिसाब से थोड़ा पानी डालें और कुछ मिनट धीमी आंच पर पकने दें। इससे मसाला आलू के अंदर तक अच्छी तरह चला जाएगा।

फाइनल टच

आलू कोरमा तैयार होने के बाद ऊपर से बारीक कटा हुआ हरा धनिया डालें। साथ में बारीक कटी हरी मिर्च और थोड़ा सा बारीक कटा अदरक भी डाल सकते हैं। गरमागरम चटपटे आलू कोरमा को रोटी, पराठे, पूरी या चावल के साथ परोसें। मसालेदार और गाढ़ी ग्रेवी के साथ आलू का स्वाद इस सब्जी को बाकी आम आलू की सब्जियों से थोड़ा अलग बना देता है।

स्वाद बढ़ाने के लिए छोटी सी बात

इस सब्जी की ग्रेवी का स्वाद अच्छा रखने के लिए प्याज और लहसुन को अच्छी तरह भूनना जरूरी है। साथ ही ग्रेवी को जल्दबाजी में न पकाएं। मसाला अच्छी तरह पकने के बाद ही इसमें आलू डालें। इससे सब्जी का स्वाद और खुशबू दोनों अच्छे आते हैं।

SOURCE : LIVE HINDUSTAN