Source :- LIVE HINDUSTAN
मुख्य बातें
- बुधवार को प्राइम फोकस लिमिटेड के शेयरों में बड़ी गिरावट दर्ज की गई
- बता दें कि प्राइम के मुंबई ऑफिस के अलावा कंपनी के कुछ लोगों के ठिकानों पर भी इनकम टैक्स की तलाशी ली जा रही है
Prime focus share price: बाजार में बिकवाली के बीच बुधवार को प्राइम फोकस लिमिटेड के शेयरों में भी बड़ी गिरावट दर्ज की गई। सप्ताह के तीसरे दिन यह शेयर 8% तक टूट गया। यह गिरावट ऐसे समय में आई जब इनकम टैक्स डिपार्टमेंट ने कंपनी के मुंबई ऑफिस में तलाशी अभियान शुरू किया है। आइए डिटेल में शेयर परफॉर्मेंस और ईडी की कार्रवाई के बारे में जान लेते हैं।
CNBC-TV18 सूत्रों के मुताबिक प्राइम के मुंबई ऑफिस के अलावा कंपनी के कुछ लोगों के ठिकानों पर भी इनकम टैक्स की तलाशी ली जा रही है। सूत्रों ने बताया कि यह तलाशी विदेशी रेमिटेंस (विदेश से आने वाले पैसे) के मामले में की जा रही है। जिन ट्रांजैक्शन की जांच हो रही है, उनके बारे में अभी ज्यादा जानकारी नहीं है।
कंपनी की मुश्किलें
बता दें कि इस साल प्राइम फोकस को रेगुलेटरी और दिवालियापन से जुड़े मामलों का सामना करना पड़ा है। जून में सेबी ने कंपनी और उसके डायरेक्टर्स के खिलाफ चल रही जांच की कार्यवाही को बंद कर दिया। SEBI ने पाया कि जिन अकाउंटिंग तरीकों और फाइनेंशियल खुलासों की जांच हो रही थी, उनसे न तो फाइनेंशियल स्टेटमेंट गुमराह करने वाले साबित हुए और न ही कोई अकाउंटिंग गड़बड़ी पाई गई। इसके अलावा, प्राइम फोकस दिवालियापन की कार्यवाही में भी शामिल रही।
यह कार्यवाही तब शुरू हुई जब नेशनल कंपनी लॉ ट्रिब्यूनल (NCLT) ने रिलायंस अल्फा सर्विसेज प्राइवेट लिमिटेड की ओर से ₹353.79 करोड़ के दावे को लेकर कंपनी के खिलाफ दिवालियापन की याचिका को मंजूरी दी। कंपनी ने इस आदेश को नेशनल कंपनी लॉ अपीलेट ट्रिब्यूनल (NCLAT) में चुनौती दी। जुलाई में, NCLAT ने NCLT के मंजूरी वाले आदेश को रद्द कर दिया और एक समझौते को मंजूरी दी। इसके बाद प्राइम फोकस ने कॉर्पोरेट इनसॉल्वेंसी रिजॉल्यूशन प्रोसेस (CIRP) के बंद होने की जानकारी दी।
प्राइम फोकस के शेयर की बात करें तो बुधवार को 8% से ज्यादा टूट चुका है। शेयर की पिछली क्लोजिंग 293.20 रुपये थी। यह बुधवार को 294.70 रुपये से 265.30 रुपये के बीच था। इस साल अब तक शेयर में 17% की बढ़ोतरी हुई है।
कंपनी के बारे में
बता दें कि प्राइम फोकस मुंबई की एक मीडिया और एंटरटेनमेंट सर्विस कंपनी है। इस कंपनी का बिजनेस विजुअल इफेक्ट्स, एनिमेशन और पोस्ट-प्रोडक्शन जैसे क्षेत्रों में फैला हुआ है। कंपनी का बिजनेस विदेशों में भी बड़े पैमाने पर फैला है। मौजूद फाइनेंशियल जानकारी के अनुसार, कंपनी की 92% कमाई भारत के बाहर के मार्केट से हुई है।
SOURCE : LIVE HINDUSTAN




