Home rss entertainment hindi मनोरंजन समाचार सेलेब्स जिनका ज्योतिष में है अटूट यकीन, फिल्मों से लेकर यात्रा तक...

सेलेब्स जिनका ज्योतिष में है अटूट यकीन, फिल्मों से लेकर यात्रा तक में देखते हैं मुहूर्त

3
0

Source :- LIVE HINDUSTAN

https://www.livehindustan.com/lh-img/smart/img/2026/10/12/1200x900/SKR_1791801607731_g0au_1791801611303_JBKA_6373fda6-35a9-4d8e-9ae0-52015080faf7_LNGS.jpg

शाहरुख खान से लेकर अमिताभ बच्चन तक बॉलीवुड के उन सितारों के बारे में जानिए जिनका ज्योतिष और अंकशास्त्र में है अटूट विश्वास।

फिल्ममेकिंग जहां दर्शकों के लिए मनोरंजन का जरिया है, वहीं दूसरी तरफ एक्टर्स और फिल्ममेकर्स के लिए करोड़ों का जुआ भी है। सिनेमा जगत में हर शुक्रवार को बॉक्स ऑफिस पर तमाम लोगों की किस्मत का फैसला होता है। एक्टर्स हों या फिल्ममेकर्स अपनी फिल्मों के हिट होने की संभावना ज्यादा से ज्यादा बढ़ाने के लिए हर तरीका आजमाते हैं। आंकड़ेबाजी और रिसर्च एंड एनालिसिस के अलावा ज्योतिष से जुड़ी हर संभावना पर भी गौर किया जाता है। इंडस्ट्री में कई एक्टर्स और फिल्ममेकर्स हैं जिनका ज्योतिष पर अटूट भरोसा है। आज ऐसे ही कुछ सेलेब्रिटीज के बारे में जानते हैं।

एकता कपूर

लिस्ट में पहला ही नाम एकता कपूर का है। एकता कपूर ज्योतिष और अंकशास्त्र को मानने वालों की लिस्ट में सबसे ऊपर हैं। वह अपने हर सीरियल और फिल्म का नाम ‘K’ अक्षर से शुरू करने के लिए जानी जाती थीं। ‘क्यूंकि सास भी कभी बहू थी’ और ‘कहानी घर घर की’ के अलावा उन्होंने अपने महाभारत सीरियल का नाम भी ‘कहानी महाभारत की’ कर दिया था। इसके अलावा वह अपने प्रोजेक्ट्स की लॉन्चिंग और रिलीज डेट भी ज्योतिषीय गणना के अनुसार तय करती हैं। एकता कपूर के हाथों में ढेरों अंगूठियां इस बात का सबूत हैं कि वह इसमें कितना यकीन करती हैं।

करण जौहर

फिल्ममेकर करण जौहर भी लंबे वक्त तक न्यूमरोलॉजी से प्रभावित रहे हैं। ज्योतिषीय सलाह के चलते ही उन्होंने अपनी हर फिल्म का नाम ‘K’ से शुरू करना तय किया था। ‘कुछ कुछ होता है’, ‘कभी खुशी कभी गम’ और ‘कल हो ना हो’ ऐसे ही कुछ उदाहरणों में से हैं। हालांकि बाद में करण जौहर ने पैटर्न बदला और अब वह शुभ तिथियों और मुहूर्तों पर पूरा भरोसा करते हैं।

राकेश रोशन

लंबे वक्त तक राकेश रोशन ने भी K अक्षर से शुरू होने वाली फिल्मों पर पैसा लगाया है। कहो ना प्यार है, कोई मिल गया, क्रिश, और काबिल जैसी राकेश रोशन की कई फिल्में हैं जिनके नाम क अक्षर से शुरू होते हैं, दिलचस्प बात यह थी कि ये सारी हिट भी रहीं। लेकिन अगर आप यह सोच रहे हैं कि लिस्ट में सिर्फ फिल्ममेकर्स हैं तो आप गलत हैं। इस लिस्ट में कई बॉलीवुड एक्टर्स भी शामिल हैं।

अमिताभ बच्चन

महानायक अमिताभ बच्चन का ज्योतिष और रत्नों पर अटूट विश्वास है। जब उनका बुरा दौर चल रहा था तब ज्योतिषीय सलाह पर उन्होंने नीलम और पन्ना पहनना शुरू किया था। अमिताभ बच्चन भी अपनी फिल्मों की रिलीज और विदेश यात्राओं के लिए आज भी शुभ मुहूर्त का ध्यान रखते हैं।

शाहरुख खान

अमिताभ बच्चन की तरह शाहरुख खान भी अंकशास्त्र में यकीन रखते हैं। शाहरुख खान का लकी नंबर 555 है और यह आपको उनकी जिंदगी में हर जगह दिख जाएगा। गाड़ी की नंबर प्लेट से लेकर अपने पर्सनल स्टाफ के फोन नंबर्स तक में शाहरुख यह पक्का करते हैं कि 555 जरूर आए। इसके अलावा शाहरुख खान भी अपनी फिल्मों की रिलीज में शुभ तारीख देखते हैं।

सलमान खान

सलमान खान पिछले कई सालों से अपने हाथ में फिरोजा पहनते हैं। उनका हेवी ब्रेसलेट उनकी पहचान बन चुका है। सलमान खान को यह ब्रेसलेट उनके पिता ने गिफ्ट किया था और वह इसे अपना लकी चार्म मानते हैं। सलमान खान का मानना है कि उनका यह ब्रेसलेट उन्हें बुरी नजर से बचाता है।

अजय देवगन

अजय देवगन ने ज्योतिष और अंकशास्त्र के चलते ही अपने सरनेम की स्पेलिंग बदली थी। उन्होंने अपने नाम से ‘a’ हटाकर Devgan से Devgn कर लिया था। इसके अलावा वह अपनी उंगली में पीला पुखराज पहनते हैं और फिल्मों की रिलीज डेट को लेकर ज्योतिष और अंकशास्त्रियों से सलाह लेते हैं।

SOURCE : LIVE HINDUSTAN