Home rss business hindi होम लोन पर मिलेगी ₹1.80 लाख की ब्याज सब्सिडी, जानिए अप्लाई करने...

होम लोन पर मिलेगी ₹1.80 लाख की ब्याज सब्सिडी, जानिए अप्लाई करने का पूरा तरीका!

3
0

Source :- LIVE HINDUSTAN

मुख्य बातें

  • PM Awas Yojana 2.0: अपना घर खरीदने के लिए होम लोन लेने की तैयारी कर रहे हैं तो आपके लिए अच्छी खबर है
  • केंद्र सरकार की प्रधानमंत्री आवास योजना शहरी 2.0 के तहत पात्र परिवारों को होम लोन के ब्याज पर 1.80 लाख रुपये तक की सब्सिडी मिल सकती है

PM Awas Yojana 2.0: अपना घर खरीदने के लिए होम लोन लेने की तैयारी कर रहे हैं तो आपके लिए अच्छी खबर है। केंद्र सरकार की प्रधानमंत्री आवास योजना शहरी 2.0 के तहत पात्र परिवारों को होम लोन के ब्याज पर 1.80 लाख रुपये तक की सब्सिडी मिल सकती है। इससे घर खरीदने का खर्च कम करने में मदद मिल सकती है। खास बात यह है कि सब्सिडी की रकम सीधे आपके बैंक खाते में नहीं, बल्कि होम लोन अकाउंट में जमा की जाती है। आइए जानते हैं कि इस योजना का फायदा किन लोगों को मिलेगा और आवेदन कैसे करना होगा।

होम लोन पर कैसे मिलेगी राहत?

प्रधानमंत्री आवास योजना शहरी 2.0 के तहत ब्याज सब्सिडी योजना (ISS) शुरू की गई है। इसका मकसद ऐसे परिवारों की मदद करना है, जो अपना पहला पक्का घर खरीदना चाहते हैं। इस योजना में सालाना तीन लाख, छह लाख और नौ लाख रुपये तक की आय वाले पात्र परिवार शामिल हो सकते हैं।

योजना के तहत अधिकतम 35 लाख रुपये कीमत वाले घर के लिए 25 लाख रुपये तक का होम लोन सब्सिडी के दायरे में आ सकता है। पहले आठ लाख रुपये के लोन पर चार प्रतिशत ब्याज सब्सिडी का प्रावधान है। पात्र लाभार्थियों को पांच साल में पांच किस्तों के जरिए अधिकतम 1.80 लाख रुपये तक की सब्सिडी मिल सकती है।

पीएम आवास योजना में हैं 4 कैटेगरी

प्रधानमंत्री आवास योजना शहरी 2.0 के तहत चार तरह से मदद दी जाती है। पहली कैटेगरी लाभार्थी आधारित निर्माण (BLC) है, जिसमें पात्र परिवार अपनी जमीन पर घर बना सकते हैं। दूसरी कैटेगरी भागीदारी में किफायती आवास (AHP) है, जिसके तहत किफायती घर उपलब्ध कराए जाते हैं। तीसरी कैटेगरी किफायती किराया आवास (ARH) है। चौथी कैटेगरी ब्याज सब्सिडी योजना (ISS) है, जो पात्र होम लोन लेने वालों के लिए है।

ऐसे करें ऑनलाइन अप्लाई

स्टेप 1: सबसे पहले प्रधानमंत्री आवास योजना शहरी 2.0 के आधिकारिक पोर्टल पर जाएं और अप्लाई फॉर PMAY-U 2.0 विकल्प चुनें।

स्टेप 2: जरूरी निर्देश पढ़ने के बाद अपना राज्य, सालाना आय और ब्याज सब्सिडी योजना का विकल्प चुनें। पात्रता से जुड़े सवालों के जवाब देकर अपनी योग्यता जांचें।

स्टेप 3: आधार नंबर और नाम दर्ज करके ओटीपी के जरिए आधार प्रमाणीकरण पूरा करें।

स्टेप 4: आवेदन फॉर्म में अपनी निजी जानकारी, परिवार का विवरण, घर का पता और होम लोन से जुड़ी जानकारी भरें। जरूरी दस्तावेज अपलोड करके फॉर्म सबमिट कर दें।

किन डॉक्यूमेंट्स की पड़ेगी जरूरत?

आवेदन के लिए आधार कार्ड, परिवार के सदस्यों का आधार, आय प्रमाण पत्र, आधार से जुड़े बैंक खाते की जानकारी और होम लोन से संबंधित दस्तावेज तैयार रखें। आवेदन करने से पहले आधिकारिक पोर्टल पर पात्रता की शर्तें जरूर जांच लें।

SOURCE : LIVE HINDUSTAN