Home LIFESTYLE NEWS HINDI दशहरा पर चाहिए सुकून और खूबसूरत नजारे? दिल्ली के करीब हैं ये...

दशहरा पर चाहिए सुकून और खूबसूरत नजारे? दिल्ली के करीब हैं ये 4 शानदार जगहें

4
0

Source :- LIVE HINDUSTAN

दशहरा की छुट्टियों में दिल्ली की भागदौड़ से दूर घूमने का प्लान बना रहे हैं, तो कुछ बेहतरीन जगहें यहां हैं। इन जगहों पर आपको पहाड़ों की खूबसूरती, ऐतिहासिक किले, गंगा किनारे सुकून और शानदार स्मारक देखने का मिलेंगे। ये जगहें वीकेंड ट्रिप के लिए भी परफेक्ट हैं।

दशहरा की छुट्टी में अगर आप दिल्ली की भागदौड़ से दूर कुछ सुकून भरे पल बिताना चाहते हैं, तो आसपास की खूबसूरत जगहों पर घूमने का प्लान बना सकते हैं। दिल्ली के करीब ऐसी कई जगहें हैं, जहां आपको पहाड़ों की हरियाली, ऐतिहासिक किले, गंगा के घाट और प्राकृतिक नजारों का एक्सपीरियंस मिलेगा। खास बात यह है कि इनमें से कुछ जगहों पर एक दिन की ट्रिप प्लान की जा सकती है, जबकि कुछ जगहों को अच्छी तरह एक्सप्लोर करने के लिए दो दिन रखना भी बेहतर रहेगा। आइए जानते हैं दिल्ली के करीब मौजूद ऐसी 4 जगहों के बारे में, जहां दशहरा की छुट्टी में घूमने जा सकते हैं।

1. लैंसडाउन, उत्तराखंड

अगर आप दशहरा की छुट्टी में पहाड़ों के बीच सुकून के कुछ पल बिताना चाहते हैं, तो उत्तराखंड का लैंसडाउन सबसे बढ़िया ऑप्शन हो सकता है। यह खूबसूरत हिल स्टेशन अपनी हरियाली, चीड़ और देवदार के पेड़ों, शांत वातावरण और पहाड़ी नजारों के लिए जाना जाता है। यहां की प्राकृतिक खूबसूरती उन लोगों को खास तौर पर पसंद आ सकती है, जो शहर के शोर-शराबे से दूर कुछ समय प्रकृति के बीच बिताना चाहते हैं। काम के स्ट्रेस से दूर होना चाहते हैं, तो मन को सुकून यहां मिलेगा।

लैंसडाउन में कहां-कहां घूम सकते हैं?

गढ़वाल राइफल्स वॉर मेमोरियल, टिप-इन-टॉप, भुल्ला ताल, सेंट मैरी चर्च जैसी जगहों को एक्सप्लोर जरूर करें। इन जगहों पर आपको मजा आएगा और कई सुंदर चीजें देखने को मिलेंगी।

2. नीमराना, राजस्थान

अगर दशहरा की छुट्टी में आपके पास केवल एक दिन है और आप दिल्ली से ज्यादा दूर नहीं जाना चाहते, तो राजस्थान का नीमराना सबसे सही ऑप्शन हो सकता है। दिल्ली-जयपुर हाईवे के पास स्थित यह जगह ऐतिहासिक नीमराना फोर्ट पैलेस के लिए मशहूर है। अरावली की पहाड़ियों के बीच स्थित इस हेरिटेज डेस्टिनेशन में पुरानी वास्तुकला, किले की भव्यता और आसपास के नजारों को देख सकते हैं।

नीमराना में कहां-कहां घूम सकते हैं?

राजस्थान के नीमराना में सबसे खास आकर्षण नीमराना फोर्ट पैलेस है, जो अपनी ऐतिहासिक वास्तुकला, पुराने गलियारों, खूबसूरत आंगनों और अरावली की पहाड़ियों के नजारों के लिए जाना जाता है।

3. ऋषिकेश, उत्तराखंड

अगर आप पहाड़ों के साथ गंगा के किनारे समय बिताना चाहते हैं, तो उत्तराखंड का ऋषिकेश दशहरा की छुट्टी के लिए सही रहेगा। हिमालय की तलहटी में बसा यह शहर गंगा नदी, मंदिरों, घाटों, योग और मेडिटेशन के लिए जाना जाता है। यहां आप धार्मिक स्थलों पर जाने के साथ प्राकृतिक नजारों, स्थानीय बाजारों और कैफे का भी मजा ले सकते हैं।

ऋषिकेश में कहां-कहां घूम सकते हैं?

यहां आप राम झूला, लक्ष्मण झूला क्षेत्र, त्रिवेणी घाट और परमार्थ निकेतन घूम सकते हैं। गंगा किनारे बैठकर सुकून के पल बिताने के साथ शाम की गंगा आरती का अनुभव भी ले सकते हैं।

4. आगरा, उत्तर प्रदेश

अगर आपको ऐतिहासिक इमारतें, इतिहास और फोटोग्राफी पसंद है, तो दशहरा की छुट्टी बिताने के लिए आगरा घूम आइये। उत्तर प्रदेश का यह शहर ताजमहल और आगरा किले जैसे विश्व प्रसिद्ध पर्यटन स्थलों के लिए जाना जाता है। यहां आप मुगलकालीन इतिहास को करीब से समझने के साथ स्थानीय बाजारों और खानपान का मजा ले सकते हैं।

आगरा में कहां-कहां घूम सकते हैं?

आगरा अपने ऐतिहासिक स्मारकों और खूबसूरत वास्तुकला के लिए मशहूर है। यहां आप दुनिया के सात अजूबों में शामिल ताजमहल, भव्य आगरा किला और इतिमाद-उद-दौला का मकबरा घूम सकते हैं। इतिहास में दिलचस्पी रखने वालों के लिए ये जगहें खास हैं।

दशहरा की छुट्टी में घूमने जाने से पहले इन बातों का रखें ध्यान

पहले से बुकिंग करें- दशहरा और वीकेंड पर होटल, ट्रेन और बसों में भीड़ बढ़ सकती है।

यात्रा का समय जांचें- दिल्ली से निकलने से पहले ट्रैफिक और चुने गए रूट की स्थिति देख लें।

मौसम के हिसाब से तैयारी करें- लैंसडाउन और ऋषिकेश जाने पर मौसम के अनुसार गर्म कपड़े और आरामदायक जूते साथ रखें।

प्रवेश समय की जानकारी लें- किले, स्मारक, आश्रम और अन्य पर्यटन स्थलों के खुलने और बंद होने का समय पहले जांच लें।

बजट तय करें- आने-जाने, ठहरने, खाने और स्थानीय परिवहन का खर्च जोड़कर ही ट्रिप प्लान करें।

SOURCE : LIVE HINDUSTAN