Home rss world hindi ‘पूरा लद्दाख हमारा, भारत ने किया अवैध कब्जा’; चीन का आपत्तिजनक दावा,...

‘पूरा लद्दाख हमारा, भारत ने किया अवैध कब्जा’; चीन का आपत्तिजनक दावा, दोनों देशों में फिर तनातनी?

4
0

Source :- LIVE HINDUSTAN

चीन ने एक ऐसा दावा किया है, जिससे एक बार फिर दोनों देशों के रिश्ते तनातनी के दौर में जाते हुए दिख रहे हैं। दरअसल, चीन ने लद्दाख में 28 रणनीतिक स्थानों और भौगोलिक क्षेत्रों के मानकीकृत नाम तय करने के भारत के फैसले का मंगलवार को न सिर्फ कड़ा विरोध किया बल्कि दावा किया कि ये पूरा लद्दाख का इलाका उसका है। चीनी विदेश मंत्रालय की प्रवक्ता माओ निंग ने बीजिंग में एक संवाददाता सम्मेलन में कहा, ”चीन ने भारत द्वारा एकतरफा और गैर-कानूनी ढंग से बनाए गए तथाकथित ‘केंद्र शासित प्रदेश लद्दाख’ को कभी मान्यता नहीं दी है।” उन्होंने साफ किया कि भारत ने लद्दाख पर ‘एकतरफा’ और ‘अवैध’ रूप से कब्जा किया हुआ है।

उन्होंने कहा कि चीन भारत की ओर से तथाकथित मानकीकृत नामों की घोषणा का कड़ा विरोध करता है। माओ, लद्दाख में 28 जगहों और भौगोलिक क्षेत्रों के लिए भारत के गृह मंत्रालय की ओर से तय किए गए नामों की घोषणा के संबंध में एक सवाल का जवाब दे रही थीं। उन्होंने कहा, ”यह कदम अवैध और अमान्य है। इससे इस तथ्य में कोई बदलाव नहीं हो सकता कि भारत-चीन सीमा के पश्चिमी क्षेत्र में संबंधित इलाके हमेशा से चीन के रहे हैं।”

भारत ने 28 स्थानों को चिन्हित किया था

बता दें कि भारत ने दो अक्टूबर को लद्दाख में 28 रणनीतिक स्थानों और भौगोलिक विशेषता वाले क्षेत्रों को औपचारिक रूप से चिह्नित किया था। इनमें वास्तविक नियंत्रण रेखा (LAC) के पास गोगरा और हॉट स्प्रिंग जैसे प्रमुख सीमा विवाद वाले स्थान भी शामिल हैं। इन स्थानों को भारत के आधिकारिक मानचित्र में शामिल किया गया है। लद्दाख प्रशासन के परामर्श से सरकार द्वारा उठाए गए इस कदम का उद्देश्य आधिकारिक मानचित्रण को सुव्यवस्थित करना, स्थानों की सटीक पहचान सुनिश्चित करना और संवेदनशील सीमावर्ती क्षेत्र के बारे में लोगों में जागरूकता बढ़ाना है।

गोगरा और हॉट स्प्रिंग भी शामिल

गोगरा और हॉट स्प्रिंग अहम रणनीतिक जगहों में से हैं और 2020 में भारतीय और चीनी सेनाओं के बीच तनाव के दौरान ये टकराव वाले इलाके थे। एलएसी के पास भारतीय गश्त के लिए ये जगहें बहुत महत्वपूर्ण हैं। पूर्वी लद्दाख में सीमा पर गतिरोध 5 मई, 2020 को पैंगोंग झील क्षेत्र में भारतीय और चीनी सैनिकों के बीच हिंसक झड़प के बाद शुरू हुआ था। दोनों पक्षों ने 2022 में सैनिकों को पीछे हटाने की प्रक्रिया शुरू की थी।

चिन्हित स्थानों में ये भी शामिल

भारत द्वारा चिह्नित किए गए अन्य स्थानों में अलीशा गिरि पर्वत चोटी, ब्रांगसा, चापचिंगल दर्रा, कनिष्क चोटी, करुण पीर पर्वत, कुकसेल, मार्तंड गिरि, पारपिक हिमनद, स्कामरी हिमनद, शचमिरिक दर्रा, शकोरगा घाटी, जोरावर चोटी, देहरा कंपास और द्रक कारपो शामिल हैं।इस सूची में जलमोरी, कुमारायण पॉइंट, पांगलुंग, रिनचेन जांगपो, साक्यश्री गिरि, गुरु रिनपोछे, शामल लुंगपा (1950 के दशक में गश्त और सैनिकों की आवाजाही के लिए इस्तेमाल किया जाने वाला मार्ग), यांगपा नदी, मारपा लोत्सावा री, मिलारेपा कांगरी, शिव री और महेश्वर री भी शामिल हैं।

SOURCE : LIVE HINDUSTAN