Home rss world hindi UAE के शाही परिवार में शादी, लंदन की सड़क पर मिली बेहोश;...

UAE के शाही परिवार में शादी, लंदन की सड़क पर मिली बेहोश; कौन है महरा अल नाहयान और किस बात की सजा?

5
0

Source :- LIVE HINDUSTAN

अबू धाबी के राज परिवार से शादी के जरिए जुड़ी 32 साल की महरा अल नाहयान को लंदन की एक सड़क पर बेहोश हालत में पाया गया था। अब उस मामले में दो साल का कम्युनिटी ऑर्डर और जुर्माना लगा है।

अबू धाबी में राज करने वाले परिवार से शादी के जरिए जुड़ी 32 साल की महरा अल नाहयान को लंदन की सड़क पर बेहोश हालत में पाए जाने के बाद सजा सुनाई गई है। बताया जा रहा है कि घटना के वक्त तीन साल का बच्चा भी थी, जिसकी वह देखभाल कर रही थीं, चलते ट्रैफिक के पास नंगे पैर अकेला घूम रहा था। ब्रिटिश मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, घटना जून में हुई थी और महिला ने कोर्ट में माना कि उसने कोकेन ली थी। लंदन की साउथवार्क क्राउन कोर्ट ने मंगलवार को मामले की सुनवाई की। महरा अल नाहयान ने बच्चे की देखभाल न करने के आरोप में अपना जुर्म कबूल कर लिया। कोर्ट ने उन्हें दो साल का कम्युनिटी ऑर्डर दिया, जिसमें रिहैबिलिटेशन शामिल है। साथ ही कुल 6114 पाउंड (लगभग 7 लाख रुपये से ज्यादा) का जुर्माना और खर्च चुकाने का आदेश दिया गया।

क्या है पूरा मामला?

द टाइम्स की रिपोर्ट के अनुसार, 13 जून को वेस्ट लंदन में अल नाहयान को एक रेलिंग के सहारे गिरा हुआ पाया गया। उनके साथ एक आदमी भी बेहोश हालत में था। तीन साल का बच्चा पास ही नंगे पैर स्कूटर लेकर सड़क के किनारे खेल रहा था। लोगों ने देखा कि बच्चा चलते वाहनों के बहुत करीब है, इसलिए उन्होंने तुरंत हस्तक्षेप किया और इमरजेंसी सर्विस आने तक बच्चे के साथ रहे। अल नाहयान करीब 30 मिनट तक बेहोश रहीं।

क्राउन प्रॉसिक्यूशन सर्विस को मिली फुटेज में वह एक प्रॉपर्टी के बाहर फुटपाथ पर बैठी दिखीं और उनका सिर रेलिंग से टिका हुआ था। सरकारी वकील रियो पहलवानपुर ने कोर्ट को बताया कि लोगों ने देखा बच्चा अकेला, बिना जूतों के स्कूटर के साथ सड़क पर था और चलते ट्रैफिक के बहुत पास लग रहा था, इसलिए उन्होंने बीच-बचाव किया।

कोर्ट में क्या कहा गया?

जज जेरेमी जॉनसन केसी ने सुनवाई के दौरान कहा कि ड्रग्स के असर में बच्चे को सड़क पर नंगे पैर खेलने के लिए छोड़ना लापरवाही थी और बच्चे की सुरक्षा को नजरअंदाज किया गया। एक बार बच्चा कागज के टुकड़े का पीछा करते हुए सड़क की तरफ भागा था, जिसे एक आम आदमी ने रोका। जज ने चेतावनी दी कि बच्चा गंभीर रूप से घायल हो सकता था, खो सकता था या किसी अजनबी से नुकसान हो सकता था।

वहीं, बचाव पक्ष के वकील स्टीफन वुलो केसी ने बताया कि घटना वाले दिन अल नाहयान ने कोकेन नहीं ली थी। उन्होंने कहा कि वह पिछले कुछ दिनों में ड्रग लेने के बाद थक गई थीं। जब उन्हें होश आया तो उन्होंने आसपास के लोगों से कहा कि यह कोई स्लॉटरहाउस नहीं है, आपको इतनी चिंता क्यों है? तलाशी में ड्रग्स का सामान मिला, लेकिन उनके पास से कोई गैर-कानूनी चीज नहीं मिली।

आगे क्या हुआ?

घटना के बाद अल नाहयान वोकिंग, सरे में प्रायरी क्लिनिक गईं, जहां नशे की लत और दूसरी

स्वास्थ्य समस्याओं का इलाज होता है। उनके वकील ने कोर्ट को बताया कि क्लिनिक आने के बाद से वे ड्रग-फ्री रही हैं और अपनी लत को ठीक करने के लिए प्रतिबद्ध हैं। उन्होंने काफी पछतावा दिखाया है और इलाज जारी रखने का पक्का इरादा जताया है। वे तीन महीने का ट्रीटमेंट प्रोग्राम पूरा करने के बाद गिल्डफोर्ड इलाके में जाने की योजना बना रही हैं, जहां दिन के मरीज के रूप में इलाज जारी रखेंगी और नारकोटिक्स एनॉनिमस मीटिंग में शामिल होंगी। कोर्ट ने उन्हें दो साल का कम्युनिटी ऑर्डर देते हुए रिहैबिलिटेशन से गुजरने का आदेश दिया है।

महरा अल नाहयान कौन हैं?

32 साल की महरा अल नाहयान शादी के जरिए अबू धाबी के रूलिंग अल नाहयान परिवार से जुड़ी हैं। यह परिवार यूनाइटेड अरब अमीरात (UAE) के सात अमीरात में सबसे बड़े अबू धाबी पर राज करता है। अबू धाबी देश की पॉलिटिकल पावर की कैपिटल भी है और इसके रूलर शेख मोहम्मद बिन जायद अल नाहयान UAE के प्रेसिडेंट हैं। कोर्ट की सुनवाई में बताया गया कि अल नाहयान को लगभग 8000 पाउंड का मासिक अलाउंस मिलता है। हालांकि कोर्ट की कार्रवाई उनके शाही कनेक्शन पर नहीं, बल्कि छोटे बच्चे की जिम्मेदारी और उन हालात पर केंद्रित रही, जिसमें बच्चा अकेला रह गया था।

SOURCE : LIVE HINDUSTAN