Home LIFESTYLE NEWS HINDI अशनीर ग्रोवर ने दिखाए 100 करोड़+ के घर और लग्जरी सुविधाओं की...

अशनीर ग्रोवर ने दिखाए 100 करोड़+ के घर और लग्जरी सुविधाओं की झलक

4
0

Source :- LIVE HINDUSTAN

अशनीर ग्रोवर ने गुरुग्राम की लग्जरी सोसाइटी डीएलएफ कैमेलियाज का टूर कराया। यहां ओलंपिक साइज पूल, स्नो रूम, बॉलिंग एले और प्राइवेट क्लब जैसी सुविधाएं हैं।

करोड़ों रुपये के घर में सिर्फ बड़े कमरे और शानदार इंटीरियर ही नहीं, बल्कि कई ऐसी सुविधाएं भी मिलती हैं, जिनके बारे में जानकर आप हैरान रह जाएंगे। बिजनेसमैन अशनीर ग्रोवर ने अपने एक यूट्यूब वीडियो में गुरुग्राम की लग्जरी सोसाइटी डीएलएफ कैमेलियाज का टूर कराया है। यहां ओलंपिक साइज का स्विमिंग पूल, जिम, स्नो रूम, बॉलिंग एले और मूवी देखने के लिए खास हॉल जैसी सुविधाएं हैं। इस सोसाइटी के कुछ अपार्टमेंट की कीमत 100 करोड़ रुपये से भी ज्यादा बताई जाती है। हालांकि, अशनीर ने अपने फ्लैट के अंदर का हिस्सा नहीं दिखाया, क्योंकि फिलहाल वहां किरायेदार रह रहे हैं। उन्होंने सोसाइटी के क्लब और दूसरी सुविधाओं की झलक जरूर दिखाई। आइए जानते हैं, यहां रहने वालों को क्या-क्या मिलता है।

गुरुग्राम की इस सोसाइटी में क्या है खास?

गुरुग्राम की डीएलएफ कैमेलियाज देश की महंगी रिहायशी सोसाइटी में शामिल है। यहां बड़े और लग्जरी अपार्टमेंट के साथ ऐसी कई सुविधाएं हैं, जिनके लिए आमतौर पर अलग-अलग जगह जाना पड़ता है। इस सोसाइटी के क्लब में फिटनेस, एंटरटेनमेंट और स्पोर्ट्स से लेकर आराम करने तक के कई ऑप्शन मिलते हैं। अशनीर ग्रोवर ने वीडियो में बताया कि वह दिल्ली में रहते हैं और डीएलएफ कैमेलियाज में उनका अपार्टमेंट फिलहाल किराये पर है। वह यहां के क्लब और दूसरी सुविधाओं का इस्तेमाल मीटिंग करने, दोस्तों से मिलने और खाली समय बिताने के लिए करते हैं।

ओलंपिक साइज का स्विमिंग पूल और स्नो रूम

इस सोसाइटी में ओलंपिक साइज का स्विमिंग पूल है। इसके अलावा, क्लब में अच्छी मशीनों वाला जिम भी है। खास बात यह है कि जिम के साथ जूस बार भी है। यहां स्नो रूम की सुविधा भी है, जहां तापमान काफी कम रखा जाता है। इसके अलावा स्टीम और सॉना की सुविधा भी मिलती है। यानी एक्सरसाइज करने के साथ-साथ आराम करने के लिए भी यहां कई ऑप्शन हैं।

बॉलिंग एले से कराओके लाउंज तक

इस सोसाइटी में सिर्फ फिटनेस ही नहीं, बल्कि मौज-मस्ती के लिए भी काफी कुछ है। यहां प्राइवेट बॉलिंग एले है, जहां लोग दोस्तों और परिवार के साथ बॉलिंग कर सकते हैं। इसके अलावा कराओके लाउंज भी है, जहां गाने गाने का मजा लिया जा सकता है। क्लब में मूवी और दूसरी परफॉर्मेंस देखने के लिए खास हॉल भी है। इसमें शानदार साउंड सिस्टम लगा है। यहां खाने-पीने के लिए कई ऑप्शन, बार और लाउंज भी हैं। इसके अलावा इंटिमो नाम का पार्टी एरिया है, जहां करीब 50 लोग एक साथ पार्टी कर सकते हैं।

इसी सोसाइटी में लिखी थी अशनीर ने अपनी किताब

डीएलएफ कैमेलियाज में काम करने के लिए भी अलग जगह बनाई गई है। यहां मीटिंग रूम और वर्कस्पेस हैं, जहां लोग बैठकर काम कर सकते हैं या मीटिंग कर सकते हैं। अशनीर ने टूर के दौरान बताया कि उन्होंने अपनी किताब ‘दोगलापन’ का कुछ हिस्सा इसी सोसाइटी के एक मीटिंग रूम में लिखा था। इससे पता चलता है कि यहां सिर्फ आराम और एंटरटेनमेंट ही नहीं, बल्कि काम करने के लिए भी अच्छी जगह मौजूद है।

टेनिस, स्क्वैश और पिकलबॉल खेलने का भी इंतजाम

अगर किसी को स्पोर्ट्स पसंद हैं, तो उसके लिए भी यहां कई सुविधाएं हैं। सोसाइटी में टेनिस, स्क्वैश और पिकलबॉल खेलने के लिए कोर्ट बने हुए हैं। लोग अपनी पसंद का खेल खेल सकते हैं और एक्टिव रह सकते हैं। इसके अलावा, यहां हरियाली से भरे खुले हिस्से, प्राइवेट सड़कें और एक किलोमीटर से भी ज्यादा लंबा ग्रीन पार्क है। अशनीर ने सोसाइटी की साफ-सफाई और रखरखाव पर भी ध्यान दिलाया। यानी यहां सिर्फ घर और क्लब ही नहीं, बल्कि आसपास की जगहों को साफ रखने पर भी ध्यान दिया जाता है।

कितने करोड़ रुपये का है यहां घर?

डीएलएफ कैमेलियाज में हर अपार्टमेंट की कीमत एक जैसी नहीं है। घर का साइज, कौन-सी मंजिल पर है और उसकी दूसरी खूबियों के हिसाब से कीमत बदलती है। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, यहां कुछ अपार्टमेंट की कीमत 60 से 70 करोड़ रुपये के आसपास है, जबकि बड़े अपार्टमेंट 100 करोड़ रुपये से भी महंगे हो सकते हैं। अशनीर का कहना है कि लोग अक्सर ऐसे घरों की करोड़ों रुपये वाली कीमत पर ध्यान देते हैं। लेकिन यहां सिर्फ घर ही नहीं, बल्कि क्लब, स्विमिंग पूल, स्पोर्ट्स कोर्ट, खाने-पीने और एंटरटेनमेंट की सुविधाएं भी मिलती हैं। यही चीजें इस सोसाइटी को खास बनाती हैं।

अशनीर ने अपने फ्लैट के अंदर का हिस्सा क्यों नहीं दिखाया?

अशनीर ने अपने वीडियो में सोसाइटी के क्लब और दूसरी सुविधाएं तो दिखाईं, लेकिन अपने फ्लैट के अंदर का टूर नहीं कराया। उन्होंने बताया कि फिलहाल उनके अपार्टमेंट में किरायेदार रह रहे हैं, इसलिए वह उनकी प्राइवेसी का ध्यान रखना चाहते हैं। उन्होंने यह भी कहा कि जब फ्लैट खाली होगा और वह दोबारा वहां रहने लगेंगे, तब शायद उसका टूर भी दिखाएं।

SOURCE : LIVE HINDUSTAN