Source :- LIVE HINDUSTAN
Mirch Pyaz Ka Paratha Recipe: कुछ अलग हटकर खाने का मन है, तो मिर्च प्याज का ये चटपटा सा पराठे एक बार जरूर ट्राई करें। ये खाने में बहुत ज्यादा टेस्टी लगता है। तवे को उल्टा कर के सेंकने पूरा तंदूरी स्वाद आता है। आइए फुल रेसिपी जान लेते हैं।
मौसम में हल्का ठंडापन शुरू हो चुका है। यही सीजन है भरवां पराठे खाने का। आलू, प्याज और गोभी के पराठे तो आपने खूब खाए होंगे, लेकिन क्या कभी मिर्च-प्याज का पराठा ट्राई किया है? चटपटा खाना पसंद करते हैं तो ये पराठा आपका फेवरिट बन जाएगा। ये लच्छेदार चटपटा सा पराठा दही के साथ खा कर मजा आ जाता है। बच्चों के लिए ये थोड़ा स्पाइसी हो सकता है, लेकिन बड़ों को ये काफी पसंद आने वाला है। इस पराठे की स्टफिंग थोड़ी अनोखी है और बेलने का अंदाज भी थोड़ा अलग है। चूंकि या परतदार पराठा तो खाने में और भी क्रिस्पी और टेस्टी लगता है। किसी दिन नाश्ते में कुछ अलग हटकर खाने का दिल करे तो ये रेसिपी आप फटाफट से ट्राई कर सकते हैं। तो चलिए जान लेते हैं मिर्च-प्याज का पराठा बनाने की विधि।
मिर्च-प्याज का पराठा बनाने के लिए सामग्री
मिर्च-प्याज का लच्छेदार और चटपटी भरावन वाला पराठा बनाने के लिए आपको जिन सामग्रियों की जरूरत होगी वो हैं- गेहूं का आटा (2 कप), बारीक कटी हुई प्याज (2), बारीक कटी हरी मिर्च (2-3) और हरा धनिया, अजवाइन (आधा छोटा चम्मच), धनिया पाउडर (आधा छोटा चम्मच), नमक (स्वादानुसार), देगी मिर्च पाउडर (आधा चम्मच), अमचूर पाउडर (आधा चम्मच), चाट मसाला (आधा छोटा चम्मच) और देसी घी (पराठा सेंकने के लिए)।
चटपटा मिर्च-प्याज का पराठा बनाने की विधि
स्टेप 1- पराठे का आटा तैयार करें
सबसे पहले गेहूं के आटे में थोड़ा-थोड़ा पानी डालकर सॉफ्ट सा आटा गूंथ लें। आटे में थोड़ा सा नमक भी मिला लें। अब आटे को 10 मिनट के लिए ढककर रख दें, ताकि इसका ग्लूटेन अच्छे से सेट हो जाए। तब तक आप पराठे की भरावन बनाकर तैयार कर सकते हैं।
स्टेप 2- पराठे की स्टफिंग तैयार करें
पराठे की भरावन बनाने के लिए एक बाउल में बारीक कटी हुई प्याज, हरी मिर्च और हरा धनिया डालें। साथ में कुछ मसाले एड करें, जैसे- नमक, देगी मिर्च पाउडर, धनिया पाउडर, अमचूर पाउडर और चाट मसाला। साथ ही हाथों से मसलकर थोड़ा सा अजवाइन भी मिलाएं। इससे बहुत अच्छी खुशबू और फ्लेवर आता है।
काम की टिप- प्याज रखे-रखे पानी छोड़ने लगती है इसलिए पराठा बनाने से ठीक पहले ही स्टफिंग बनाकर तैयार करें।
स्टेप 3- लच्छेदार पराठे के लिए ऐसे भरें स्टफिंग
सबसे पहले आटे की एक लोई को बेलकर रोटी जैसा शेप दें। अब इसपर थोड़ा सा देसी घी लगाकर हाथों से फैला लें। इसके ऊपर मिर्च-प्याज वाली भरावन फैलाएं और हाथों से हल्का सा प्रेस करें। एक और रोटी बेलकर इसके ऊपर से रख दें। दोनों को हल्का प्रेस करें और सूखा आटा लगाकर थोड़ा सा बेल लें।
स्टेप 4- ऐसे बनाएं पराठे की लोई
अब एक चाकू की मदद से बेले हुए पराठे को लंबी-लंबी पट्टियों की शेप में काट दें। एक-एक पट्टी को हाथों से घुमाते हुए रोल करें और हल्के हाथों से दबाते हुए लोई बना लें। सूखा आटा लगाकर इन्हें पराठे की शेप में बेल लें। पराठे को आकर्षक दिखाने के लिए एक साइड पर थोड़ा सा पानी लगाएं, ऊपर से प्याज के स्लाइस और मोटी कटी हुई हरी मिर्च लगाएं। इन्हें हल्के हाथों से दबा दें, ताकि ये पराठे पर अच्छी तरह चिपक जाएं।
स्टेप 5- देसी घी लगाकर सेंक लें गरमा-गरम पराठे
तवे को गर्म कर के उल्टा कर दें। पराठे की उल्टी साइड पर थोड़ा सा पानी लगाएं और इसे तवे पर चिपका दें। इसे हल्के हाथों से दबा भी दें। अब तवे को उठाकर गैस की फ्लेम पर पराठा सेंक लें। इस ट्रिक से एकदम तंदूरी स्वाद आता है। अब पराठे पर थोड़ा सा देसी घी भी लगाएं। जैसे ही पराठा गोल्डन होने लगे, इसपर बटर लगाएं और गरमा-गरम सर्व करें।
SOURCE : LIVE HINDUSTAN



