Source :- LIVE HINDUSTAN
गेहूं के आटे की रोटी कार्ब्स रिच होती है। लेकिन अगर इसमें 2 चीजों का आटा पिसवा कर मिला दिया जाए, तो एक रोटी में लगभग 6 ग्राम के करीब प्रोटीन मिल सकता है। आइए न्यूट्रीशनिस्ट से जानते हैं कितनी मात्रा में क्या मिलाना है।
भारत में ज्यादातर लोगों की डाइट में रोटी अहम होती है। सुबह का नाश्ता हो, लंच या फिर डिनर; रोटी एक ना एक बार बनती ही है। हालांकि गेहूं की रोटी में आमतौर पर कार्ब्स मौजूद होते हैं। क्या हो अगर यही रोटी प्रोटीन रिच हो जाए? वैसे भी इंडियन वेजिटेरियन डाइट में प्रोटीन की बड़ी कमी होती है। ऐसे में अगर रोटी को प्रोटीन रिच बना दिया जाए, तो दिनभर की प्रोटीन रिक्वायरमेंट पूरी करने में मदद मिल सकती है। आमतौर पर एक गेहूं की रोटी में 3 ग्राम के करीब प्रोटीन मिल जाता है। लेकिन अगर इसमें दो चीजें और मिला दी जाएं तो यही प्रोटीन 6 ग्राम तक जा सकता है। ऐसा हमारा नहीं बल्कि जानी-मानी न्यूट्रीशनिस्ट और फैट लॉस कोच मोहिता का कहना है। एक इंस्टाग्राम पोस्ट के जरिए उन्होंने रोटी में प्रोटीन डबल करने की ट्रिक शेयर की है, आइए जानते हैं कैसे।
गेहूं के आटे में 2 चीजें मिलाकर बनाएं प्रोटीन रिच रोटी
जब भी प्रोटीन की बात होती है, तो वेजिटेरियन लोगों के दिमाग में सबसे पहले पनीर और तोफू जैसे ऑप्शन आते हैं। कई लोग इन्हें भी रोटी में मिलाकर प्रोटीन की कमी को पूरा करते हैं। हालांकि आप बिना पनीर और तोफू मिलाए भी प्रोटीन की मात्रा बढ़ा सकते हैं। इसके लिए गेहूं के आटे में चना सत्तू और सोयाबीन का आटा मिला सकते हैं। चना सत्तू की जगह काले चने का आटा भी मिला जा सकता है।
कितनी मात्रा में कौन सा आटा मिलाना है?
न्यूट्रीशनिस्ट के मुताबिक हाई प्रोटीन आटा बनाने के लिए आप गेहूं के आटे में चना सत्तू और सोयाबीन का आटा मिला सकते हैं। इसके लिए 30 प्रतिशत गेहूं का आटा लें, उसमें 30% चना सत्तू या काले चने का आटा मिक्स करें। साथ ही 40% सोयाबीन का आटा मिलाएं। इसी मात्रा में आप तीनों चीजों को एक साथ पिसवा सकते हैं या फिर अलग-अलग आटे एक साथ मिक्स कर सकते हैं।
रोज की डाइट में शामिल करें ये रोटी
रोजाना साधारण गेहूं की रोटी खाने के बजाए ये प्रोटीन रिच रोटी डाइट में शामिल करें। न्यूट्रीशनिस्ट बताती हैं कि इस रोटी में लगभग 6 ग्राम के करीब प्रोटीन मिल जाता है। यानी अगर आप दिन में 4-5 रोटी खाते हैं, तो 24-30 ग्राम प्रोटीन आराम से मिल सकता है। ये उन लोगों के लिए बहुत अच्छा ऑप्शन हो सकता है, जो वेजिटेरियन हैं और बिना अलग से कोई सप्लीमेंट लिए प्रोटीन की मात्रा पूरी करना चाहते हैं।
शरीर के लिए क्यों जरूरी है प्रोटीन?
प्रोटीन शरीर के लिए सबसे जरूरी पोषक तत्वों में से एक है। यह मांसपेशियों को मजबूत बनाने और नई कोशिकाओं के निर्माण में अहम भूमिका निभाता है। इसके अलावा प्रोटीन बालों, स्किन, इम्यूनिटी, हार्मोंस और ओवरऑल हेल्थ के लिए भी बेहद जरूरी होता है। पर्याप्त प्रोटीन लेने से पेट भी लंबे समय तक भरा हुआ रहता है, जिस वजह से वेट मैनेजमेंट में मदद मिलती है।
नोट: यह लेख केवल सामान्य जानकारी के उद्देश्य से लिखा गया है। इसे किसी भी तरह से पेशेवर मेडिकल सलाह का विकल्प न मानें। किसी भी स्वास्थ्य समस्या या मेडिकल कंडीशन से जुड़े सवालों के लिए हमेशा अपने डॉक्टर की सलाह जरूर लें।
SOURCE : LIVE HINDUSTAN



