Home rss business hindi 26% बढ़ा कोटक महिंद्रा बैंक का मुनाफा, 52 वीक हाई से डिस्काउंट...

26% बढ़ा कोटक महिंद्रा बैंक का मुनाफा, 52 वीक हाई से डिस्काउंट पर बिक रहा शेयर

3
0

Source :- LIVE HINDUSTAN

मुख्य बातें

  • सितंबर तिमाही में बैंक का मुनाफा 5645 करोड़ रुपये रहा
  • बैंक ने शनिवार को नतीजे जारी किए तो ऐसे में निवेशकों की नजर अब सोमवार को शेयर पर रहेगी

Kotak mahindra bank result: प्राइवेट सेक्टर के कोटक महिंद्रा बैंक ने चालू वित्त वर्ष की दूसरी तिमाही (जुलाई-सितंबर 2026) के नतीजे जारी कर दिए हैं। इस तिमाही में बैंक का मुनाफा 5645 करोड़ रुपये रहा जो पिछले वित्त वर्ष की समान तिमाही से 26 फीसदी अधिक है। बैंक ने शनिवार को नतीजे जारी किए तो ऐसे में निवेशकों की नजर अब सोमवार को शेयर पर रहेगी। बता दें कि बीते शुक्रवार को बैंक का शेयर 1.70% टूटकर 430.10 रुपये पर बंद हुआ था। बैंक के शेयर इसी 16 तारीख को 453 रुपये पर रहे थे। यह शेयर के 52 हफ्ते का हाई भी है। इस हिसाब से शेयर अपने 52 हफ्ते के हाई से डिस्काउंट पर ट्रेड कर रहा है।

बैंक की ब्याज आय कितनी?

कोटक महिंद्रा बैंक की शुद्ध ब्याज आय (एनआईआई) 16 प्रतिशत बढ़कर 8,459 करोड़ रुपये रही। एडवांस में 25 प्रतिशत की वृद्धि से इसे समर्थन मिला, हालांकि शुद्ध ब्याज मार्जिन (एनआईएम) में 0.23 प्रतिशत की गिरावट ने इस वृद्धि को कुछ सीमित किया। तिमाही के दौरान बैंक ने कुल 803 करोड़ रुपये का प्रावधान किया। इसमें एक साल पहले के मुकाबले 15 प्रतिशत की कमी आई है। तिमाही के अंत में बैंक द्वारा दिया गया नेट डेट 25 फीसदी बढ़कर 5,77,295 करोड़ रुपये हो गया। एफसीएनआर (बी) जमा के बदले दिए गए लोन और कोटक महिंद्रा इन्वेस्टमेंट्स लिमिटेड से अधिग्रहित लोन पोर्टफोलियो को हटाने पर नेट डेट में 19 प्रतिशत की वृद्धि हुई है।

तिमाही के अंत में कुल डिपॉजिट रकम 23 प्रतिशत बढ़कर 6,51,491 करोड़ रुपये हो गई। वहीं, एवरेज कुल डिपॉजिट रकम 19 प्रतिशत बढ़कर 6,06,234 करोड़ रुपये पर पहुंच गई। करंट अकाउंट्स में एवरेज डिपॉजिट 17 प्रतिशत की वृद्धि के साथ 82,026 करोड़ रुपये और सेविंग अकाउंट्स में एवरेज डिपॉजिट बढ़कर 1,29,731 करोड़ रुपये हो गई।

एवरेज टर्म डिपॉजिट 22 फीसदी बढ़कर 3,79,765 करोड़ रुपये हो गया। करंट अकाउंट और सेविंग अकाउंट में जमा रकम का अनुपात 38.2 प्रतिशत रहा। तिमाही के दौरान बैंक की एसेट क्वालिटी में सुधार हुआ है। इसक अलावा, ग्रॉस एनपीए का अनुपात एक साल पहले के 1.39 प्रतिशत से घटकर 1.04 प्रतिशत रह गया। वहीं, नेट एनपीए का अनुपात 0.32 फीसदी से घटकर 0.24 फीसदी रह गया।

बता दें कि कोटक महिंद्रा बैंक के मैनेजमेंट में भी अहम बदलाव हुआ है। बैंक ने अनुप कुमार साहा को नया प्रबंध निदेशक और सीईओ नियुक्त करने की घोषणा की है। साहा 1 जनवरी, 2027 से तीन साल की अवधि के लिए बैंक में अपनी सेवाएं देंगे। उन्होंने जनवरी 2026 में बैंक में कार्यभार संभाला था और वर्तमान में पूर्णकालिक निदेशक (कार्यकारी निदेशक) के रूप में कार्यरत हैं।

SOURCE : LIVE HINDUSTAN