Source :- LIVE HINDUSTAN
मुख्य बातें
- डिफेंस कंपनी सिग्मा एडवांस्ड सिस्टम्स के शेयर मंगलवार को BSE में 5% चढ़कर 862.20 रुपये पर जा पहुंचे हैं
- 6 महीने में कंपनी के शेयरों में 247% की तेजी आई है
- कंपनी को एक NATO कस्टमर से 973 करोड़ रुपये का ऑर्डर मिला है
एयरोस्पेस एंड डिफेंस इंडस्ट्री से जुड़ी कंपनी सिग्मा एडवांस्ड सिस्टम्स के शेयरों में मंगलवार को अच्छी तेजी आई है। डिफेंस कंपनी के शेयर मंगलवार को BSE में 5 पर्सेंट के उछाल के साथ 862.20 रुपये पर जा पहुंचे हैं। कंपनी को 102.23 मिलियन डॉलर (973 करोड़ रुपये) का एक ऑर्डर मिला है, इसी के बाद इसके शेयरों में यह उछाल आया है। सिग्मा एडवांस्ड सिस्टम्स को यह ऑर्डर एक NATO कस्टमर से मिला है। इस ऑर्डर में कंपनी को बेस ब्लीड (BB) यूनिट्स की मैन्युफैक्चरिंग और सप्लाई करनी है। सिग्मा एडवांस्ड सिस्टम्स के शेयर पिछले 6 महीने में 247 पर्सेंट उछल गए हैं।
12 महीने में पूरा करना है ऑर्डर
सिग्मा एडवांस्ड सिस्टम्स (Sigma Advanced Systems) की एक्सचेंज फाइलिंग के मुताबिक, इस ऑर्डर को 12 महीने में पूरा किया जाना है। यह 155 mm आर्टिलरी एम्युनिशन मैन्युफैक्चरिंग वैल्यू चेन में अपनी क्षमता का विस्तार करने की सिग्मा एडवांस्ड सिस्टम्स की स्ट्रैटेजी में एक अहम मुकाम है। यह कदम मैन्युफैक्चरिंग एक्सपर्टाइज को और बेहतर करने, अपने प्रॉडक्ट पोर्टफोलियो का विस्तार करने और ग्लोबल आर्टिलरी एम्युनिशन मार्केट के लिए एक ज्यादा इंटीग्रेटेड ऑफरिंग डिवेलप करने से जुड़ी कंपनी की स्ट्रैटेजी को दर्शाता है। आर्टिलरी शेल्स, फ्यूजेज और बेस ब्लीड यूनिट्स कैपेबिलिटीज के साथ सिग्मा एडवांस्ड सिस्टम्स का लक्ष्य कंप्लीट 155 mm आर्टिलरी राउंड्स के प्रमुख कंपोनेंट्स को डिवेलप और इंटीग्रेट करना है।
हाल ही में कंपनी को मिला है एक और ऑर्डर
सिग्मा एडवांस्ड सिस्टम्स को 21 अक्टूबर 2026 को 19.7 मिलियन डॉलर (करीब 174 करोड़ रुपये) का एक ऑर्डर मिला था। कंपनी को यह ऑर्डर क्रिटिकल 155mm आर्टिलरी एम्युनिशन सबसिस्टम्स के लिए एक नॉर्थ अमेरिकन नॉटो कस्टमर से मिला था। इस ऑर्डर को 2027 की दूसरी तिमाही में पूरा किया जाना है। इस ऑर्डर के तहत मैन्युफैक्चरिंग सिग्मा इकोसिस्टम के भीतर ही होगी।
6 महीने में 247% चढ़ गए हैं सिग्मा एडवांस्ड सिस्टम्स के शेयर
सिग्मा एडवांस्ड सिस्टम्स (Sigma Advanced Systems) के शेयरों में पिछले 6 महीने में तूफानी तेजी आई है। कंपनी के शेयर 6 महीने में 247 पर्सेंट चढ़ गए हैं। एयरोस्पेस एंड डिफेंस इंडस्ट्री से जुड़ी इस कंपनी के शेयर 27 अप्रैल 2026 को 248.55 रुपये पर थे। कंपनी के शेयर 27 अक्टूबर 2026 को 862.20 रुपये पर जा पहुंचे हैं। कंपनी के शेयरों का 52 हफ्ते का हाई लेवल 1165 रुपये है। वहीं, कंपनी के शेयरों का 52 हफ्ते का निचला स्तर 139.30 रुपये है। सिग्मा एडवांस्ड सिस्टम्स का मार्केट कैप मंगलवार को 16,338 करोड़ रुपये के पार जा पहुंचा है।
5 साल में 4717% उछल गए हैं डिफेंस कंपनी के शेयर
डिफेंस कंपनी सिग्मा एडवांस्ड सिस्टम्स के शेयरों में 5 साल में 4717 पर्सेंट की तेजी देखने को मिली है। कंपनी के शेयर 29 अक्टूबर 2021 को 17.90 रुपये पर थे। सिग्मा एडवांस्ड सिस्टम्स के शेयर 27 अक्टूबर 2026 को 862.20 रुपये पर जा पहुंचे हैं। पिछले 4 साल में कंपनी के शेयरों में 2541 पर्सेंट की तेजी आई है। पिछले एक साल में कंपनी के शेयर 365 पर्सेंट उछल गए हैं। इस साल अब तक सिग्मा एडवांस्ड सिस्टम्स के शेयरों में 336 पर्सेंट का उछाल आया है।
(डिस्क्लेमर: यह निवेश की सलाह नहीं है। शेयर बाजार जोखिमों के अधीन है। किसी भी निवेश से पहले सूझ-बूझ के साथ फैसला करें या फाइनेंशियल एडवायजर से सलाह ले लें। लाइव हिन्दुस्तान इस आधार पर शेयरों को खरीदने और बेचने की सलाह नहीं देता है।)
SOURCE : LIVE HINDUSTAN




