Home LIFESTYLE NEWS HINDI बाजार से मूली खरीदने की जरूरत नहीं! घर पर उगाएं ताजी मूली,...

बाजार से मूली खरीदने की जरूरत नहीं! घर पर उगाएं ताजी मूली, जानें स्टेप बाय स्टेप

4
0

Source :- LIVE HINDUSTAN

बाजार से मूली खरीदकर खाना पसंद नहीं है, तो घर पर उगा लीजिए। घर पर मूली उगाने के लिए आपको ज्यादा मेहनत नहीं करनी पड़ेगी बस सही तरीका पता होना चाहिए। चलिए आपको मूली उगाने के स्टेप्स बताते हैं।

सर्दियों का सीजन शुरू होते ही बाजार में मूली-गाजर की भरमार हो जाती है और लोग मूली के पराठे, अचार जैसी चीजों को मजे से खाते हैं। मूली ना सिर्फ स्वादिष्ट लगती है बल्कि सेहत के लिए फायदेमंद भी होती है। मूली में विटामिन C, फोलेट, पोटैशियम, कैल्शियम और आयरन जैसे तत्व पाए जाते हैं। मूली खाने के शौकीन लोग बाजार से उसे खरीदते हैं लेकिन अगर आप देसी मूली खाना पसंद करते हैं, तो बाजार वाला स्वाद अच्छा नहीं लगता होगा। चलिए आपको मूली को घर के गार्डन या गमले में उगाने का तरीका बताते हैं।

मूली उगाने के लिए सही गमला चुनें

मूली को गमले में उगाने के लिए सबसे पहले सही गमले का चुनाव करें। अगर जमीन पर उगा रहे हैं, तो ऐसा कुछ नहीं करना। मूली की जड़ें फैलती हैं, तो गमला बड़ा ही रखें। गमले में पानी निकलने के लिए नीचे छेद जरूर होने चाहिए।

मूली के बीज लगाने के लिए सही मिट्टी तैयार करें

मूली की अच्छी पैदावार के लिए मिट्टी का भुरभुरा होना जरूरी है। अगर मिट्टी बहुत सख्त होगी, तो मूली की जड़ ठीक से बढ़ नहीं पाएगी। इससे मूली छोटी या टेढ़ी हो सकती है। इसलिए मिट्टी में पुरानी, अच्छी तरह से सड़ी हुई जैविक खाद्य मिलाएं। अगर आपके पास खाद्य का ऑप्शन नहीं है, तो बासी गोबर वाली खाद्य को मिला सकते हैं। मिट्टी ऐसी होनी चाहिए जिसमें पानी आसानी से निकल जाए और जड़ों को बढ़ने के लिए पर्याप्त हवा मिले।

मूली के बीज बोने का सही तरीका

मूली के बीज सीधे गमले में बोए जाते हैं। सबसे पहले मिट्टी में करीब आधा से एक इंच गहरा गड्ढा बनाएं। इसमें एक या दो बीज डालकर ऊपर से हल्की मिट्टी डाल दें। बीजों के बीच लगभग 2-3 इंच की दूरी रखें। लंबी किस्म की मूली के लिए पौधों के बीच ज्यादा दूरी की जरूरत हो सकती है। बीज बोने के बाद मिट्टी पर हल्का पानी छिड़कें। ध्यान रखें कि पानी इतना ज्यादा न हो कि बीज बह जाएं या मिट्टी में पानी जमा होने लगे। आमतौर पर सही नमी मिलने पर कुछ दिनों में बीज अंकुरित होने लगते हैं।

पौधे को रोज कितनी धूप चाहिए?

मूली ठंडे मौसम में अच्छी तरह बढ़ती है। इसे ऐसी जगह रखें जहां रोज लगभग 4-6 घंटे धूप मिल सके। बालकनी, छत या घर की खुली जगह इसके लिए अच्छी हो सकती है। भारत में मूली उगाने के लिए अक्टूबर से फरवरी तक का समय कई क्षेत्रों में सही रहता है। हालांकि, सही समय आपके शहर के तापमान और मूली की किस्म पर निर्भर करता है। बहुत ज्यादा गर्मी में मूली की जड़ अच्छी तरह नहीं बढ़ेगी।

गमले में मूली को कितना पानी दें?

मूली के पौधे को बढ़ने के लिए मिट्टी में नमी बनाए रखना जरूरी है। मिट्टी पूरी तरह सूखने पर मूली की बढ़त रुक सकती है। वहीं, जरूरत से ज्यादा पानी देने पर जड़ सड़ने का खतरा भी रहता है। रोज मिट्टी की ऊपरी परत देखकर पानी देने का फैसला करें। अगर मिट्टी सूखी लगे, तो पानी दें। ठंड के मौसम में मिट्टी देर से सूख सकती है, इसलिए बिना देखें रोज पानी डालने से बचें।

कितने दिनों में तैयार हो जाती है घर की मूली?

मूली की किस्म और मौसम के अनुसार इसकी फसल आमतौर पर 25-60 दिनों में तैयार हो सकती है। जब मूली की जड़ मिट्टी के ऊपर दिखाई देने लगे, तो उसे निकालना सही रहता है। मूली को बहुत ज्यादा दिनों तक मिट्टी में छोड़ने से वह सख्त, रेशेदार या तीखी हो सकती है।

SOURCE : LIVE HINDUSTAN