Source :- KHABAR INDIATV
परिणीति चोपड़ा अब ओटीटी डेब्यू कर चुकी हैं। उन्होंने नेटफ्लिक्स की ‘शकः ट्रस्ट नो वन’ से अपना ओटीटी डेब्यू किया, जो सितंबर में स्ट्रीम हुआ था। इस साइकोलॉजिकल थ्रिलर में परिणीति के साथ जेनिफर विंगेट भी अहम भूमिका में हैं। इस सीरीज को दर्शकों ने काफी पसंद किया, ऐसे में हाल ही में परिणीति चोपड़ा और जेनिफर विंगेट ने पूरी टीम के साथ ‘शक’ की सफलता का जश्न मनाया, जिसके वीडियोज भी सामने आए थे। सेलिब्रेशन के दौरान केक कटिंग का भी एक वीडियो क्लिप सामने आया, जिसमें जेनिफर, परिणीति के पीछे खड़ी नजर आईं। इस वीडियो के सामने आने के बाद कुछ यूजर्स ने परिणीति की आलोचना की और आरोप लगाया कि उन्होंने जेनिफर विंगेट को सामने खड़े रहने के लिए जगह नहीं दी। इन आरोपों पर पहले तो जेनिफर विंगेट ने प्रतिक्रिया दी और नकारात्मकता न फैलाने की अपील की। और अब खुद परिणीति चोपड़ा ने भी एक पोस्ट साझा करते हुए इस ट्रोलिंग पर रिएक्शन दिया है।
जेनिफर विंगेट ने किया परिणीति चोपड़ा का बचाव
जेनिफर विंगेट ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट शेयर करते हुए लोगों से नकारात्मकता न फैलाने की अपील की। पोस्ट में जेनिफर ने स्पष्ट किया कि उनके और परिणीति के बीच कोई विवाद, कोई मतभेद नहीं है। अब परिणीति ने भी इस विवाद पर प्रतिक्रिया दी है। परिणीति ने अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी एक पोस्ट शेयर किया है, जिसमें उन्होंने कहा है कि वे दोनों ऑनलाइन चल रही बातों (अटकलों) को देखकर हंस रहे हैं।
परिणीति चोपड़ा ने केक काटने वाले वायरल वीडियो पर प्रतिक्रिया दी
अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी पर, परिणीति ने ‘शक’ (Shaque) की सक्सेस पार्टी के उन वीडियो का जिक्र किया, जिन्हें लेकर उन्हें ट्रोल किया जा रहा है। अपने पोस्ट में परिणीति ने लिखा- ‘जेनी और मैंने पिछले दो दिन खुद को जर्नलिस्ट कहने वाले कुछ लोगों की ‘क्रिएटिव’ वीडियो देखने में बिताए हैं। और पता है क्या? असल में मजाक तो आप लोगों का ही बन गया है, क्योंकि हम तो बस ज़ोर-ज़ोर से हंस रहे थे!’
परिणीति चोपड़ा का पोस्ट।
परिणीति चोपड़ा ने की जेनिफर विंगेट की तारीफ
परिणीति ने अपने पोस्ट में जेनिफर का समर्थन किया और ‘शक’ में उनके काम की तारीफ भी की। परिणीति ने अपने पोस्ट में आगे लिखा, ‘आपकी ये बेतुकी बातें आपको बस मूर्ख साबित करती हैं। जेनी मेरी पसंदीदा लड़की है, और हमेशा रहेगी! ‘शक’ में भी वह मेरी फेवरेट थीं, और वह कितनी शानदार कलाकार हैं! जो लोग कुछ मिनट की शोहरत के लिए विवाद खड़े कर रहे हैं – उनसे बस इतना ही कहूंगा कि अपनी जिंदगी में कुछ सार्थक करने की कोशिश क्यों नहीं करते? खैर, मनोरंजन के लिए शुक्रिया। हमें सच में थोड़ा हंसने की जरूरत थी!’
जेनिफर विंगेट ने दिया था रिएक्शन
इससे पहले जेनिफर ने इंस्टाग्राम पर अपनी बात रखी थी। केक काटने की रस्म के दौरान पीछे हटने का कारण बताते हुए उन्होंने कहा कि वहां जगह ही नहीं थी। परिणीति ने यह भी साफ किया कि उनके और परिणीति के बीच अच्छे रिश्ते हैं। ‘कृपया एक-दूसरे के प्रति थोड़े दयालु बनें, नकारात्मकता फैलाना बंद करें और किसी बात को बेवजह तूल न दें। मैं बस इसलिए पीछे हट गई क्योंकि वहां जगह नहीं थी। परी हमेशा मेरे साथ बहुत अच्छी और प्यार से पेश आई हैं, और हमारे बीच सिर्फ प्यार है। हम एक टीम हैं, और एक-दूसरे को नीचा दिखाए बिना हम सभी के पास आगे बढ़ने और चमकने के लिए काफी जगह है। धन्यवाद!” वहीं ‘शक’ की बात करें तो ये नेटफ्लिक्स पर स्ट्रीम हो रही है।
SOURCE : KHABAR INDIATV



