Source :- LIVE HINDUSTAN
Google अपने Gemini यूजर्स को पर्सनल Avatar बनाने की सुविधा दे रहा है। यूजर्स अपने खुद के चेहरे और आवाज वाले AI इमेज और वीडियो बना सकते हैं और इसे दोस्तो, रिश्तेदारों के साथ शेयर कर सकते हैं। कैसे बनाने हैं अवतार, वीडियो में देखें पूरा प्रोसेस
Google अपने Gemini यूजर्स के लिए एक धांसू फीचर लेकर आया है। दरअसल, गूगल ने जेमिनी में पर्सनल अवतार बनाने की सुविधा शुरू की है। इस फीचर के जरिए यूजर्स अपनी खुद के चेहरे और आवाज वाले AI इमेज और वीडियो बना सकते हैं। इसे वे अपने अवतार दोस्तों और रिश्तेदारों के साथ शेयर भी कर सकते हैं, ताकि वे भी अपने कंटेंट में इसका इस्तेमाल कर सकें। कंपनी का कहना है कि पर्सनल अवतार वाले वीडियो बनाने के लिए यूजर के पास गूगल एआई प्लान होना चाहिए। फीचर को इस तरह से डिजाइन किया गया है ताकि कंटेंट में जाने-पहचाने चेहरे और आवाजों को आसानी से शामिल किया जा सके। कंपनी, यूजर्स को इस बात का कंट्रोल भी दे रही है कि उनके अवतारों तक किसका एक्सेस रहेगा और यह एक्सेस कब समाप्त हो जाएगा। कैसे काम करेगा नया फीचर और किसे मिलेगा, चलिए डिटेल में जानते हैं सबकुछ…
गूगल जेमिनी पर्सनल अवतार: फीचर्स और उपलब्धता
गैजेट्स360 की रिपोर्ट के अनुसार, गूगल ने जेमिनी मे पर्सनल अवतार लॉन्च किए हैं, जिनसे यूजर्स अपनी चेहरे और आवाज वाली AI इमेज व वीडियो बना सकते हैं। ये अवतार दोस्तों, रिश्तेदारों और अपने सहयोगियों के साथ शेयर किए जा सकते हैं, ताकि वे अपनी कंटेंट में उन्हें शामिल कर सकें। इमेज के लिए नैनो बनाना और वीडियो के लिए जेमिनी ओमनी का इस्तेमाल होता है।
गूगल, यूजर्स को जीमेल एड्रेस पर इनविटेशन भेजकर अवतार शेयर करने की अनुमति देता है। रिसीवर को इनविटेशन स्वीकार करना पड़ता है तभी वह अवतार इस्तेमाल कर सकता है। यूजर जेमिनी की सेटिंग्स से एक्सेस मैनेज कर सकता है, एक्सेस की एक्सपायरी डेट सेट कर सकता है या परमिशन वापस ले सकता है। परमिशन वापस लेने के बाद, रिसीवर उस अवतार से नया कंटेंट नहीं बन सकेगा, लेकिन पहले बनाए जा चुके इमेज और वीडियो वैसे ही रहेंगे, यानी उनपर कोई असर नहीं पड़ेगा।
फीचर यूजर करने के लिए यह है कंडीशन
रिपोर्ट के अनुसार, यह फीचर 18 साल या उससे ऊपर के यूजर्स के लिए है, जिनके पास पर्सनल गूगल अकाउंट है। अभी इसमें सिर्फ इंग्लिश सपोर्ट है और यूके, यूरोपीय आर्थिक क्षेत्र तथा स्विट्जरलैंड में उपलब्ध नहीं है। पर्सनल अवतार वाले वीडियो बनाने के लिए गूगल एआई प्लान भी होना चाहिए।
कैसे बनता है अवतार
अवतार बनाने के लिए, यूजर्स को अपना चेहरा और आवाज रिकॉर्ड करनी होगी। वे कंप्यूटर पर यह प्रोसेस शुरू कर सकते हैं, QR कोड स्कैन कर सकते हैं, और फिर फोन या टैबलेट पर रिकॉर्डिंग कर सकते हैं। गूगल की सलाह है कि अच्छी रोशनी वाली कोई शांत जगह चुनें और रिकॉर्डिंग के दौरान चेहरा साफ दिखाई देना चाहिए।
कैसे डिलीट करें अवतार
यूजर्स गूगल अकाउंट सेटिंग्स से अपना अवतार, सेल्फी और आवाज डिलीट कर सकते हैं। दोबारा इस्तेमाल के लिए नया अवतार रिकॉर्ड करना होगा। लेकिन इस बाद को भी ध्यान रखें कि अवतार डिलीट करने से उसके बनाए या पब्लिश किए गए इमेज और वीडियो नहीं डिलीट होते हैं।
वीडियो में देखें पूरा प्रोसेस
SOURCE : LIVE HINDUSTAN



