Home rss world hindi चीन अंतरिक्ष में क्या कर रहा? US के ऊपर रहस्यमयी वस्तुएं गिराने...

चीन अंतरिक्ष में क्या कर रहा? US के ऊपर रहस्यमयी वस्तुएं गिराने वाला विमान कैमरे में कैद

4
0

Source :- LIVE HINDUSTAN

शेनलोंग को चीन का रोबोटिक अंतरिक्ष विमान बताया जाता है। यह पिछले 6 साल से अंतरिक्ष में सक्रिय है और इस दौरान कई बार पृथ्वी की निचली कक्षा में अज्ञात वस्तुएं छोड़ने की घटनाओं को लेकर सुर्खियों में रहा है।

चीन के गुप्त अंतरिक्ष विमान शेनलोंग की एक बेहद साफ तस्वीर सामने आई है। यह विमान पृथ्वी की कक्षा में चक्कर लगा रहा है और पहले भी अमेरिकी आसमान के ऊपर रहस्यमयी वस्तुएं छोड़ने को लेकर चर्चा में रहा है। अमेरिका की खुफिया एजेंसी ने अपनी रिपोर्ट में इसकी तस्वीर जारी की है। इस फोटो से पहली बार विमान की बनावट और उसकी गतिविधियों के बारे में कई अहम जानकारियां सामने आई हैं। शेनलोंग को चीन का रोबोटिक अंतरिक्ष विमान बताया जाता है। यह पिछले 6 साल से अंतरिक्ष में सक्रिय है और इस दौरान कई बार पृथ्वी की निचली कक्षा में अज्ञात वस्तुएं छोड़ने की घटनाओं को लेकर सुर्खियों में रहा है। इन गतिविधियों पर नजर रखने के लिए कई कंपनियां और अंतरिक्ष पर नजर रखने वाले लोग जमीन पर मौजूद रडार और दूसरे उपकरणों का इस्तेमाल कर रहे हैं।

रिपोर्ट के मुताबिक, शेनलोंग की यह तस्वीर साल 2024 में मैक्सर टेक्नोलॉजी के सैटेलाइट ने खींची थी। उस समय उपग्रह और विमान के बीच की दूरी करीब 90 किलोमीटर थी। तस्वीर की क्वालिटी इतनी बेहतर है कि इसमें हर पिक्सल 4.5 सेंटीमीटर के क्षेत्र को दिखाता है। यह तस्वीर अमेरिकी रक्षा खुफिया एजेंसी (DIA) की एक खतरा आकलन रिपोर्ट का हिस्सा है। रिपोर्ट में शेनलोंग को ऐसे अंतरिक्ष विमान के रूप में बताया गया है, जो पृथ्वी की कक्षा में पहुंचकर अंतरिक्ष में वस्तुएं छोड़ सकता है। यह अंतरिक्ष में उपकरणों का परीक्षण करने और मिशन पूरा होने के बाद वापस धरती पर उतरने में भी सक्षम है।

शेनलोंग की फोटो से क्या कुछ चला पता

तस्वीर में शेनलोंग एक दूसरे उपग्रह से जुड़ा हुआ दिखाई दे रहा है। इसके सौर पैनल खुले हुए हैं और विमान के पिछले हिस्से में मौजूद सामान रखने वाला दरवाजा भी खुला नजर आ रहा है। इससे वैज्ञानिकों और अंतरिक्ष पर नजर रखने वाले विशेषज्ञों को यह समझने में मदद मिल सकती है कि चीन इस विमान का इस्तेमाल किस तरह के मिशन के लिए कर रहा है। दोबारा इस्तेमाल किए जा सकने वाले इस अंतरिक्ष विमान की बनावट काफी हद तक अमेरिका के बोइंग निर्मित एक्स-37बी जैसी है।

इसे पहले रॉकेट के जरिए अंतरिक्ष में भेजा जाता है। इसके बाद यह पृथ्वी की कक्षा में पहुंचकर अपना मिशन पूरा करता है और फिर हवाई जहाज की तरह रनवे पर उतर सकता है। शेनलोंग की लंबाई करीब 26 फीट है। चीन ने अब तक इस विमान की कोई आधिकारिक तस्वीर जारी नहीं की है। शेनलोंग फिलहाल अपने चौथे मिशन पर है। यह मिशन 7 फरवरी 2026 को शुरू हुआ था, जब इसे चीन के जिउक्वान सैटेलाइट लॉन्च सेंटर से लॉन्ग मार्च-2एफ रॉकेट के जरिए अंतरिक्ष में भेजा गया था।

SOURCE : LIVE HINDUSTAN