Home - Samsung Galaxy S27 Pro vs S27 Ultra: दोनों में क्या होगा अंतर?...

Samsung Galaxy S27 Pro vs S27 Ultra: दोनों में क्या होगा अंतर? जानें फीचर्स की पूरी डिटेल

5
0

Source :- LIVE HINDUSTAN

Samsung Galaxy S27 सीरीज में इस बार नया Pro मॉडल आ सकता है। लेकिन S27 Pro और S27 Ultra में क्या होगा अंतर? जानिए कैमरा, बैटरी, डिस्प्ले और S Pen से जुड़ी संभावित डिटेल्स क्या सामने आई हैं।

साउथ कोरियन टेक कंपनी सैमसंग की अगली फ्लैगशिप स्मार्टफोन सीरीज Samsung Galaxy S27 को लेकर चर्चाएं शुरू हो गई हैं। इस सीरीज में कंपनी एक नया मॉडल Galaxy S27 Pro पेश कर सकती है। यह फोन Galaxy S27 Ultra के मुकाबले थोड़ा छोटा होगा, लेकिन इसमें कई प्रीमियम फीचर्स मिलने की उम्मीद है। ऐसे में यूजर्स को Ultra के अलावा एक नया विकल्प मिल सकता है। दोनों फोन में डिस्प्ले, कैमरा, बैटरी और S Pen के मामले में अंतर देखने को मिल सकता है। आइए जानते हैं Samsung Galaxy S27 Pro और Galaxy S27 Ultra में क्या-क्या अंतर हो सकता है।

सैमसंग ने अभी इन दोनों स्मार्टफोन को आधिकारिक तौर पर पेश नहीं किया है। इसलिए सामने आई जानकारियों को संभावित स्पेसिफिकेशन और लीक्स के तौर पर ही देखा जाना चाहिए।

डिस्प्ले और डिजाइन में अंतर

लीक्स के मुताबिक, Samsung Galaxy S27 Pro में करीब 6.5 से 6.6 इंच का Dynamic AMOLED 2X डिस्प्ले मिल सकता है। वहीं, Galaxy S27 Ultra में 6.9 इंच की बड़ी स्क्रीन दी जा सकती है। दोनों फोन में 120Hz रिफ्रेश रेट मिलने की उम्मीद है। ऐसे में गेमिंग और वीडियो देखने के लिए Ultra बेहतर विकल्प हो सकता है, जबकि Pro मॉडल को एक हाथ से इस्तेमाल करना आसान हो सकता है। दोनों स्मार्टफोन में Privacy Display फीचर भी मिल सकता है।

कैमरा किसका होगा बेहतर?

कैमरा के मामले में दोनों फोन में 200 मेगापिक्सल का प्राइमरी सेंसर मिलने की चर्चा है। Galaxy S27 Pro में इसके साथ 50 मेगापिक्सल का अल्ट्रा-वाइड कैमरा और टेलीफोटो सेंसर दिया जा सकता है। वहीं, Galaxy S27 Ultra में बेहतर जूम क्षमता वाला टेलीफोटो कैमरा मिलने की उम्मीद है।

लीक्स के अनुसार, Ultra मॉडल में 5x ऑप्टिकल जूम और Pro मॉडल में 3x ऑप्टिकल जूम मिल सकता है। ऐसे में दूर की फोटो और वीडियो रिकॉर्ड करने वालों के लिए Ultra बेहतर विकल्प साबित हो सकता है।

बैटरी और प्रोसेसर

बैटरी के मामले में भी Ultra मॉडल आगे रह सकता है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, Galaxy S27 Pro में 5200mAh की बैटरी मिल सकती है, जबकि Galaxy S27 Ultra में 5700mAh की बैटरी दी जा सकती है। दोनों फोन में 60W फास्ट चार्जिंग सपोर्ट मिलने की संभावना है। परफॉर्मेंस के लिए दोनों स्मार्टफोन में अगली पीढ़ी के फ्लैगशिप प्रोसेसर दिए जा सकते हैं। इनमें Snapdragon 8 Elite Gen 6 सीरीज के चिपसेट मिलने की चर्चा है। हालांकि, अलग-अलग मार्केट्स में प्रोसेसर का विकल्प बदल सकता है।

S Pen का भी मिलेगा विकल्प

Samsung Galaxy S27 Ultra में इनबिल्ट S Pen मिलने की उम्मीद है। इससे यूजर्स स्क्रीन पर लिखने, नोट्स बनाने और ड्रॉइंग जैसे काम कर सकेंगे। दूसरी तरफ, Galaxy S27 Pro में S Pen के लिए अलग स्लॉट मिलने की संभावना नहीं है। यह दोनों फोन के बीच एक बड़ा अंतर हो सकता है।

कौन सा फोन खरीदना होगा बेहतर?

अगर आप बड़ी स्क्रीन, बेहतर जूम कैमरा, ज्यादा बैटरी और S Pen चाहते हैं तो Galaxy S27 Ultra बेहतर विकल्प हो सकता है। वहीं, छोटे साइज में प्रीमियम फीचर्स और फ्लैगशिप परफॉर्मेंस चाहने वालों के लिए Galaxy S27 Pro आकर्षक हो सकता है। दोनों स्मार्टफोन के 2027 की शुरुआत में लॉन्च होने की उम्मीद है। हालांकि, इनकी कीमत और आधिकारिक स्पेसिफिकेशन के लिए अभी सैमसंग की घोषणा का इंतजार करना होगा।

SOURCE : LIVE HINDUSTAN