Home rss business hindi न शेयर न IPO…शख्स ने मात्र ₹2,000 निवेश से बनाया ₹4.80 करोड़...

न शेयर न IPO…शख्स ने मात्र ₹2,000 निवेश से बनाया ₹4.80 करोड़ का पोर्टफोलियो, समझें गणित

4
0

Source :- LIVE HINDUSTAN

मुख्य बातें

  • एक 38 वर्षीय निवेशक ने साल 2012 में सिर्फ ₹2,000 की मासिक SIP से निवेश शुरू किया था
  • नियमित निवेश, करियर में आय बढ़ने के साथ बचत बढ़ाने और म्यूचुअल फंड पर भरोसा रखने से आज उनका निवेश पोर्टफोलियो करीब ₹4.80 करोड़ का हो गया है
  • आइए इसका गणित समझते हैं

SIP Investment Success Story: क्या सिर्फ ₹2,000 की मासिक SIP से करोड़ों का निवेश पोर्टफोलियो बनाया जा सकता है? एक 38 वर्षीय निवेशक की कहानी बताती है कि लंबी अवधि में अनुशासन, नियमित निवेश और करियर में बढ़ती आय किस तरह बड़ा फंड तैयार करने में मदद कर सकती है। सीमित आर्थिक संसाधनों और जीवन में कई मुश्किलों के बीच पले-बढ़े इस निवेशक ने साल 2012 में महज ₹2,000 प्रति माह से निवेश शुरू किया था। आज उनका निवेश पोर्टफोलियो करीब ₹4.8 करोड़ का हो चुका है, जबकि उनकी कुल संपत्ति का मूल्य लगभग ₹10 करोड़ बताया गया है। इस निवेशक ने अपनी पूरी वित्तीय यात्रा Reddit के r/FIRE_Ind कम्युनिटी में शेयर की थी। खास बात यह है कि उन्होंने अपनी संपत्ति बनाने के लिए न तो सीधे शेयरों का चयन किया और न ही IPO में दांव लगाया। उनका भरोसा मुख्य रूप से म्यूचुअल फंड, नियमित बचत और लंबे समय तक निवेश बनाए रखने पर रहा।

₹2,000 की SIP से हुई शुरुआत

साल 2012 में निवेशक ने एक छोटी स्टाफिंग फर्म में रिक्रूटर के तौर पर अपना करियर शुरू किया था। उसी दौरान उन्होंने हर महीने ₹2,000 का निवेश एक ELSS (Equity Linked Savings Scheme) में शुरू किया। शुरुआत में उनका मकसद टैक्स बचाने के साथ-साथ नियमित बचत की आदत बनाना था। धीरे-धीरे आय बढ़ी और उन्होंने अपने निवेश की रकम भी बढ़ाई। उनकी कहानी का सबसे अहम पहलू यही है कि शुरुआत की रकम बहुत बड़ी नहीं थी। समय के साथ करियर में हुई प्रगति और बचत की क्षमता बढ़ने पर निवेश भी बढ़ता गया।

बिना स्टॉक पिकिंग और IPO

निवेशक के मुताबिक, उनके मौजूदा निवेश पोर्टफोलियो की वैल्यू करीब ₹4.79 करोड़ है। उन्होंने अपनी निवेश यात्रा में व्यक्तिगत शेयरों का चुनाव करने या IPO में निवेश करने से दूरी बनाए रखी। उनकी बताई जानकारी के अनुसार, पोर्टफोलियो में शामिल प्रमुख निवेश इस प्रकार है

  • इक्विटी म्यूचुअल फंड:- 2.65 करोड़
  • EPF: 63 लाख
  • US-लिस्टेड स्टॉक्स:- 45 लाख
  • फिक्स्ड डिपॉजिट:- 32 लाख
  • NPS:- 29 लाख

इसके अलावा उनके पास PPF, सुकन्या समृद्धि योजना, चुनिंदा बॉन्ड, LIC पॉलिसी और अन्य बचत के साधन भी हैं। निवेशक के अनुसार, उनके पोर्टफोलियो की औसत सालाना वृद्धि दर (CAGR) करीब 10.5% रही है। हालांकि, निवेश से मिलने वाला रिटर्न बाजार की स्थिति के आधार पर बदल सकता है और पिछले रिटर्न भविष्य की गारंटी नहीं होते।

₹60 लाख के फ्लैट ने दिया बड़ा झटका

हर वित्तीय सफर हमेशा आसान नहीं होता। इस निवेशक के साथ भी एक बड़ा झटका लगा। साल 2016 में उन्होंने करीब ₹60 लाख का एक अंडर-कंस्ट्रक्शन फ्लैट बुक किया था और लगभग ₹30 लाख का भुगतान भी कर दिया था। लेकिन बाद में बिल्डर डिफॉल्ट कर गया। इस वजह से उनका होम डील से जुड़ा मामला फंस गया और वह इस विवाद को लेकर कानूनी लड़ाई भी लड़ रहे हैं। निवेशक के मुताबिक, मामला NCLAT (National Company Law Appellate Tribunal) तक पहुंचा हुआ है। यह अनुभव बताता है कि अच्छी निवेश योजना के बावजूद रियल एस्टेट जैसे बड़े फैसलों में जोखिम को समझना और जरूरी दस्तावेजों की जांच करना कितना महत्वपूर्ण हो सकता है।

करियर की ग्रोथ ने बदली फाइनेंशियल जर्नी

निवेश की नियमित आदत के साथ-साथ उनके करियर में हुई प्रगति ने भी संपत्ति बनाने में बड़ी भूमिका निभाई। बाद में वह एक टेक्नोलॉजी स्टार्टअप से जुड़े। कंपनी के सार्वजनिक होने पर उनके इक्विटी होल्डिंग्स से करीब ₹60 लाख का फायदा हुआ। इसके बाद कंपनी में रीस्ट्रक्चरिंग के दौरान उनकी नौकरी चली गई। हालांकि, उन्होंने हार नहीं मानी और स्वतंत्र कॉन्ट्रैक्टिंग का रास्ता चुना। वर्तमान में उनकी सालाना आय करीब ₹44 लाख है। उनकी पत्नी, जो एक सॉफ्टवेयर इंजीनियर हैं, की सालाना आय लगभग ₹76 लाख बताई गई है। इस तरह परिवार की कुल सालाना फिक्स्ड आय करीब ₹1.2 करोड़ है।

हर महीने ₹5 लाख की बचत और SIP

दंपति का मासिक खर्च करीब ₹1.5 लाख है। पिछले चार वर्षों से वे लगभग ₹5 लाख प्रति माह की बचत कर रहे हैं और उनकी मौजूदा मासिक SIP भी करीब ₹5 लाख की है, यानी उनकी संपत्ति बनाने की रफ्तार सिर्फ निवेश पर मिलने वाले रिटर्न से नहीं बढ़ी, बल्कि आय बढ़ने के साथ बचत और निवेश की रकम बढ़ाना भी उनकी रणनीति का अहम हिस्सा रहा।

मुश्किल बचपन के बाद बनाई मजबूत वित्तीय स्थिति

निवेशक ने अपनी पोस्ट में बचपन के संघर्ष का भी जिक्र किया। जब वह तीन साल के थे, तब उनके पिता का निधन हो गया था। इसके बाद उनकी मां को चार बच्चों की जिम्मेदारी संभालनी पड़ी। सीमित आर्थिक संसाधनों के कारण उन्होंने एक अनाथालय और चैरिटेबल स्कूल में पढ़ाई की, जहां शिक्षा के साथ रहने और खाने की सुविधा भी मिली।

आज करीब ₹4.8 करोड़ का निवेश पोर्टफोलियो और लगभग ₹18 लाख का सालाना खर्च होने के बाद वह फाइनेंशियल इंडिपेंडेंस के करीब पहुंच चुके हैं। वह अब काम से दूरी बनाकर अपनी सेहत, परिवार और निजी रुचियों को ज्यादा समय देने पर विचार कर रहे हैं।

इस कहानी से निवेशकों को क्या सीख मिलती है?

इस निवेशक की यात्रा से कुछ महत्वपूर्ण बातें सामने आती हैं।

छोटी शुरुआत भी मायने रखती है:- निवेश शुरू करने के लिए बड़ी रकम का इंतजार जरूरी नहीं है। ₹2,000 की SIP भी नियमित निवेश की आदत बनाने की शुरुआत हो सकती है।

आय बढ़ने के साथ निवेश बढ़ाएं: करियर में आमदनी बढ़ने पर SIP और निवेश की रकम बढ़ाने से लंबे समय में बड़ा अंतर पैदा हो सकता है।

अनुशासन जरूरी है: बाजार के उतार-चढ़ाव के बीच निवेश की एक तय रणनीति पर टिके रहना महत्वपूर्ण हो सकता है।

सिर्फ रिटर्न नहीं, बचत भी अहम:- बड़ी संपत्ति बनाने में निवेश से मिलने वाले रिटर्न के साथ नियमित बचत और खर्च पर नियंत्रण की भी बड़ी भूमिका होती है।

जोखिम को समझकर निवेश करें: हर निवेश में जोखिम होता है। किसी दूसरे निवेशक की रणनीति को बिना अपनी आय, लक्ष्य और जोखिम उठाने की क्षमता समझे अपनाना सही नहीं है।

यह कहानी किसी एक ‘मल्टीबैगर’ शेयर या IPO से अचानक अमीर बनने की नहीं है। यह लंबे समय तक छोटी शुरुआत करने, करियर के साथ निवेश बढ़ाने और लगातार बचत करने की कहानी है। ₹2,000 की SIP से शुरू हुआ सफर आज करोड़ों के पोर्टफोलियो तक पहुंचा है, जो बताता है कि निवेश में समय और अनुशासन की भूमिका कितनी बड़ी हो सकती है।

SOURCE : LIVE HINDUSTAN