Source :- LIVE HINDUSTAN
अमेरिका और ईरान के बीच बढ़ते तनाव के बीच पाकिस्तान में रूस, चीन और यूएई के सैन्य मालवाहक विमान उतरने की खबरें सामने आई हैं। इन विमानों के आने से इलाके में पाकिस्तान की भूमिका को लेकर सवाल उठ रहे हैं।
पाकिस्तान के जिस नूर खान एयरबेस को भारत ने ऑपरेशन सिंदूर के दौरान तबाह किया था, वह एक बार फिर चर्चा में है। खबर है कि अमेरिका यहां से ईरान पर हमला कर सकता है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, रूस, चीन और संयुक्त अरब अमीरात (UAE) के सैन्य मालवाहक विमान पाकिस्तान में उतरे हैं। इन विमानों के आने से इलाके में पाकिस्तान की संभावित रणनीतिक भूमिका को लेकर कई सवाल खड़े हो गए हैं। खासकर इस बात पर चर्चा हो रही है कि क्या अमेरिका पाकिस्तान के नूर खान एयर बेस से ईरान पर हमले की योजना बना रहा है।
रिपोर्ट्स में जिन विमानों का जिक्र किया गया है, उनमें रूसी IL-76MD और AN-124 मालवाहक विमान तथा यूएई का IL-76 विमान शामिल हैं। ये सभी विमान सैन्य सामान और लॉजिस्टिक्स ले जाने के काम में इस्तेमाल होते हैं। खबर है कि ये विमान पाकिस्तान में सैन्य कार्गो पहुंचाने में शामिल रहे हैं।
बताया जा रहा है कि स्थिति तनावपूर्ण होने के बाद एक रूसी सैन्य मालवाहक विमान किर्गिस्तान की राजधानी बिश्केक से कराची के लिए उड़ा भरा है। इसके अलावा बांग्लादेश के चटगांव से एक बड़ा AN-124 कार्गो विमान भी कराची पहुंचा। रूसी, चीनी और यूएई के विमानों के एक साथ आने से यह सवाल उठ रहे हैं कि ये किस तरह का सामान ले जा रहे हैं और इन उड़ानों का असल मकसद क्या है?
पाकिस्तान की भूमिका पर सवाल
इन घटनाओं ने ईरान-अमेरिका संकट में पाकिस्तान की भूमिका को लेकर सवाल उठ रहा है। मीडिया रिपोर्ट्स में कहा जा रहा है कि पाकिस्तान इस इलाके में संभावित निगरानी केंद्र (मॉनिटरिंग हब) के रूप में उभर रहा है। यानी अमेरिका और ईरान के बीच किसी बड़े टकराव से पहले पाकिस्तान खुफिया गतिविधियों और सैन्य गतिविधियों पर नजर रखने का काम कर सकता है।
इन सब के बीच नूर खान एयर बेस का नाम खासतौर पर चर्चा में है। यह पाकिस्तान का एक महत्वपूर्ण एयर बेस है और चीन की खुफिया एजेंसी ने दावा किया है कि अमेरिका इसी बेस से ईरान पर हमला कर सकता है।
चीन ने रूस को दी चेतावनी
सबसे अहम जानकारी यह है कि चीन की खुफिया एजेंसी ने मॉस्को को ईरान पर अमेरिकी हमले की संभावना के बारे में चेतावनी दी है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, बीजिंग ने रूस को बताया कि अमेरिका पाकिस्तान के नूर खान एयर बेस से ईरान पर हमले की तैयारी कर सकता है। इस कथित चेतावनी ने पाकिस्तानी हवाई क्षेत्र में हो रही सैन्य गतिविधियों को और ज्यादा महत्वपूर्ण बना दिया है। जब अमेरिका और ईरान के बीच तनाव पहले से ही ऊंचे स्तर पर है, तब ऐसी चेतावनी पूरे इलाके के लिए चिंता का विषय बन गई है।
इजरायल और भारत भी सक्रिय
वहीं मामला सामने आने के बाद इजरायल और भारत भी चीन की इस खुफिया चेतावनी का गंभीरता से आकलन कर रहे हैं। यह चेतावनी रूस के साथ साझा की गई थी, और अब दिल्ली और तेल अवीव, दोनों अपनी-अपनी खुफिया एजेंसियों के जरिए इसकी पुष्टि और असर को समझने की कोशिश कर रहे हैं कि आखिर प्लान क्या है?
क्या हो सकता है असर?
रूस, चीन और यूएई के सैन्य विमानों के कराची पहुंचने के बाद अब सबकी नजर इस बात पर है कि ईरान और अमेरिका के बीच तनाव और बढ़ने पर पाकिस्तान क्षेत्रीय निगरानी और सैन्य लॉजिस्टिक्स में क्या भूमिका निभाएगा। अमेरिका-ईरान तनाव पहले से ही पश्चिम एशिया को अस्थिर कर रहा है। ऐसे में पाकिस्तान में विदेशी सैन्य विमानों की गतिविधि और चीन की चेतावनी ने पूरे इलाके की सुरक्षा स्थिति को और जटिल बना दिया है।
फिलहाल आधिकारिक तौर पर किसी भी देश ने इन रिपोर्ट्स की पुष्टि या खंडन नहीं किया है, लेकिन खुफिया और सैन्य हलकों में ये घटनाएं चर्चा का बड़ा विषय बनी हुई हैं।
SOURCE : LIVE HINDUSTAN




