Home LIFESTYLE NEWS HINDI अपनी नौकरी से प्यार करो, कंपनी से नहीं! नारायण मूर्ति ने ऐसा...

अपनी नौकरी से प्यार करो, कंपनी से नहीं! नारायण मूर्ति ने ऐसा क्यों कहा?

4
0

Source :- LIVE HINDUSTAN

इंफोसिस के फाउंडर नारायण मूर्ति की एक बात नौकरी करने वाले हर इंसान को समझनी चाहिए। उनका मानना है कि अपने काम से प्यार करें, लेकिन कंपनी से इतना जुड़ाव न रखें कि खुद को ही भूल जाएं।

Love your job, but never fall in love with your company!

नौकरी करते हुए कई लोग अपनी कंपनी को ही अपनी दुनिया बना लेते हैं। वे ऑफिस के लिए एक्स्ट्रा समय देते हैं, हर मुश्किल में कंपनी के साथ खड़े रहते हैं और कई बार अपनी जरूरतों को भी पीछे कर देते हैं। लेकिन क्या किसी कंपनी के लिए इतना इमोशनल होना सही है? इंफोसिस के फाउंडर एनआर नारायण मूर्ति की एक बात इस सोच को नए तरीके से देखने का मौका देती है। उनका कहना है, ‘अपने काम से प्यार करें, लेकिन कंपनी से कभी प्यार में न पड़ें।’ इस बात का मतलब नौकरी से दूरी बनाना नहीं, बल्कि अपने काम और कंपनी के बीच सही फर्क समझना है।

अपने काम से प्यार करने का क्या मतलब है?

नारायण मूर्ति की इस बात का पहला हिस्सा कहता है कि आपको अपने काम से प्यार होना चाहिए। यानी आप जो काम कर रहे हैं, उसमें आपकी दिलचस्पी होनी चाहिए। आप हर दिन कुछ नया सीखना चाहें, अपनी स्किल बेहतर करें और जो जिम्मेदारी मिली है, उसे अच्छे से पूरा करें।

  • जब आपको अपना काम पसंद होता है, तो आप सिर्फ सैलरी के लिए काम नहीं करते। आप चाहते हैं कि आपका काम अच्छा हो और उससे कुछ बेहतर नतीजे निकलें। ऐसे में आपको हर बार बॉस की तारीफ या दूसरों की शाबाशी का इंतजार भी नहीं रहता। आप खुद जानते हैं कि आपने अपना काम कितनी अच्छी तरह किया है।

कंपनी से ज्यादा जुड़ाव क्यों ठीक नहीं?

इस बात का दूसरा हिस्सा थोड़ा सोचने पर मजबूर करता है। नारायण मूर्ति कहते हैं कि कंपनी से इतना प्यार न करें कि आपकी पूरी पहचान उसी से जुड़ जाए। दरअसल, कंपनी कोई परिवार नहीं, बल्कि एक बिजनेस है। वहां समय के साथ लोग बदलते हैं, बॉस बदलते हैं, पॉलिसी बदलती हैं और कई बार कंपनी के काम करने का तरीका भी बदल जाता है।

  • आज जिस कंपनी में आप काम कर रहे हैं, हो सकता है कुछ साल बाद वहां आपकी जगह ही न हो। कभी कंपनी किसी को नौकरी से निकाल सकती है, तो कभी आप खुद बेहतर मौके के लिए नौकरी छोड़ सकते हैं। ऐसे में अगर आपने अपनी पहचान को सिर्फ उसी कंपनी से जोड़ लिया है, तो वहां से अलग होना काफी मुश्किल हो सकता है।

यह सोच आपको खराब वर्क कल्चर में फंसने से बचाती है

कई बार लोग ऑफिस में परेशान होने के बाद भी नौकरी नहीं छोड़ पाते। उन्हें लगता है कि कंपनी ने उन्हें इतने साल दिए हैं, टीम के लोग अच्छे हैं या उन्होंने यहां बहुत मेहनत की है। इसी सोच में वे खराब वर्क कल्चर, जरूरत से ज्यादा काम और लगातार तनाव को भी सहते रहते हैं।

  • नारायण मूर्ति की यह बात ऐसे लोगों को याद दिलाती है कि नौकरी आपकी जिंदगी का एक हिस्सा है, पूरी जिंदगी नहीं। अगर किसी जगह आपको आगे बढ़ने का मौका नहीं मिल रहा या वहां आपकी सेहत और पर्सनल लाइफ पर बुरा असर पड़ रहा है, तो दूसरे मौके तलाशना गलत नहीं है।

आपकी असली ताकत आपकी स्किल है

किसी कंपनी में काम करने से आपको अनुभव जरूर मिलता है, लेकिन आपकी असली पहचान आपकी स्किल और काम करने के तरीके से बनती है। कंपनी बदल सकती है, लेकिन आपने जो सीखा है, वह आपके साथ रहता है। अगर आप अपनी स्किल पर काम करते रहेंगे, नई चीजें सीखेंगे और खुद को बेहतर बनाएंगे, तो जरूरत पड़ने पर दूसरी नौकरी ढूंढना या किसी नए काम की शुरुआत करना आसान होगा।

करियर में आगे बढ़ने के कुछ टिप्स

  1. काम को बेहतर बनाने पर ध्यान दें: जिस काम की जिम्मेदारी आपके पास है, उसे अच्छे से करना सीखें।
  2. अपनी पहचान कंपनी से अलग रखें: आप जिस कंपनी में काम करते हैं, वह आपकी पहचान का एक हिस्सा हो सकती है, लेकिन आपकी पूरी पहचान नहीं।
  3. नई चीजें सीखते रहें: एक ही तरह का काम करते रहने के बजाय नई स्किल सीखें। इससे आपके पास आगे बढ़ने के ज्यादा मौके होंगे।
  4. जरूरत पड़ने पर बदलाव से न डरें: अगर किसी जगह आपको आगे बढ़ने का मौका नहीं मिल रहा, तो दूसरी नौकरी तलाशने में हिचकिचाएं नहीं।

SOURCE : LIVE HINDUSTAN