Home rss world hindi CEO ने किया ‘इश्क’, पूरी Nvidia पर अब रिस्क; कैसे सबसे बड़ी...

CEO ने किया ‘इश्क’, पूरी Nvidia पर अब रिस्क; कैसे सबसे बड़ी चिप कंपनी खतरे में

5
0

Source :- LIVE HINDUSTAN

दुनिया की सबसे बड़ी चिप कंपनी एनवीडिया इस बार कारोबार नहीं, बल्कि अपने सीईओ जेन्सन हुआंग के अफेयर के कारण चर्चा में है। उन्होंने एक महिला के साथ संबंध की बाद स्वीकार की है। कहा जा रहा है कि वह चीनी जासूस है।

चिप निर्माता कंपनी एनवीडिया के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (CEO) और सह-संस्थापक जेनसन हुआंग ने हाल ही में विवाहेतर संबंध होने की बात स्वीकार की है। हालांकि, यह मामला केवल गपशप तक सीमित नहीं है क्योंकि इस संबंध में शामिल महिला एलिस हुआंग पर चीनी खुफिया एजेंट होने का आरोप लगाया गया है।

कंप्यूटर चिप, खासकर AI प्रणालियों को विकसित करने और संचालित करने में इस्तेमाल होने वाली चिप, भू-राजनीतिक शक्ति और प्रभाव के लिए अमेरिका तथा चीन के बीच प्रतिद्वंद्विता का एक प्रमुख पहलू बन गई हैं। सबसे उन्नत एआई के लिए सबसे शक्तिशाली चिप की जरूरत होती है और अमेरिका ने इन चिप तक चीन की पहुंच सीमित करके अपनी बढ़त बनाए रखने की कोशिश की है।

Nvidia का क्यों है दबदबा

चीनी सरकार जासूसी के आरोपों को खारिज कर रही है, लेकिन खबरों के मुताबिक, एलिस हुआंग की अमेरिका में कई वर्षों से जांच चल रही है। ऐसे में सवाल उठता है कि एनवीडिया में ऐसा क्या खास है? चीन की इसमें क्या दिलचस्पी है? और अगर जेनसन हुआंग संकट में पड़ते हैं, तो उनके साथ और क्या-क्या प्रभावित हो सकता है?

दुनिया की सबसे बड़ी एआई चिप कंपनी

एनवीडिया एआई और डेटा सेंटर में इस्तेमाल होने वाली उच्च क्षमता की चिप की दुनिया की सबसे बड़ी आपूर्तिकर्ता कंपनी है। कुछ अनुमानों के मुताबिक, इस बाजार में उसकी हिस्सेदारी 80 प्रतिशत से अधिक है। कई लाख करोड़ डॉलर के मूल्यांकन वाली इस कंपनी की शुरुआत ग्राफिक्स प्रोसेसिंग यूनिट (जीपीयू) नामक चिप बनाने से हुई थी। इनका इस्तेमाल मुख्य रूप से वीडियो गेम में होता था।

हालांकि, बाद में पता चला कि ये चिप और इनके एडवांस्ड वर्जन एआई मॉडल को प्रशिक्षित करने और उनका इस्तेमाल करने के लिए जरूरी जटिल गणनाओं के लिहाज से बेहद उपयुक्त हैं। गूगल और एएमडी जैसी अन्य कंपनियों ने भी गति और दक्षता के मामले में एनवीडिया को टक्कर देने वाली चिप बनाने की कोशिश की है, लेकिन कोई भी एआई बाजार में उसके दबदबे को खत्म नहीं कर पाया है।

चीन की दिलचस्पी की वजह

इसका नतीजा यह है कि चीन के एआई विकास को धीमा करने की अमेरिकी सरकार की रणनीति में एनवीडिया की अहम भूमिका रही है। वर्ष 2022 से एनवीडिया की सबसे शक्तिशाली चिप की चीन को बिक्री पर प्रतिबंध लगा हुआ है, हालांकि पिछले साल इन प्रतिबंधों में कुछ ढील दी गई थी।

इसके बावजूद चीनी कंपनियों ने बार-बार अमेरिकी प्रतिबंधों की सीमाओं को परखने की कोशिश की है। दक्षिण-पूर्व एशिया की कुछ कंपनियों पर एनवीडिया की चिप खरीदकर उन्हें चीन भेजने का आरोप लगा है। इनमें मेगास्पीड भी शामिल है, जहां एलिस हुआंग पहले काम करती थीं।

जेनसन हुआंग ने अमेरिकी चिप निर्यात प्रतिबंधों में ढील देने के लिए लगातार पैरवी की है। एलिस हुआंग के साथ उनके संबंधों का खुलासा होने के बाद उनकी इस पैरवी को अब एक अलग नजरिये से देखा जा रहा है।

प्रतिबंधों को दरकिनार करने के आरोप

व्यापारिक रिकॉर्ड के मुताबिक, एक साल के दौरान सिंगापुर से चीन में तीन अरब अमेरिकी डॉलर से अधिक मूल्य की चिप भेजी गईं। मलेशिया से भी इसी तरह बड़ी मात्रा में चिप की आपूर्ति हुई। चीनी कंपनियों को प्रतिबंधित एनवीडिया चिप तक पहुंच उपलब्ध कराना भी तेजी से बढ़ता कारोबार बन गया है।

एआई में आई तेजी के साथ एनवीडिया का मूल्यांकन भी तेजी से बढ़ा है। हालांकि, हुआंग के विवाद का खुलासा होने के बाद कंपनी के शेयरों में गिरावट आई है। कुछ विश्लेषकों ने सवाल उठाया है कि क्या कंपनी ने अमेरिकी प्रतिबंधों की अनदेखी करके बिक्री के आंकड़े बढ़ाए थे।

यह खबरें भी आई हैं कि एनवीडिया के एक वरिष्ठ अधिकारी ने मेगास्पीड के साथ कंपनी के संबंधों की जांच रुकवाने के लिए अमेरिकी अधिकारियों पर दबाव बनाया था।

नियामकीय कार्रवाई का खतरा

विवाहेतर संबंध का खुलासा होने के बाद एनवीडिया के शेयरों में भारी गिरावट आई। अब खबरों के मुताबिक, कंपनी आपराधिक जांच का सामना कर रही है। इसी बीच अमेरिका के प्रौद्योगिकी नियामक भी सक्रिय हो गए हैं। अमेरिकी कांग्रेस ने जेनसन हुआंग से एलिस हुआंग के साथ उनके संपर्कों और विदेशी जासूसी से खुद को सुरक्षित रखने के लिए एनवीडिया की ओर से किए गए उपायों के बारे में स्पष्टीकरण मांगा है।

यदि एनवीडिया को यह गारंटी देने के लिए बाध्य किया जाता है कि उसकी चिप चीन नहीं पहुंचेगी, तो उसकी बिक्री की संभावनाएं बुरी तरह प्रभावित हो सकती हैं। इसके अलावा अगर एनवीडिया मुश्किल में पड़ती है, तो इसका असर कहीं व्यापक हो सकता है।

एआई क्षेत्र में एक-दूसरे को वित्तीय मदद देने की व्यवस्था काफी प्रचलित है। इसमें कंपनियां अपने आपूर्तिकर्ताओं या ग्राहकों में ही निवेश करती हैं। एनवीडिया इस व्यवस्था का एक प्रमुख हिस्सा है।

निवेशक पहले से ही इस बात को लेकर चिंतित हैं कि एआई में निवेश की गई भारी-भरकम रकम से वास्तव में मुनाफा कमाया भी जा सकेगा या नहीं। एआई मॉडल विकसित करने वाली प्रमुख कंपनियां एंथ्रोपिक और ओपनएआई शेयर बाजार में सूचीबद्ध होने या नए निवेश जुटाने की दिशा में आगे बढ़ रही हैं, लेकिन दोनों को कठिन वास्तविकताओं का सामना करना पड़ रहा है।

ओपनएआई ने शेयर बाजार में सूचीबद्ध होने की अपनी प्रस्तावित योजना टाल दी है, जबकि एंथ्रोपिक की संभावित शेयर बाजार सूचीबद्धता को लेकर ऐसी अटकलें हैं कि उसे ‘जंक बॉन्ड’ की श्रेणी की रेटिंग मिल सकती है। इसका मतलब है कि इसमें निवेश को अत्यधिक जोखिम वाला माना जा सकता है। डेटा सेंटर कंपनियों का मूल्यांकन भी घट रहा है। उन्हें स्थानीय समुदायों के विरोध और ऊर्जा की बढ़ती लागत जैसी चुनौतियों का सामना करना पड़ रहा है।

नेतृत्व और कंपनी की साख पर संकट

अब सवाल यह है कि आगे क्या होगा? एनवीडिया स्पष्ट रूप से संकट का सामना कर रही है। अमेरिका में एआई और डेटा सेंटर के खिलाफ विरोध बढ़ रहा है, अमेरिकी जांच एजेंसियां कंपनी पर करीबी नजर रख रही हैं और कंपनी का निदेशक मंडल अपने सीईओ की जांच कर रहा है। इसके अलावा, कई दशकों से एनवीडिया की पहचान जेनसन हुआंग की व्यक्तिगत छवि से गहराई से जुड़ी रही है। अब उनकी इस छवि को भी नुकसान पहुंचा है।

SOURCE : LIVE HINDUSTAN