Home rss world hindi Nvidia CEO के बेटे-बेटी की कितनी सैलरी? विवादों के बीच परिवार की...

Nvidia CEO के बेटे-बेटी की कितनी सैलरी? विवादों के बीच परिवार की दिलचस्प कहानी

4
0

Source :- LIVE HINDUSTAN

एनविडिया के CEO जेन्सेन हुआंग के दोनों बच्चे कंपनी में बहुत ऊंचे पदों पर काम करते हैं और दोनों को हर साल मोटी सैलरी मिलती है। यह जानकारी कंपनी की 2026 की प्रॉक्सी फाइलिंग से सामने आई है।

एनविडिया के CEO जेन्सेन हुआंग के निजी जीवन में आए बड़े विवाद ने उनकी फैमिली को एक बार फिर चर्चा में ला दिया है। हुआंग पर एक संदिग्ध चीनी महिला के साथ अफेयर का आरोप है, जिसे उन्होंने खुद भी माना है। अभी यह विवाद थमा भी नहीं था कि दूसरी अफेयर की खबर भी सामने आ गई। रिपोर्ट के अनुसार, उनका अफेयर कंपनी की हेल्थकेयर वाइस प्रेसिडेंट किम्बर्ली पॉवेल के साथ भी था। इसी बीच कंपनी की नई फाइलिंग से पता चला है कि उनके दोनों बच्चे ( मैडिसन और स्पेंसर) Nvidia में ऊंचे पदों पर काम करते हैं और उन्हें मोटी सैलरी मिलती है।

बच्चों को कितनी मिलती है सैलरी?

कंपनी की 2026 की प्रॉक्सी फाइलिंग के अनुसार, कंपनी के प्रेसिडेंट और CEO जेन्सेन हुआंग की बेटी और बेटा, दोनों कंपनी में एम्प्लॉई के तौर पर काम करते हैं। फाइलिंग के मुताबिक, मैडिसन हुआंग का फिस्कल 2026 का कुल कम्पेनसेशन लगभग 12 लाख 32 हजार डॉलर था, जबकि स्पेंसर हुआंग का कुल कम्पेनसेशन लगभग 13 लाख 20 हजार डॉलर है। बताया जाता है कि दोनों बच्चे कंपनी के सामान्य कर्मचारियों की तरह ही काम करते हैं, लेकिन उनके पद और जिम्मेदारियां काफी ऊंची हैं

मैडिसन हुआंग: शेफ से टेक कंपनी की सीनियर डायरेक्टर तक

मैडिसन हुआंग जेन्सेन और लोरी की बड़ी संतान हैं। उनकी उम्र करीब 35 साल है। वे Nvidia में फिजिकल AI प्लेटफॉर्म के लिए प्रोडक्ट और टेक्निकल मार्केटिंग की सीनियर डायरेक्टर के पद पर काम करती हैं। यानी वे कंपनी के उन प्रोडक्ट्स की मार्केटिंग और टेक्निकल रणनीति संभालती हैं जो रोबोट्स और मशीनों को AI से जोड़ते हैं।

मैडिसन का करियर शुरुआत में खाने-पीने के काम से जुड़ा था। उन्होंने 2012 में अमेरिका के क्यूलिनरी इंस्टीट्यूट ऑफ अमेरिका से क्यूलिनरी आर्ट्स की डिग्री ली। इसके बाद न्यूयॉर्क और सैन फ्रांसिस्को बे एरिया में शेफ के तौर पर काम किया। फिर वे और ट्रेनिंग के लिए पेरिस चली गईं, जहां उन्होंने ले कॉर्डन ब्लू में पढ़ाई की। बाद में मियामी के मंडारिन ओरिएंटल होटल में काम किया और एक दो-मिशेलिन स्टार वाले शेफ के साथ भी काम किया।

इसके बाद मैडिसन लंदन गईं और वाइन, गैस्ट्रोनॉमी और मैनेजमेंट में डिप्लोमा किया। कॉर्पोरेट दुनिया में आने के बाद वे फ्रेंच लग्जरी सामान ग्रुप LVMH में शामिल हुईं। LVMH के पास लुई वुइटन, डायर और मोएट एंड चंदन जैसे ब्रांड हैं। उन्होंने यहां करीब चार साल तक मार्केटिंग स्ट्रेटेजी और डेवलपमेंट का काम किया। बाद में लंदन बिजनेस स्कूल से मार्केटिंग और स्ट्रैटेजी में MBA किया।

जून 2020 में मैडिसन Nvidia में MBA इंटर्न के रूप में जुड़ीं। उन्होंने एंटरप्राइज मार्केटिंग और स्ट्रैटेजी पर काम किया। उसके बाद कंपनी में मार्केटिंग कैंपेन और प्रोडक्ट मार्केटिंग से जुड़े कई रोल किए और अब सीनियर डायरेक्टर के पद पर पहुंच गई हैं।

मैडिसन की शादी निको कैप्रेज से हुई है। निको पहले स्विट्जरलैंड के प्रोफेशनल स्की रेसर थे। अब वे Nvidia में ग्लोबल AI इंफ्रास्ट्रक्चर ग्रोथ के वाइस प्रेसिडेंट हैं। यानी कंपनी के AI इंफ्रास्ट्रक्चर को दुनियाभर में बढ़ाने का काम वे संभालते हैं।

स्पेंसर हुआंग: बार चलाने वाले से रोबोटिक्स लीडर तक

स्पेंसर हुआंग Nvidia में रोबोटिक्स सॉफ्टवेयर प्रोडक्ट्स मैनेज करते हैं। वे कंपनी के रोबोटिक्स बिजनेस में लीडरशिप रोल में हैं। स्पेंसर ने कोलंबिया कॉलेज शिकागो से पढ़ाई की और 2012 में इंटरनेशनल मार्केटिंग और कल्चरल स्टडीज में BA की डिग्री हासिल की। पढ़ाई पूरी करने के बाद वे ताइवान चले गए, जहां नेशनल ताइवान यूनिवर्सिटी में मंडारिन भाषा सीखी। वहां उन्होंने अपने एक दोस्त के साथ मिलकर ताइपे में ‘R&D कॉकटेल लैब’ नाम का एक कॉकटेल बार भी खोला।

बाद में उनका रुझान टेक्नोलॉजी और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस की ओर बढ़ा। 2019 में उन्होंने मैसाचुसेट्स इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी (MIT) के एक प्रोग्राम में एडमिशन लिया, जो ह्यूमन-कंप्यूटर इंटरैक्शन और यूजर एक्सपीरियंस डिजाइन पर फोकस करता था। उसके बाद न्यूयॉर्क यूनिवर्सिटी के स्टर्न स्कूल ऑफ बिजनेस से MBA किया और 2022 में प्रोग्राम पूरा किया। उनकी पढ़ाई टेक प्रोडक्ट मैनेजमेंट, बिजनेस एनालिटिक्स और स्ट्रैटेजी पर केंद्रित थी।

जुलाई 2022 में स्पेंसर Nvidia में शामिल हुए। शुरुआत में वे कंपनी की आइज़ैक सिम क्लाउड टीम में प्रोडक्ट मैनेजर के रूप में काम करते थे। यह टीम रोबोटिक्स डेवलपर्स के लिए सिमुलेशन टूल्स बनाती है। बाद में वे कंपनी के रोबोटिक्स बिजनेस में लीडरशिप की भूमिका में आ गए।

विवाद और बोर्ड की तैयारी

बता दें कि जेन्सेन हुआंग के निजी जीवन आजकल चर्चा में है। Nvidia के को-फाउंडर और CEO जेन्सेन हुआंग ने एलिस हुआंग नाम की एक महिला के साथ अफेयर होने की बात मानी है। अमेरिकी एजेंसियों को शक है कि एलिस चीनी खुफिया एजेंसी से जुड़ी हो सकती हैं। रविवार को Nvidia के कर्मचारियों को भेजे एक पत्र में जेन्सेन हुआंग ने इस मामले को माना। उन्होंने लिखा कि उन्होंने अपनी पत्नी के साथ धोखा किया है। उनके कामों से पत्नी और बच्चों को दुख हुआ है। उन्होंने कहा कि उनके पास कोई बहाना नहीं है और उन्हें बहुत अफसोस है।

रिपोर्ट्स के मुताबिक, Nvidia का बोर्ड जेन्सेन हुआंग को CEO के पद से हटाने की तैयारी कर रहा है। बोर्ड संभावित उत्तराधिकारियों की पहचान के लिए एक बाहरी फर्म के साथ काम कर रहा है। बुधवार (लोकल टाइम) को बोर्ड की मीटिंग होने वाली है, जिसमें हुआंग के भविष्य पर फैसला हो सकता है।

SOURCE : LIVE HINDUSTAN