Source :- INDIATV NEWS

मध्यप्रदेश के रीवा के श्याम शाह मेडिकल कॉलेज रीवा में छात्रा की शिकायत को लेकर शुरू हुआ विवाद अब एक नया मोड़ लेता नजर आ रहा है। वरिष्ठ चिकित्सक एवं मेडिकल कॉलेज के पूर्व डीन डॉ. मनोज इंदुलकर पर छात्रा द्वारा लगाए गए गंभीर आरोपों के बाद दिनभर चले घटनाक्रम, हंगामे और चर्चाओं के बीच अचानक उनकी तबीयत बिगड़ने की खबर सामने आई है। हालत गंभीर होने पर उन्हें निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उन्हें ICU में रखकर उपचार किया जा रहा है। बताया जा रहा है कि दिनभर चले हंगामे के बीच अचानक डॉ. इंदुलकर की तबीयत खराब हो गई। आशंका जताई जा रही है कि उन्हें दिल का दौरा पड़ा है। फिलहाल निजी अस्पताल में उनका उपचार जारी है और उन्हें HOD पद से भी हटाए जाने की भी चर्चा तेज है।
दिनभर चले हंगामें के बाद अचानक बिगड़ी तबीयत
बताया जा रहा है कि दिनभर चले घटनाक्रम के दौरान डॉ. इंदुलकर की तबीयत अचानक खराब हो गई। उन्हें तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया। चिकित्सकीय स्तर पर दिल का दौरा पड़ने की आशंका जताई जा रही है, हालांकि इसकी अभी तक कोई आधिकारिक पुष्टि सामने नहीं आई है। फिलहाल डॉक्टरों की निगरानी में उनका उपचार जारी है।
छात्रा की शिकायत से मेडिकल कॉलेज में मचा हड़कंप
पूरा मामला उस समय सुर्खियों में आया जब श्याम शाह मेडिकल कॉलेज की एक छात्रा ने पूर्व डीन डॉ. इंदुलकर के खिलाफ यौन उत्पीड़न से जुड़े गंभीर आरोप लगाते हुए अमहिया थाने में शिकायत की। शिकायत के बाद पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए छात्रा के बयान दर्ज किए। मामला सामने आने के बाद मेडिकल कॉलेज परिसर से लेकर चिकित्सा जगत तक चर्चाओं का दौर शुरू हो गया।
HOD पद से भी हटाए जाने की चर्चा
इस पूरे विवाद के बीच डॉ. इंदुलकर की प्रशासनिक जिम्मेदारियों को लेकर भी चर्चाएं तेज हो गई हैं। सूत्रों के हवाले से यह चर्चा सामने आ रही है कि उन्हें विभागाध्यक्ष (HOD) के पद से भी हटाया जा सकता है। हालांकि इस संबंध में अभी तक कोई आधिकारिक आदेश या पुष्टि सामने नहीं आई है।
जांच और स्वास्थ्य दोनों पर टिकी निगाहें
एक तरफ छात्रा की शिकायत पर पुलिस की जांच और दूसरी तरफ वरिष्ठ चिकित्सक की अचानक बिगड़ी तबीयत ने इस पूरे मामले को और संवेदनशील बना दिया है। अब सबकी निगाहें पुलिस की आगे की कार्रवाई, मेडिकल कॉलेज प्रबंधन के निर्णय और अस्पताल से मिलने वाले स्वास्थ्य संबंधी आधिकारिक मेडिकल बुलेटिन पर टिकी हैं। फिलहाल मामले में आरोपों की जांच जारी है और किसी भी निष्कर्ष पर पहुंचना जल्दबाजी होगी। पुलिस जांच में सामने आने वाले तथ्यों और आधिकारिक बयानों के बाद ही पूरे घटनाक्रम की तस्वीर साफ हो सकेगी।
(रीवा से अशोक मिश्रा की रिपोर्ट)
ये भी पढ़ेंः भोपाल में धनकुबेर निकला वन विभाग का SDO, छापेमारी में 7 करोड़ से ज्यादा की संपत्ति, बेशुमार सोना-चांदी और कैश मिला
SOURCE : INDIATV NEWS




