Home rss world hindi आसिम मुनीर-शहबाज शरीफ वाली लिस्ट में असदुद्दीन ओवैसी का भी नाम, किसने...

आसिम मुनीर-शहबाज शरीफ वाली लिस्ट में असदुद्दीन ओवैसी का भी नाम, किसने जारी की सूची?

4
0

Source :- LIVE HINDUSTAN

पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ और सैन्य प्रमुख आसिम मुनीर दोनों को इस लिस्ट में टॉप पर जगह मिली है। वहीं सूची में भारत के मुस्लिम समुदाय के कुछ लोगों के नाम भी हैं। ओवैसी इन्हीं में से एक हैं।

भारत में ऑल इंडिया मजलिस ए इत्तेहादुल मुस्लिमीन यानी AIMIM चीफ असदुद्दीन ओवैसी का नाम पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ और सैन्य प्रमुख फील्ड मार्शल आसिम मुनीर वाली एक लिस्ट में आया है। इस लिस्ट में जहां शरीफ और मुनीर टॉप पर हैं, तो वहीं ओवैसी ने टॉप 500 लोगों की सूची में जगह बनाई है। लिस्ट में कुछ और भारतीय भी हैं।

दरअसल हाल ही में दुनिया के 500 सबसे प्रभावशाली मुस्लिमों की एक लिस्ट जारी की गई है। यह लिस्ट जॉर्डन बेस्ड एक संस्थान ‘रॉयल इस्लामिक स्ट्रैटेजिक स्टडीज सेंटर’ (RISSC) ने जारी की है। लिस्ट हर साल जारी की जाती है। अब 2027 की रिपोर्ट के मुताबिक मुनीर और शहबाज शरीफ तीन अन्य नेताओं के साथ संयुक्त रूप से टॉप पोजीशन पर हैं। इस लिस्ट के टॉप-50 में भारत से भी एक नाम शामिल है। यह नाम है जमीयत उलेमा-ए-हिंद (JUH) के अध्यक्ष मौलाना महमूद मदनी। हालांकि पिछले साल के मुकाबले मदनी की रैंकिंग 2 पायदान गिर गई है, फिर भी वे लिस्ट में 18वें स्थान पर हैं।

और किन्हें मिली जगह?

लिस्ट में शहबाज शरीफ और मुनीर को पहले स्थान पर जगह मिलने की वजह मक्का समझौता है। उनके अलावा ईरान के सर्वोच्च नेता मोजतबा खामेनेई को दूसरे स्थान पर जगह मिली है। वहीं तीसरे स्थान पर जॉर्डन के किंग अब्दुल्ला और कतर के अमीर शेख तमीम चौथे स्थान पर हैं। पाकिस्तान के मुफ्ती तकी उस्मानी 7वें और यमन के हूती नेता अब्दुल-मलिक अल-हूती 17वें स्थान पर हैं। इसके अलावा अफगानिस्तान के तालिबान सर्वोच्च नेता हिबतुल्लाह अखुंदजादा, सीरिया के अहमद अल-शरा और न्यूयॉर्क के मेयर जोहरान ममदानी भी टॉप-50 में शामिल हैं।

मदनी को क्यों मिली लिस्ट में जगह?

मौलाना महमूद मदनी 1919 में स्थापित संगठन जमीयत उलेमा-ए-हिंद (JUH) के अध्यक्ष हैं। यह संगठन ऐतिहासिक रूप से राष्ट्रवाद की वकालत करता रहा है। महमूद मदनी 2001 से 2021 तक JUH के महासचिव रहे और फिर राष्ट्रीय अध्यक्ष बने। रिपोर्ट में मदनी को शामिल करने के पीछे अहम वजहें बताई गई हैं। इसके मुताबिक मदनी ने नागरिकता, धार्मिक स्वतंत्रता और आतंकवाद के मामलों में कथित रूप से झूठे फंसाए गए लोगों सहित अल्पसंख्यक के अधिकारों की कानूनी पैरवी की, इस्लामोफोबिया के खिलाफ आवाज उठाई और गाजा में इजरायली सैन्य अभियानों की आलोचना भी की। इसके अलावा, जिक्र है कि मदनी ने वक्फ संपत्तियों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए इसे भारतीय मुसलमानों का सामूहिक दायित्व बताया।

ओवैसी का नाम कहां?

इंडिया टुडे की एक रिपोर्ट के मुताबिक इस लिस्ट में 500 प्रभावशाली मुस्लिमों की इस रिपोर्ट में केवल शीर्ष 50 को ही व्यक्तिगत रैंक दी जाती है। इसके अलावा 450 लोगों के नाम को श्रेणियों में रखा जाता है। इन 450 लोगों में ही ओवैसी का नाम है। उनके अलावा इसमें जाकिर नाइक, उद्योगपति अजीम प्रेमजी और दाऊदी बोहरा समुदाय के प्रमुख सैयदना मुफद्दल सैफुद्दीन भी नाम भी हैं। वहीं लिस्ट में शाहरुख खान, आमिर खान, सलमान खान, शबाना आजमी और एआर रहमान के नाम भी हैं।

SOURCE : LIVE HINDUSTAN