Home rss business hindi 5 दिन में सोना ₹6000 से अधिक टूटा, चांदी करीब ₹17000 हुई...

5 दिन में सोना ₹6000 से अधिक टूटा, चांदी करीब ₹17000 हुई सस्ती, आज क्यों चढ़े भाव?

4
0

Source :- LIVE HINDUSTAN

मुख्य बातें

  • Gold Silver Rates Today: आज 24 कैरेट गोल्ड की कीमत 134418 रुपये प्रति 10 ग्राम पर खुली
  • जबकि, चांदी 168950 रुपये प्रति किलो पर थी
  • अगर पिछले 5 कारोबारी दिनों की बात करें तो सोना 140603 रुपये से 134418 रुपये पर आ गया है
  • इसमें 6000 रुपये से अधिक की गिरावट हुई है

MCX पर आज मंगलवार दोपहर सवा एक बजे के करीब सोने का भाव 0.22 प्रतिशत यानी 291 रुपये चढ़कर 134841 रुपये प्रति 10 पर ट्रेड कर रहा था। वहीं, चांदी के भाव में करीब 1700 रुपये की तेजी थी और यह 169699 रुपये प्रति किलो पर थी। जहां तक सर्राफा बाजार की बात करें तो आज 24 कैरेट गोल्ड की कीमत 134418 रुपये प्रति 10 ग्राम पर खुली। जबकि, चांदी 168950 रुपये प्रति किलो पर थी। अगर पिछले 5 कारोबारी दिनों की बात करें तो सोना 140603 रुपये से 134418 रुपये पर आ गया है। इसमें 6000 रुपये से अधिक की गिरावट हुई है और चांदी करीब 17000 रुपये सस्ती हुई है।

सोने में निचले स्तर से लौटी तेजी, चांदी भी चमकी

अंतरराष्ट्रीय बाजारों में भी सोने और चांदी की कीमतों में मंगलवार को निचले स्तर से रिकवरी देखने को मिली। सितंबर 2025 के बाद सबसे निचले स्तर पर बंद होने के बाद सोने में निचले भाव पर खरीदारी लौटी।

अंतरराष्ट्रीय बाजार में सोना 0.6 फीसदी तक उछलकर 3,880 डॉलर प्रति औंस के करीब पहुंच गया। वहीं, चांदी भी 1.1 फीसदी की तेजी के साथ 47.54 डॉलर प्रति औंस पर पहुंच गई। हालांकि, अमेरिकी फेडरल रिजर्व की ओर से ब्याज दरों में आगे भी बढ़ोतरी की आशंका के चलते कीमती धातुओं पर दबाव बना हुआ है।

2027 तक बढ़ सकती हैं ब्याज दरें

ब्लूमबर्ग के मुताबिक सोने की कीमतों में गिरावट की बड़ी वजह अमेरिका में महंगाई का लगातार ऊंचा बने रहना और फेडरल रिजर्व की सख्त मौद्रिक नीति की आशंका है। बाजार को उम्मीद है कि फेडरल रिजर्व 2027 तक ब्याज दरों में बढ़ोतरी जारी रख सकता है।

ब्याज दरों में बढ़ोतरी का असर सोने पर पड़ता है, क्योंकि सोने से निवेशकों को ब्याज नहीं मिलता। ऐसे में ब्याज दरें बढ़ने पर निवेशकों का रुझान दूसरी संपत्तियों की ओर बढ़ जाता है।

4,000 डॉलर से नीचे सोने में बढ़ी खरीदारी

दूसरी ओर, सोने की लंबी अवधि की तेजी को लेकर निवेशकों का भरोसा अभी कायम है। जेपी मॉर्गन प्राइवेट बैंक के युक्सुआन टैंग के मुताबिक, सोने की कीमत 4,000 डॉलर प्रति औंस से नीचे आने पर केंद्रीय बैंक फिर से खरीदारी शुरू कर सकते हैं। ऊंची कीमतों के चलते कुछ केंद्रीय बैंकों ने फिलहाल खरीदारी रोक दी थी। चूंकी रेट 4,000 के नीचे आ गया है, इसलिए खरीदारी भी बढ़ गई है।

भारत में ₹1.25 लाख तक आ सकता है सोने का भाव

मार्केट एक्सपर्ट अनुज गुप्ता के मुताबिक, घरेलू बाजार में सोने का तत्काल सपोर्ट 1.35 लाख रुपये प्रति 10 ग्राम है। अगर अंतरराष्ट्रीय बाजार में सोना 3,800 डॉलर के नीचे टिकता है तो MCX पर इसकी कीमत 1.30 लाख से 1.20 लाख रुपये प्रति 10 ग्राम तक आ सकती है। चांदी के लिए 1.75 लाख और 1.68 लाख रुपये प्रति किलो के स्तर अहम सपोर्ट हैं। अंतरराष्ट्रीय बाजार में चांदी 47 डॉलर के नीचे फिसलती है तो MCX पर भाव 1.55 लाख से 1.48 लाख रुपये प्रति किलो तक आ सकता है।

(डिस्क्लेमर: यह निवेश की सलाह नहीं है। कमोडिटी मार्केट जोखिमों के अधीन है। किसी भी निवेश से पहले सूझ-बूझ के साथ फैसला करें या फाइनेंशियल एडवायजर से सलाह ले लें। लाइव हिन्दुस्तान इस आधार पर सोने-चांदी को खरीदने और बेचने की सलाह नहीं देता है।)

SOURCE : LIVE HINDUSTAN