Home rss business hindi कर्मचारियों के लिए जरूरी खबर! NPS में नॉमनी बनाना अनिवार्य, क्या बस...

कर्मचारियों के लिए जरूरी खबर! NPS में नॉमनी बनाना अनिवार्य, क्या बस इतनी बार निकलेगा फंड? जानें नियम

4
0

Source :- LIVE HINDUSTAN

मुख्य बातें

  • NPS में एक व्यक्ति केवल एक PRAN रख सकता है और खाता खोलते समय नॉमिनी बनाना अनिवार्य है
  • वहीं, NPS में कम से कम 3 साल पूरे होने के बाद सब्सक्राइबर अपने व्यक्तिगत योगदान का अधिकतम 25% 3 बार तक निकाल सकता है
  • आइए जरा विस्तार से इस नियम को समझते हैं

सरकारी कर्मचारियों के लिए रिटायरमेंट के बाद आर्थिक सुरक्षा के लिहाज से नेशनल पेंशन सिस्टम (NPS) एक अहम योजना है। लेकिन, इस स्कीम में खाता खोलने के बाद भी कुछ ऐसे नियम हैं, जिनकी जानकारी हर सब्सक्राइबर को होनी चाहिए। मसलन, NPS खाते के लिए PRAN नंबर क्यों जरूरी है, क्या एक व्यक्ति के पास एक से ज्यादा PRAN हो सकते हैं और क्या नॉमिनी बनाना अनिवार्य है? इसके अलावा जरूरत पड़ने पर NPS खाते से आंशिक निकासी कब और कितनी की जा सकती है? इन सवालों को लेकर केंद्रीय विद्यालय संगठन (KVS) ने अपने शिक्षकों के लिए अक्सर पूछे जाने वाले सवालों (FAQs) की एक लिस्ट जारी की है।

इसमें NPS से जुड़े PRAN, नॉमिनेशन और आंशिक निकासी के नियमों को समझाया गया है। ये जानकारियां अन्य सरकारी कर्मचारियों के लिए भी उपयोगी हो सकती हैं, जो NPS के तहत अपना रिटायरमेंट फंड तैयार कर रहे हैं। आइए आसान भाषा में समझते हैं कि NPS खाते से जुड़े ये जरूरी नियम क्या हैं और कर्मचारियों को किन बातों का ध्यान रखना चाहिए।

1- हर NPS सब्सक्राइबर के लिए PRAN क्यों है जरूरी?

NPS में खाता खोलने वाले प्रत्येक सब्सक्राइबर को एक खास पहचान नंबर दिया जाता है। इसे PRAN (Permanent Retirement Account Number) कहा जाता है। यह नंबर हर खाताधारक के लिए अलग होता है और उसकी पहचान के तौर पर काम करता है। PRAN की सबसे बड़ी खासियत यह है कि यह स्थायी और पोर्टेबल होता है। इसका मतलब है कि अगर कोई सरकारी कर्मचारी अपनी नौकरी बदलता है या एक संगठन से दूसरे संगठन में जाता है, तो उसे नया PRAN लेने की जरूरत नहीं होती। उसका पुराना PRAN ही जारी रहता है।

उदाहरण के लिए, अगर कोई कर्मचारी एक केंद्रीय सरकारी विभाग से दूसरे विभाग में ट्रांसफर होता है, तो रोजगार या कार्यस्थल बदलने के बावजूद उसका PRAN वही रहेगा। इससे NPS खाते और उसमें जमा रिटायरमेंट फंड को ट्रैक करना आसान होता है।

क्या एक व्यक्ति के पास दो PRAN हो सकते हैं?

नहीं। NPS के नियमों के मुताबिक, एक सब्सक्राइबर को केवल एक ही PRAN रखने की अनुमति है। यह नंबर यूनिक, स्थायी और नौकरी या स्थान बदलने पर भी वैध रहता है। इसलिए कर्मचारी को अलग-अलग संस्थानों में काम करने के दौरान भी नया PRAN बनवाने की जरूरत नहीं होती।

2- NPS में नॉमिनी बनाना अनिवार्य है या नहीं?

NPS खाता खोलते समय नॉमिनी की जानकारी देना भी जरूरी है। यानी सब्सक्राइबर को योजना से जुड़ते समय निर्धारित फॉर्म में एक या उससे अधिक लोगों को नॉमिनी के रूप में नामित करना होता है। नॉमिनी वह व्यक्ति होता है, जिसे खाताधारक की मृत्यु होने की स्थिति में नियमों के अनुसार खाते में उपलब्ध राशि प्राप्त करने का अधिकार दिया जाता है। इसलिए नॉमिनेशन की प्रक्रिया को केवल औपचारिकता समझकर नजरअंदाज नहीं करना चाहिए।

क्या NPS में एक से ज्यादा नॉमिनी बनाए जा सकते हैं?

हां। NPS सब्सक्राइबर एक या उससे अधिक व्यक्तियों को नॉमिनी बना सकता है। इसके लिए निर्धारित प्रक्रिया और फॉर्म का पालन करना होता है। इसका फायदा यह है कि खाताधारक अपनी इच्छा के अनुसार एक से ज्यादा लाभार्थियों को नामित कर सकता है। इससे भविष्य में खाते से जुड़ी रकम के भुगतान के समय परिवार के सदस्यों के लिए प्रॉसेस आसान हो सकती है।

3- NPS खाते से कब निकाल सकते हैं पैसा?

NPS में जमा पूरी रकम को अपनी मर्जी से कभी भी निकालने की सुविधा नहीं होती। हालांकि, कुछ जरूरी परिस्थितियों में सब्सक्राइबर को खाते से आंशिक निकासी (Partial Withdrawal) की अनुमति मिलती है। KVS की ओर से बताई गई शर्तों के अनुसार, आंशिक निकासी के लिए इन नियमों का पालन करना जरूरी है।

  • कम से कम 3 साल की सदस्यता:- NPS खाते में शामिल होने के बाद सब्सक्राइबर को कम से कम तीन साल तक योजना में बने रहना होगा।
  • अपने योगदान का 25% निकालने की अनुमति:- आंशिक निकासी के तहत खाताधारक अपने स्वयं के योगदान का अधिकतम 25% निकाल सकता है।
  • तीन बार निकासी की सुविधा: NPS खाते से पूरी सदस्यता अवधि के दौरान अधिकतम तीन बार आंशिक निकासी की जा सकती है।
  • सेल्फ डिक्लेरेशन जरूरी:- निकासी के लिए सब्सक्राइबर को स्व-घोषणा (Self-Declaration) जमा करनी होती है। KVS की FAQ में इसके लिए अलग से सहायक दस्तावेज जमा करने की जरूरत नहीं बताई गई है।

यहां एक बात समझना जरूरी है कि 25% निकासी की सीमा कर्मचारी के अपने योगदान पर लागू होती है। इसका मतलब यह नहीं है कि वह अपने NPS खाते में मौजूद कुल रकम का 25% निकाल सकता है। कर्मचारी और नियोक्ता दोनों के योगदान तथा निवेश से मिले रिटर्न को मिलाकर जो कुल राशि बनती है, उसके मुकाबले निकासी की कैलकुलेशन अलग हो सकती है।

4- आंशिक निकासी से पहले इन बातों का रखें ध्यान

अगर आप NPS खाते से पैसा निकालने की योजना बना रहे हैं, तो सबसे पहले यह देख लें कि आपकी सदस्यता को कम से कम 3 साल पूरे हुए हैं या नहीं। इसके बाद अपने व्यक्तिगत योगदान की जानकारी लें, क्योंकि निकासी की अधिकतम सीमा इसी के आधार पर तय होती है। साथ ही यह भी जांच लें कि आपने पहले कितनी बार आंशिक निकासी की है।

KVS की बताई गई शर्तों के मुताबिक, इस सुविधा का इस्तेमाल अधिकतम 3 बार किया जा सकता है। निकासी के लिए स्व-घोषणा जमा करना जरूरी है। हालांकि, किसी खास मामले में आवेदन के प्रॉसेस और पात्रता की पुष्टि संबंधित NPS प्राधिकरण या नोडल कार्यालय से कर लेना बेहतर है।

सरकारी कर्मचारियों के लिए क्यों जरूरी हैं ये नियम?

NPS में छोटी-छोटी प्रक्रियाओं की जानकारी न होने पर कर्मचारियों को भविष्य में परेशानी हो सकती है। PRAN नौकरी बदलने के बावजूद खाते की पहचान बनाए रखता है, जबकि नॉमिनी की जानकारी खाताधारक की अनुपस्थिति में रकम के दावे के लिए महत्वपूर्ण होती है।

वहीं, आंशिक निकासी के नियम कर्मचारियों को जरूरत के समय रिटायरमेंट बचत के एक हिस्से तक पहुंच देते हैं। लेकिन, इसके लिए सदस्यता अवधि, निकासी की सीमा और निर्धारित प्रक्रिया का पालन करना जरूरी है। इसलिए NPS सब्सक्राइबर्स को अपना PRAN सेफ रखना चाहिए, नॉमिनी की जानकारी सही दर्ज करानी चाहिए और खाते से पैसा निकालने से पहले सभी शर्तें समझ लेनी चाहिए।

SOURCE : LIVE HINDUSTAN