Source :- LIVE HINDUSTAN
सर्दियों में फोन चार्ज करते समय कहीं आप भी तो ये 3 गलतियां नहीं कर रहे? कई लोग फोन को कंबल में रखकर या हीटर के पास चार्ज करते हैं, लेकिन ऐसा करना बैटरी के लिए नुकसानदायक हो सकता है। जानें ठंड में स्मार्टफोन चार्ज करते समय किन बातों का ध्यान रखना चाहिए।
ठंड में फोन चार्ज करते समय रहें सावधान, ये 3 गलती की तो खराब हो सकता है आपका फोन
सर्दियों में अगर आप भी रात को सोने से पहले अपना स्मार्टफोन चार्जिंग पर लगाकर कंबल में घुस जाते हैं, तो जरा सावधान हो जाइए। हो सकता है कि आप फोन चार्ज करते समय अनजाने में ऐसी गलतियां कर रहे हों, जो धीरे-धीरे उसकी बैटरी की सेहत बिगाड़ सकती हैं। कई लोग ठंड से बचने के लिए फोन को कंबल के अंदर रख लेते हैं, तो कुछ लोग हीटर के पास बैठकर ही फोन चार्ज कर रहे होते हैं। देखने में ये छोटी-छोटी बातें लग सकती हैं, लेकिन आपके फोन के लिए ये खतरनाक हो सकती हैं।
दरअसल, स्मार्टफोन की बैटरी को न तो बहुत ज्यादा ठंडा माहौल पसंद है और न ही जरूरत से ज्यादा गर्मी। खासकर चार्जिंग के दौरान फोन का तापमान सही रखना जरूरी होता है। गलत तरीके से चार्जिंग करने पर फोन गर्म हो सकता है और लंबे समय में बैटरी की सेहत पर भी असर पड़ सकता है। ऐसे में अगर आप चाहते हैं कि आपके फोन की बैटरी लंबे समय तक अच्छी चले और आपको बार-बार फोन बदलने या बैटरी की परेशानी न हो, तो चार्जिंग से जुड़ी इन तीन गलतियों से बचना जरूरी है।
गलती नंबर 1: बहुत ठंडे फोन को तुरंत चार्ज न करें
अगर आप काफी देर तक बाहर ठंड में रहे हैं और घर लौटते ही फोन को चार्जिंग पर लगा देते हैं, तो यह आदत बदल लें। बहुत कम तापमान में रखे फोन को तुरंत चार्ज करना बैटरी के लिए ठीक नहीं माना जाता। लिथियम-आयन बैटरी में चार्जिंग के दौरान लिथियम आयन एक इलेक्ट्रोड से दूसरे इलेक्ट्रोड की तरफ जाते हैं। बहुत कम तापमान में यह प्रक्रिया सही तरीके से नहीं हो पाती।
क्या करें?
अगर फोन काफी देर तक ठंड में रहा है, तो उसे घर के अंदर सामान्य तापमान पर कुछ देर रखा रहने दें। जब फोन का तापमान सामान्य हो जाए, तब उसे चार्ज करें। फोन को जल्दी गर्म करने के लिए किसी गर्म चीज के संपर्क में न रखें।

गलती नंबर 2: फोन को हीटर या ब्लोअर के पास रखकर चार्ज न करें
सर्दियों में ठंड से बचने के लिए लोग हीटर, ब्लोअर का इस्तेमाल करते हैं। कुछ लोग फोन को भी जल्दी गर्म करने के लिए हीटर के पास रख देते हैं। लेकिन ऐसा करना फोन की बैटरी के लिए नुकसानदायक हो सकता है। फोन की बैटरी को बहुत ज्यादा गर्मी से भी नुकसान पहुंचता कई बार ज्यादा फोन गरम होने से बैटरी के फटने का डर भी रहता है।
क्या करें?
इसलिए फोन को हीटर, ब्लोअर के पास रखकर चार्ज करने से बचें। फोन को सामान्य कमरे के टेम्परेचर पर ही चार्ज करना बेहतर है। चार्जिंग के दौरान फोन को ऐसी जगह रखें जहां हवा आने-जाने की पर्याप्त जगह हो।
गलती नंबर 3: कंबल या तकिए के नीचे रखकर फोन चार्ज न करें
सर्दियों में बिस्तर पर बैठकर फोन चलाना आम बात है। कई लोग फोन को चार्जिंग पर लगाकर कंबल या तकिए के नीचे रख देते हैं। लेकिन यह आदत फोन की बैटरी के साथ-साथ सुरक्षा के लिहाज से भी ठीक नहीं है। चार्जिंग के दौरान फोन और चार्जर से कुछ गर्मी निकलती है। अगर फोन को कंबल, तकिए या गद्दे जैसी चीजों के नीचे रख दिया जाए, तो यह गर्मी बाहर नहीं निकल पाती। इससे ओवरहीटिंग की समस्या हो सकती है।
क्या करें?
फोन को चार्ज करते समय हमेशा किसी सख्त जगह पर रखें। कोशिश करें कि फोन के आसपास हवा आने-जाने की जगह हो। चार्जिंग के दौरान फोन को बिस्तर, तकिए या कंबल के नीचे न रखें। इसके अलावा चार्जिंग के समय हैवी गेमिंग या किसी हैवी ऐप का इस्तेमाल करने से भी बचें।
SOURCE : LIVE HINDUSTAN



