Home Latest news ताज़ा खबर ‘हर हिंदुस्तानी के खून में भगवान राम मौजूद हैं’, जावेद अख्तर के...

‘हर हिंदुस्तानी के खून में भगवान राम मौजूद हैं’, जावेद अख्तर के बयान पर सियासत तेज, जानें किसने क्या कहा?

9
0

Source :- INDIATV NEWS

मशहूर गीतकार जावेद अख्तर ने भगवान राम की महिमा बताई, राम को एक विचार बताया, जीवन शैली बताया तो विवाद हो गया। जावेद अख्तर ने कहा कि हर हिंदुस्तानी के खून में वो किसी भी मजहब के हों, भगवान राम मौजूद हैं। जावेद अख्तर की बात मौलानाओं को बुरी लग गई। कुछ मौलानाों ने तो यहां तक कह दिया कि जावेद अख्तर को धर्म परिवर्तन कर लेना चाहिए, हिन्दू धर्म स्वीकर करके अपना नाम रामगोपाल रख लेना चाहिए।

जावेद अख्तर के बयान पर किसने क्या कहा?

  • जावेद अख्तर ने भगवान राम की तारीफ की तो मौलानाओं को मिर्ची लग गई। ऑल इंडिया इमाम एसोसिएशन के अध्यक्ष मौलाना साजिद रशीदी ने कहा कि जावेद अख्तर चंद रुपयों के लिए ऐसी बातें कर रहे हैं, उन्हें अपना धर्म और नाम दोनों बदल लेने चाहिए। मौलाना साजिद रशीदी ने कहा कि भारत के मुसलमानों का भगवान राम से कोई लेना देना नहीं है। जावेद अख्तर का राम से लगाव सिर्फ बिजनेस की वजह से है।
  • इसके बाद जूना अखाड़ा के महंत योगानंद गिरी ने कहा कि जावेद अख्तर ने जो कहा वो हकीकत है। अगर कुछ मौलाना इससे चिढ़ते हैं तो उनका कुछ नहीं हो सकता। योगानंद गिरी ने कहा कि मुसलमानों को जावेद अख्तर की बात ध्यान से सुननी चाहिए, क्योंकि भारत में रहने वाले सभी लोग भगवान राम के ही वशंज हैं।
  • जावेद अख्तर के बयान पर ओवैसी की पार्टी के नेताओं ने भी नाराजगी जताई। वारिस पठान ने कहा कि जावेद अख्तर फिजूल की बातें कहते हैं, वो पहले ये बताएं कि उन्होंने मुसलमानों के खून की जांच किस लैब में कराई, किस किट से की और उन्हें कैसे पता लगा कि सबके खून में राम हैं।
  •  महाराष्ट्र बीजेपी के नेता राम कदम ने कहा कि जावेद अख्तर का एक एक शब्द सही है। भगवान राम भारत की आत्मा में बसते हैं। कोई माने या ना माने, भारत में सभी राम के ही वशंज हैं। राम कदम ने भगवान राम का विरोध करने वालों की तुलना रावण से की।
  • कल्कि धाम के पीठाधीश्वर आचार्य प्रमोद कृष्णम ने जावेद अख्तर की बात को नया एंगल दिया। आचार्य प्रमोद कृष्णम ने कहा कि जावेद अख्तर ने बात तो अच्छी कही है, लेकिन अगर वो ये बात राहुल गांधी को भी समझा दें तो कांग्रेस का भी कल्याण हो जाए और राहुल गांधी का भी। बाबा बागेश्वर तो प्रभु श्रीराम का नाम लेकर हिट हो गए, पर जावेद अख्तर ने श्रीराम की प्रशंसा की तो उनके आलोचक खड़े हो गए। 

क्या कहा था जावेद अख्तर ने?

असल में जावेद अख्तर कल इंडियन परफॉर्मिंग राइट सोसायटी की म्यूजिक क्रिएटर रिपोर्ट लॉन्च के प्रोग्राम में पहुंचे थे। इस दौरान जावेद अख्तर से हाल ही में रिलीज हुई रामायण फिल्म पर सवाल पूछा गया, तो जावेद अख्तर ने कहा कि उन्होंने फिल्म नहीं देखी है, लेकिन जरूर देखेंगे। इसके बाद जावेद अख्तर ने भगवान राम की तारीफ की और कहा कि भगवान राम को सिर्फ एक व्यक्ति के तौर पर देखना सही नहीं होगा। भगवान राम व्यक्ति नहीं बल्कि पूरी जीवनशैली हैं, हिंदुस्तान के हर आदमी के खून में राम मौजूद हैं।

ये भी पढ़ें:
‘राम हर भारतीय के खून में हैं’, जावेद अख्तर ने बताई राम की अहमियत, बयान ने खींचा ध्यान

SOURCE : INDIATV NEWS