Source :- INDIATV NEWS

बाथरूम को लोग घंटों चमकाते हैं लेकिन कई बार साफ बाथरूम से भी अजीब सी बदबू आने लगती है। एयर फ्रेशनर भी इस बदबू को दूर नहीं भगा पाते हैं। नहान और ब्रश करना भी मुश्किल हो जाता है। अगर आपके साथ भी ऐसा होता है तो इसके लिए सिर्फ बाथरूम की बाहरी सफाई काफी नहीं है। कई बार सिंक के अंदर या पाइप में कुछ ऐसा फंसा होता है जो सड़न पैदा कर देता है। इसके कई दूसरे कारण भी हो सकते हैं। आइये जानते हैं।
बाथरूम साफ होने पर भी क्यों आती है बदबू?
बाथरूम से आ रही बदबू का एक कारण सूखा हुआ ड्रेन पाइप भी हो सकता है। ये बाथरूम में फर्श के नीचे, सिंक और नाली में होता है जो कई बार नीचे U-शेप का होता है। यहां बाल, गंदगी और कुछ चीजें जमा होने से सड़न पैदा हो जाती है। जिससे तेज स्मैल आने लगती है। कई बार लंबे समय तक बाथरूम का इस्तेमाल न करने से सीवर की गैस सीधे ऊपर बाथरूम में आने लगती है। बाल, साबुन और मैल जमा होकर सड़ने लगता है जो बदबू का कारण बनता है। इसके अलावा टॉयलेट की सीट के हिंज, टाइल्स के बीच और कमोड के नीचे भी गंदगी छुपी होती है। लंबे समय तक बाथरूम बंद रहने से भी ऐसा होता है। सीलन और गंदगी के कारण भी बदबू आने लगती है।
बाथरूम की बदबू कैसे दूर करें?
बेकिंग सोडा और सिरका- जब बाथरूम साफ करें तो करीब आधा कप बेकिंग सोडा ड्रेन में भी डाल दें। अब ऊपर से 1 कप सिरका डालकर कुछ देर के लिए छोड़ दें। 10-15 मिनट के बाद नाली में तेज गरम पानी डालकर बहा दें। इससे ड्रेन की गंदगी साफ हो जाएगी। जब भी बाथरूम साफ करें ये जरूर करें।
डीप क्लीनिंग करें- 15 दिन में एक बार बाथरूम की डीप क्लीनिंग भी करनी चाहिए। छिपी हुई जगहों को अच्छी तरह से साफ करें। टॉयलेट के बेस को क्लीन करें। टाइल्स के बीच की लाइनों और सिंक के छेद को किसी पुराने ब्रश से क्लीन कर लें। इसके लिए फिनायल का इस्तेमाल कर सकते हैं।
हवा पास होने दें- बाथरूम की बदबू को दूर करने के लिए कुछ देर के लिए दरवाजे खुले रखें। नहाने के बाद हमेशा एग्जॉस्ट फैन को चलते रहने दें। बाथरूम की खिड़की खोल दें और बाथ मैट, टॉवल और शावर को गीला होने पर धूप जरूर दिखाएं। इससे बदबू दूर हो जाएगी।
संतरे के छिलके- बाथरूम से आ रही बदबू को दूर करने के लिए आप संतरे के छिलकों का इस्तेमाल कर सकते हैं। संतरे के छिलके किसी जालीदार बॉक्स में डालकर बाथरूम में रख दें। इससे अच्छी खुशबू आने लगेगी। संतरे की जगह आप नींबू के छिलकों का भी इस्तेमाल कर सकते हैं।
SOURCE : INDIATV NEWS




