Source :- LIVE HINDUSTAN
दक्षिण कोरिया के शिक्षा मंत्री चोई क्यो-जिन ने रविवार को एआई की मदद से नकल के कांड के कारण इस्तीफा दे दिया। यह कांड पिछले हफ्ते देश की महत्वपूर्ण कॉलेज प्रवेश परीक्षा से ठीक पहले सामने आया था।
दक्षिण कोरिया के शिक्षा मंत्री चोई क्यो-जिन ने रविवार को अपने पद से इस्तीफा दे दिया। उन्होंने आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) की मदद से परीक्षा में नकल के बड़े कांड और उसके कारण पैदा हुई अफरातफरी की पूरी जिम्मेदारी ली। यह कांड देश की सबसे महत्वपूर्ण कॉलेज प्रवेश परीक्षा सुनेउंग से ठीक पहले सामने आया था। राष्ट्रपति कार्यालय ने बताया कि राष्ट्रपति ली जे-म्युंग ने चोई का इस्तीफा मंजूर कर लिया है। मंत्री ने इस्तीफा देने के कुछ ही समय बाद राष्ट्रपति ने इसे स्वीकार कर लिया।
क्या है पूरा मामला?
दरअसल, पिछले रविवार को नेशनल टैक्स अकाउंटेंट परीक्षा के टॉप स्कोरर ने वीडियो संदेश में कबूल किया कि उसने नकल की। 34 साल के इस व्यक्ति ने कहा कि उसने एक छोटे माइक्रो-कैमरे की मदद से सवालों की तस्वीरें लीं, उन्हें एआई के पास भेजा और फिर स्मार्टफोन पर जवाब चेक किए। उसने 160 सवालों में से सिर्फ एक गलत किया था। यह कबूलनामा सुनेउंग परीक्षा से सिर्फ चार दिन पहले आया।
बता दें कि सुनेउंग दक्षिण कोरिया की सबसे महत्वपूर्ण परीक्षा मानी जाती है। हर साल लगभग पांच लाख छात्र इस नौ घंटे की परीक्षा देते हैं। इस परीक्षा के नतीजे से तय होता है कि छात्र किस यूनिवर्सिटी में पढ़ेंगे। अच्छी यूनिवर्सिटी से अच्छी नौकरी और सामाजिक स्थिति भी जुड़ी मानी जाती है।
सरकार ने क्या कदम उठाए?
कबूलनामे के बाद अधिकारियों ने जल्दबाजी में कई सख्त कदम उठाए। परीक्षा केंद्रों पर पब्लिक वाई-फाई बंद कर दिया गया। छात्रों के कपड़ों के बटनों पर स्टिकर चिपकाए गए, ताकि छिपे कैमरे काम न कर सकें। चश्मे, कॉलर और आस्तीनों की जांच की गई। मेटल डिटेक्टर का इस्तेमाल भी किया गया। लगभग 8400 अतिरिक्त स्टाफ तैनात किया गया। परीक्षा के दिन सरकार ने तीन बार इमरजेंसी अलर्ट भी भेजे। ये अलर्ट पूरे देश के फोन पर जोर से बजे, ताकि उन स्मार्टफोन का पता चल सके जिन्हें छात्रों ने जमा नहीं किया था।
क्या बोले मंत्री?
सोमवार को संसदीय सुनवाई में जब शिक्षा मंत्री चोई क्यो-जिन से पूछा गया कि क्या अधिकारी परीक्षा के दिन नकल करने वालों को पकड़ पाएंगे, तो 72 साल के मंत्री ने कहा कि मेरी उम्र की वजह से मुझे भरोसा नहीं है कि मैं ऐसा कर पाऊंगा। उनके इस जवाब पर तुरंत तीखी आलोचना हुई। मंत्री परीक्षा से पहले की प्रेस कॉन्फ्रेंस में भी नहीं आए। वहां उप मंत्री ने बचाव के कदम बताए। कई लोगों और शिक्षकों ने कहा कि आखिरी समय में नियम बदलने से छात्रों और स्कूलों में भ्रम फैला।
परीक्षा के दौरान क्या हुआ?
गुरुवार को हुई परीक्षा के दौरान इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस से जुड़े 111 मामले सामने आए। इनमें से लगभग आधे मामले सरकार के इमरजेंसी अलर्ट से पकड़े गए। कुछ मामलों में स्मार्ट ग्लास, छोटा कैमरा और वायरलेस ईयरफोन भी मिले। मंत्री चोई ने एक्स पर लिखा कि परीक्षा बिना किसी बड़ी घटना के खत्म हो गई, लेकिन जिम्मेदार मंत्री होने के नाते वे पहले से तैयारी न कर पाने की आलोचना से नहीं बच सकते। उन्होंने कहा कि अब परीक्षा खत्म हो गई है, इसलिए वे पूरी जिम्मेदारी लेते हुए इस्तीफा दे रहे हैं।
SOURCE : LIVE HINDUSTAN




