Home rss world hindi नॉर्थ कोरिया के तानाशाह से बात करने को ‘बेचैन’ हैं ट्रंप, अमेरिका...

नॉर्थ कोरिया के तानाशाह से बात करने को ‘बेचैन’ हैं ट्रंप, अमेरिका को ‘भाव’ नहीं दे रहे किम जोंग उन!

4
0

Source :- LIVE HINDUSTAN

उत्तर कोरिया के नेता किम जोंग उन अपने देश के परमाणु हथियारों की संख्या बढ़ा रहे हैं। वहीं वे अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की उनसे संपर्क करने की कोशिशों को नजरअंदाज कर रहे हैं।

नॉर्थ कोरिया के तानाशाह किम जोंग उन अपने देश के परमाणु हथियारों का भंडार लगातार बढ़ा रहे हैं। वहीं वे अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की ओर से की जा रही संपर्क की कोशिशों को पूरी तरह नजरअंदाज कर रहे हैं। एक तरह से कहा जाए तो किम, ट्रंप को भाव ही नहीं दे रहे हैं। वॉल स्ट्रीट जर्नल की एक रिपोर्ट में इस बात का खुलासा हुआ है कि ट्रंप प्रशासन ने कई बार किम से बातचीत शुरू करने की कोशिश की, लेकिन उत्तर कोरिया की तरफ से कोई जवाब नहीं मिला।

ट्रंप की संपर्क की कोशिशें हुईं नाकाम?

रिपोर्ट के मुताबिक, पिछले साल ट्रंप ने आधिकारिक फोन लाइन और अन्य संचार माध्यमों के जरिए किम जोंग उन से संपर्क करने की कोशिश की। लेकिन उत्तर कोरिया ने किसी भी कॉल या संदेश का जवाब नहीं दिया। इसके बाद ट्रंप ने एक व्यक्तिगत पत्र भेजने का फैसला किया। वाइट हाउस के अधिकारियों ने न्यूयॉर्क के मैनहट्टन में संयुक्त राष्ट्र स्थित उत्तर कोरिया के कार्यालय के जरिए यह पत्र पहुंचाने की योजना बनाई।

अमेरिकी अधिकारियों का एक समूह कार्यालय के बाहर इंतजार कर रहा था। जब एक उत्तर कोरियाई राजनयिक वहां से गुजरा, तो उन्होंने तुरंत उसे पत्र थमा दिया। बाद में उस राजनयिक ने संयुक्त राष्ट्र की एक बैठक के दौरान बिना खोले हुए पत्र को एक अमेरिकी प्रतिनिधि के सामने रख दिया। इससे साफ हो गया कि उत्तर कोरिया ट्रंप के संदेश को स्वीकार करने को तैयार नहीं है।

दोनों नेताओं की तीन बार मुलाकात

बता दें कि ट्रंप के पहले कार्यकाल के दौरान दोनों नेताओं की तीन बार मुलाकात हुई थी। उन मुलाकातों का मुख्य उद्देश्य उत्तर कोरिया से उसके परमाणु हथियार छीनना था। लेकिन अब स्थिति बिल्कुल अलग दिख रही है। किम जोंग उन न तो परमाणु हथियार छोड़ने में दिलचस्पी दिखा रहे हैं और न ही ट्रंप के साथ पुराने रिश्ते दोबारा बनाने को तैयार हैं।

हाल ही में ट्रंप ने अपनी एशिया यात्रा के दौरान किम से एक और मुलाकात कराने की कोशिश की। दोनों पक्षों ने आखिरी क्षणों में मीटिंग की संभावना पर बातचीत की। लेकिन किम ने कुछ शर्तें रखीं, जिन्हें अमेरिकी पक्ष स्वीकार नहीं कर सका। नतीजा यह रहा कि मुलाकात नहीं हो पाई।

नॉर्थ कोरिया के पास कितने हथियार?

2025 में जारी एक अमेरिकी खुफिया रिपोर्ट में साफ कहा गया था कि किम जोंग उन का बातचीत के जरिए अपने रणनीतिक हथियार कार्यक्रम को खत्म करने का कोई इरादा नहीं है। 2019 में दोनों नेताओं की आखिरी मुलाकात के बाद से उत्तर कोरिया के परमाणु हथियारों की संख्या लगभग 20-30 से बढ़कर करीब 60 हो गई है।

इसके अलावा उत्तर कोरिया ने ठोस ईंधन वाली इंटरकॉन्टिनेंटल बैलिस्टिक मिसाइलें भी विकसित कर ली हैं। ये मिसाइलें अमेरिका तक पहुंचने की क्षमता रखती हैं। ठोस ईंधन वाली मिसाइलों का फायदा यह है कि इनमें पहले से ईंधन भरा जा सकता है और इन्हें चलती गाड़ियों से भी लॉन्च किया जा सकता है। इससे लॉन्च से पहले इनका पता लगाना बहुत मुश्किल हो जाता है।

रूस के साथ नजदीकी

बता दें कि उत्तर कोरिया हाल के सालों में रूस के काफी करीब आ गया है। 2022 में जब रूस ने यूक्रेन पर हमला किया, तो उत्तर कोरिया ने रूस का खुला समर्थन किया। उसी साल बाद में अमेरिकी अधिकारियों ने कहा था कि उत्तर कोरिया रूस को रॉकेट और आर्टिलरी शेल भेज रहा है।

रिपोर्ट है कि उत्तर कोरिया क्रिप्टोकरेंसी की चोरी से भी बड़ी मात्रा में पैसा कमा रहा है। वॉल स्ट्रीट जर्नल की रिपोर्ट के अनुसार, उत्तर कोरिया ने हाल ही में इतिहास की सबसे बड़ी क्रिप्टोकरेंसी चोरी की है। उसने क्रिप्टोकरेंसी एक्सचेंज बाइनेंस से 6 अरब डॉलर से ज्यादा की चोरी की।

SOURCE : LIVE HINDUSTAN