Home rss world hindi चीन का 2 साल का सीक्रेट ऑपरेशन, AI चिप्स की भूख में...

चीन का 2 साल का सीक्रेट ऑपरेशन, AI चिप्स की भूख में ड्रैगन ने पार की हद; रिपोर्ट में बड़ा खुलासा

4
0

Source :- LIVE HINDUSTAN

चीन की खुफिया एजेंसी पिछले दो साल से उन्नत सेमीकंडक्टर चिप्स हासिल करने और दुनिया भर की चिप इंडस्ट्री की जानकारी जुटाने का काम कर रही है।

दुनिया के सबसे ताकतवर खुफिया नेटवर्क ने चुपचाप एक खतरनाक जंग छेड़ दी है। चीन की राज्य सुरक्षा मंत्रालय (MSS) पिछले दो साल से पश्चिमी देशों की सख्त पाबंदियों को धता बताते हुए उन्नत एआई चिप्स हासिल करने और पूरी ग्लोबल चिप इंडस्ट्री की गोपनीय जानकारी जुटाने में लगी हुई है। यह कोई साधारण जासूसी नहीं, बल्कि एक सुनियोजित अभियान है जिसमें तस्करी, कंपनियों के जरिए काम और हाई-टेक सप्लाई चेन को टारगेट किया जा रहा है। इसका मकसद साफ है। अमेरिका और उसके सहयोगियों की ओर से लगाए गए निर्यात प्रतिबंधों को बेअसर करके चीन को उन्नत तकनीक में आत्मनिर्भर बनाना।

न्यूयॉर्क टाइम्स की रिपोर्ट में क्या?

न्यूयॉर्क टाइम्स की रिपोर्ट के मुताबिक, यह कोशिश पश्चिमी देशों की ओर से लगाए गए निर्यात प्रतिबंधों से बचने के लिए की जा रही है। रिपोर्ट के अनुसार, इस काम की अगुवाई राज्य सुरक्षा मंत्रालय (MSS) कर रहा है। मंत्रालय के प्रमुख चेन यिक्सिन के नीचे एक खास टीम बनाई गई है, जो इस अभियान को देख रही है। यह टीम चीनी कंपनियों को प्रतिबंधित चिप्स तस्करी के जरिए पहुंचाने में मदद कर रही है। साथ ही सेमीकंडक्टर तकनीक, निर्माताओं और सप्लाई चेन के बारे में जानकारी भी जुटा रही है।

यह रिपोर्ट ऐसे समय आई है जब अमेरिकी अधिकारी चीनी कारोबारी एलिस हुआंग की जांच कर रहे हैं। उन पर आरोप है कि उन्होंने एनवीडिया के सह-संस्थापक जेन्सेन हुआंग पर नजर रखने के लिए बीजिंग की खुफिया एजेंसी के साथ मिलकर काम किया। न्यूयॉर्क टाइम्स की यह रिपोर्ट 20 नवंबर को छपी एक और जांच के बाद आई है। उस जांच में एलिस हुआंग के परिवार और चीनी सेना को सामान पहुंचाने वाली रक्षा कंपनियों से जुड़े बिजनेस नेटवर्क का खुलासा हुआ था।

अरबों डॉलर की फंडिंग

कॉर्पोरेट रिकॉर्ड और स्ट्राइडर टेक्नोलॉजीज नाम की खुफिया कंपनी की गोपनीय रिपोर्ट के आधार पर पता चला कि हुआंग के परिवार और उनके बिजनेस से जुड़ी कंपनियों को चीनी सरकार से करीब 3.6 अरब डॉलर की फंडिंग मिली। इस पैसे का इस्तेमाल तकनीक से जुड़े प्रोजेक्ट्स में किया गया, जिनमें एनवीडिया चिप्स वाले डेटा सेंटर भी शामिल थे। हालांकि, जांच में यह साफ नहीं हुआ कि चीनी सेना ने इन डेटा सेंटरों की कंप्यूटिंग क्षमता का इस्तेमाल किया या नहीं। हालांकि चीन ने जासूसी के आरोपों को ‘पूरी तरह मनगढ़ंत’ बताते हुए खारिज कर दिया है।

क्या चाहते हैं शी जिनपिंग?

बताया जा रहा है कि यह अभियान चीन की बड़ी रणनीति का हिस्सा माना जा रहा है। चीन विदेशी तकनीक पर निर्भरता कम करना चाहता है और अमेरिका की ओर से लगाए गए उन्नत चिप्स पर रोक का मुकाबला करना चाहता है। इस कोशिश को कम्युनिस्ट पार्टी के सेंट्रल साइंस एंड टेक्नोलॉजी कमीशन संभाल रहा है। इसे 2023 में राष्ट्रपति शी जिनपिंग ने बनाया था। कमीशन की अगुवाई पोलित ब्यूरो स्टैंडिंग कमेटी के सदस्य डिंग ज़ुएक्सियांग कर रहे हैं।

चेन यिक्सिन, जिन्होंने 2022 के अंत में MSS की कमान संभाली, ने पश्चिमी तकनीक पाबंदियों का मुकाबला करने की कोशिशें और तेज करने की बात कही है। अप्रैल में पार्टी की एक पत्रिका में उन्होंने कहा था कि एजेंसी को तकनीक की रुकावटों के खिलाफ लड़ाई तेज करनी चाहिए और इनोवेशन, औद्योगिक विकास व आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के इस्तेमाल को बढ़ावा देना चाहिए।

अमेरिका की जांच और तैयारी

न्यूयॉर्क टाइम्स के मुताबिक, अमेरिकी अधिकारी यह भी देख रहे हैं कि क्या मेगास्पीड ने चीनी सैन्य रिसर्च से जुड़े डेटा सेंटरों तक एनवीडिया चिप्स पहुंचाने में मदद की। वॉशिंगटन चीन के बाहर चल रहे डेटा सेंटरों के जरिए उन्नत एनवीडिया प्रोसेसर तक पहुंचने वाली चीनी कंपनियों पर नियंत्रण सख्त करना चाहता है। पिछले हफ्ते ट्रंप प्रशासन ने एक नियम बनाने की योजना बताई, जिसके तहत चीन, रूस और ईरान जैसी जगहों पर मुख्यालय वाली कंपनियों को बड़ी कंप्यूटिंग क्षमता देने से पहले विदेशी डेटा सेंटरों को अमेरिकी सरकार से मंजूरी लेनी होगी।

रिपोर्ट के अनुसार, यह प्रस्तावित रोक लगभग 90 दिनों में लागू होने की उम्मीद है। जांचकर्ता अभी भी एलिस हुआंग के चीनी खुफिया अभियानों से कथित संबंधों और सेना से जुड़ी कंपनियों के साथ उनके कनेक्शन की जांच कर रहे हैं।

SOURCE : LIVE HINDUSTAN