Source :- KHABAR INDIATV
भारत के युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी से हमेशा मैदान पर चौके-छक्कों की बरसात की उम्मीद रहती है, लेकिन उनका बल्ला लगातार दूसरे मुकाबले में खामोश रहा। 15 साल के वैभव सूर्यवंशी एशिया कप राइजिंग स्टार्स 2026 में अब तक अपनी छाप छोड़ने में नाकाम रहे हैं। नेपाल के खिलाफ निराशाजनक प्रदर्शन के बाद पाकिस्तान ए के खिलाफ भी वैभव बड़ी पारी नहीं खेल सके। वह महज 11 रन बनाकर पवेलियन लौट गए। उनका स्ट्राइक रेट सिर्फ 84.62 का रहा।
इंडिया ए और पाकिस्तान ए के बीच रविवार को दोहा में सभी की नजरें वैभव सूर्यवंशी पर थीं। उनसे उम्मीद थी कि वह अपनी आक्रामक बल्लेबाजी से पाकिस्तानी गेंदबाजों की मुश्किलें बढ़ाएंगे, लेकिन ऐसा नहीं हुआ। वैभव ने 13 गेंदों का सामना करते हुए सिर्फ 11 रन बनाए। उनकी पारी में दो चौके शामिल रहे। पाकिस्तान के तेज गेंदबाज इमरान रंधावा ने उन्हें मिड ऑफ पर कैच आउट कराकर पवेलियन का रास्ता दिखाया। दिलचस्प बात यह रही कि आउट होने से ठीक एक गेंद पहले वैभव ने रंधावा की गेंद को मिड ऑफ के ऊपर से उठाकर चौका लगाने की कोशिश की थी, लेकिन अगली ही गेंद पर वह अपना विकेट गंवा बैठे। इससे पहले उन्होंने अली रजा की गेंद पर कवर की दिशा में भी शानदार चौका लगाया था।
नेपाल के खिलाफ भी नहीं चला था बल्ला
वैभव सूर्यवंशी के लिए इस टूर्नामेंट की शुरुआत भी उम्मीद के मुताबिक नहीं रही थी। इंडिया ए ने अपने पहले मुकाबले में नेपाल को 306 रनों के विशाल अंतर से हराकर ऐतिहासिक जीत दर्ज की थी, लेकिन इस एकतरफा मुकाबले में वैभव बड़ी पारी खेलने में नाकाम रहे थे। उन्होंने 32 गेंदों पर 26 रन बनाए थे। अब पाकिस्तान ए के खिलाफ भी उनका बल्ला नहीं चला। इस तरह टूर्नामेंट की दो पारियों में उनके नाम सिर्फ 37 रन दर्ज हैं।
पाकिस्तान ने दिया 314 रनों का लक्ष्य
इससे पहले पाकिस्तान ए ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए 49.4 ओवर में 313 रन बनाए। टीम की ओर से हसन नवाज ने 82 गेंदों पर 79 रनों की पारी खेली। वहीं, माज सदाकत ने 59 रन और कप्तान अब्दुल समद ने 65 रनों का योगदान दिया। फरहान यूसुफ ने भी 48 गेंदों पर नाबाद 56 रन बनाकर टीम को 300 के पार पहुंचाया। भारत की ओर से हर्षित राणा, सूर्यांश शेडगे, प्रिंस यादव और विपराज निगम ने 2-2 विकेट हासिल किए। आयुष बडोनी को एक सफलता मिली।
यह भी पढ़ें:
दूसरे टेस्ट के लिए बदला साउथ अफ्रीका का कप्तान, प्लेइंग इलेवन भी 2 बड़े बदलाव
SOURCE : KHABAR INDIAN TV




