Home rss business hindi बिसलेरी का पानी पीना कितना सुरक्षित? जांच में सैंपल फेल होने के...

बिसलेरी का पानी पीना कितना सुरक्षित? जांच में सैंपल फेल होने के बाद FSSAI की आई सफाई

6
0

Source :- LIVE HINDUSTAN

यह साफ किया गया कि इस कार्रवाई को बिसलेरी के सभी उत्पादों से जोड़कर नहीं देखा जाना चाहिए। मामला सिर्फ गोवा प्लांट में तैयार किए गए एक बैच का है। FSSAI ने कंपनी को गड़बड़ी की असली वजह जानने के लिए जांच का निर्देश दिया।

भारतीय खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण (FSSAI) ने बिसलेरी के बोतलबंद पानी की जांच को लेकर सोमवार को सफाई दी। इसमें कहा गया कि गोवा स्थित बिसलेरी प्लांट से लिए गए सैंपल में सिर्फ एक बैच (GO 270) ही खाद्य सुरक्षा मानकों पर खरा नहीं उतरा है। इस बैच के एक नमूने में पॉलीन्यूक्लियर एरोमैटिक हाइड्रोकार्बन (PAH) की मात्रा तय सीमा से अधिक मिली है। इसके बाद FSSAI ने खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम की धारा 36(3) के तहत संबंधित बैच की बिक्री पर रोक लगाने का आदेश जारी किया है। यह साफ किया गया कि इस कार्रवाई को बिसलेरी के सभी उत्पादों से जोड़कर नहीं देखा जाना चाहिए। मामला सिर्फ गोवा प्लांट में तैयार किए गए एक बैच का है। FSSAI ने कंपनी को गड़बड़ी की असली वजह का पता लगाने के लिए रूट कॉज एनालिसिस करने का निर्देश भी दिया है।

FSSAI के मुताबिक, जांच के लिए सैंपल दक्षिण गोवा के वर्ना इलेक्ट्रॉनिक सिटी स्थित बिसलेरी इंटरनेशनल प्राइवेट लिमिटेड के प्लांट से लिया गया था। इसका सैंपल कोड DO/GOA/06 और सीरियल नंबर 69/2025 था। मुंबई की एनवायरोकेयर लैब में हुई शुरुआती जांच में पानी में ब्रोमेट की मात्रा 0.012 मिलीग्राम प्रति लीटर मिली थी, जबकि इसकी अधिकतम तय सीमा 0.01 मिलीग्राम प्रति लीटर है। PAH की मात्रा 0.00001 मिलीग्राम प्रति लीटर से कम दर्ज की गई थी।

कंपनी ने शुरुआती जांच के नतीजों को चुनौती देते हुए दोबारा जांच की अपील की। इसके बाद सैंपल को नवी मुंबई की नेशनल फूड लैबोरेटरी (NFL) भेजा गया। रेफरल लैब की रिपोर्ट में ब्रोमेट की मात्रा तय सीमा के भीतर मिली, लेकिन PAH का स्तर 0.000144 मिलीग्राम प्रति लीटर यानी 0.144 माइक्रोग्राम प्रति लीटर पाया गया। FSSAI ने कहा कि कंपनी की अपील के बाद रेफरल लैब की रिपोर्ट को अंतिम माना जाता है।

बिसलेरी ने अपनी सफाई में क्या कहा

दूसरी तरफ, बिसलेरी ने अपने पानी को पीने के लिए सुरक्षित बताते हुए जांच के नतीजों पर सवाल उठाए हैं। कंपनी के मुताबिक, यह मामला सितंबर 2025 में गोवा प्लांट में तैयार किए गए एक बैच से जुड़ा है। FSSAI ने 30 सितंबर 2025 को प्लांट से पानी के 6 सैंपल लिए थे। कंपनी का दावा है कि इनमें से 5 नमूने तय मानकों पर खरे उतरे थे, जबकि छठे नमूने में ब्रोमेट की मात्रा 12 माइक्रोग्राम प्रति लीटर मिली थी। इसकी निर्धारित सीमा 10 माइक्रोग्राम प्रति लीटर है। कंपनी ने 22 नवंबर 2025 को इस रिपोर्ट के खिलाफ अपील की थी। इसके बाद रेफरल लैब ने ब्रोमेट को तय सीमा के भीतर पाया, लेकिन PAH की मौजूदगी दर्ज की। बिसलेरी का कहना है कि उसने उसी नमूने की जांच FSSAI से मान्यता प्राप्त एक अन्य लैब में भी कराई थी। वहां ब्रोमेट की मात्रा निर्धारित सीमा के भीतर मिली थी।

बिसलेरी के अनुसार, उसने स्वतंत्र लैब की जांच रिपोर्ट 2 फरवरी 2026 को FSSAI के पश्चिमी क्षेत्रीय कार्यालय को भेज दी थी, लेकिन इसके बाद उसे कोई जवाब नहीं मिला। कंपनी ने दावा किया कि उसे अब तक इस मामले में ईमेल या डाक से कोई औपचारिक नोटिस नहीं मिला है। कंपनी का कहना है कि उसकी 10 चरणों वाली निर्माण प्रक्रिया में 90 से ज्यादा गुणवत्ता जांच की जाती हैं और वह नियामक के साथ सहयोग जारी रखेगी। हालांकि, FSSAI ने अपनी जांच के आधार पर कंपनी के खिलाफ ऐक्शन की मंजूरी दी है।

SOURCE : LIVE HINDUSTAN