Source :- LIVE HINDUSTAN
गूगल ने 2026 के ट्रैवल सर्च ट्रेंड्स जारी किए हैं। रिपोर्ट के मुताबिक, भारत में AI for Travel सर्च 600 प्रतिशत बढ़ा है, जबकि वेलनेस ट्रैवल और सोलो ट्रैवल को लेकर भी यूजर्स ज्यादा इंट्रेस्ट लेने लगे हैं।
इंटरनेट पर लोग क्या सर्च कर रहे हैं, इससे उनकी बदलती पसंद और टेक्नोलॉजी के इस्तेमाल के बारे में काफी कुछ पता चलता है। अब भारतीय यूजर्स सिर्फ घूमने की जगहें खोजने के लिए गूगल का इस्तेमाल नहीं कर रहे, बल्कि आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) की मदद से अपनी पूरी ट्रिप प्लान करने में भी मदद ले रहे हैं। गूगल ने अपनी 2026 की ट्रैवल सर्च ट्रेंड्स रिपोर्ट में भारतीयों की बदलती ऑनलाइन सर्च से जुड़ी आदतों का खुलासा किया है। रिपोर्ट के मुताबिक, भारत में ‘AI for Travel’ सर्च में पिछले एक साल में 600 प्रतिशत की बढ़ोतरी हुई है। इसके अलावा, वेलनेस ट्रैवल, सोलो ट्रैवल और अनजान जगहों को एक्सप्लोर करने से जुड़ी सर्च भी तेजी से बढ़ी हैं।
गूगल के मुताबिक, भारतीय यूजर्स अब ट्रैवल प्लानिंग के लिए AI टूल्स में भी इंट्रेस्ट दिखा रहे हैं। ‘AI for Travel’ सर्च में 600 प्रतिशत की बढ़ोतरी इस बदलाव को दिखाती है। AI की मदद से यूजर्स अपनी पसंद, बजट और उपलब्ध समय के हिसाब से घूमने की जगहें खोज सकते हैं। इतना ही नहीं, ट्रिप का पूरा इटिनरेरी तैयार करने और अलग-अलग जगहों की तुलना करने में भी AI काम का साबित हो रहा है।
यूजर्स को मिल रहा है पर्सनलाइज्ड एक्सपीरियंस
गूगल भी अपने AI फीचर्स के जरिए इस एक्सपीरियंस को बेहतर बना रहा है। Gemini की मदद से यूजर्स पर्सनलाइज्ड ट्रैवल प्लान तैयार कर सकते हैं। वहीं, Google Search के AI Mode में किसी जगह की फोटो या स्क्रीनशॉट अपलोड करके उससे जुड़ी जानकारी जुटाने और आगे की ट्रिप प्लानिंग में मदद ली जा सकती है। Google Maps का Ask Maps फीचर भी आसपास की जगहों और लोकल एक्सपीरियंस खोजने में मदद करता है।
वेलनेस ट्रैवल की सर्च में 1600 प्रतिशत का उछाल
गूगल की रिपोर्ट में एक और ट्रेंड सामने आया है। भारत में ‘Wellness Travel India’ से जुड़ी सर्च में पिछले एक साल में 1600 प्रतिशत की बढ़ोतरी हुई है। वहीं, ‘Fitness Trip’ सर्च में 950 प्रतिशत का उछाल आया है। इसके अलावा, ‘Silent Retreat’ सर्च में 150 फीसदी की बढ़ोतरी रिकॉर्ड की गई है।
अनजान जगहों और सोलो ट्रैवल की भी तलाश
गूगल के मुताबिक, ‘Hidden Gems India’ सर्च में 400 फीसदी की बढ़ोतरी हुई है। इसका मतलब है कि यूजर्स अब लोकप्रिय टूरिस्ट स्पॉट्स के अलावा कम मशहूर जगहों के बारे में भी ऑनलाइन जानकारी सर्च कर रहे हैं। वहीं, ‘Travel Community’ सर्च में भी 400 प्रतिशत की बढ़ोतरी हुई है।
सोलो ट्रैवल को लेकर भी भारतीय यूजर्स की रुचि पहले से बढ़ी है। ‘Solo Travel Guide’, ‘Best Places to Travel Solo’ और ‘Solo Travel Cost India’ जैसी सर्च जमकर की जा रही हैं। इसके अलावा, ‘1 Day Trip Near Me’ सर्च में 130 प्रतिशत की बढ़ोतरी देखने को मिली है। गूगल की यह रिपोर्ट दिखाती है कि यूजर्स अपनी रोजमर्रा की जरूरतों के साथ ट्रैवल प्लानिंग जैसे कामों के लिए भी इंटरनेट और AI का इस्तेमाल बढ़ा रहे हैं।
SOURCE : LIVE HINDUSTAN




