Home rss world hindi भारत पर फिर लटकी टैरिफ की तलवार, चीन समेत कई देश भी...

भारत पर फिर लटकी टैरिफ की तलवार, चीन समेत कई देश भी ट्रंप के निशाने पर

5
0

Source :- LIVE HINDUSTAN

भारत के ऊपर एक बार फिर से टैरिफ का खतरा मंडराने लगा है। अमेरिका ने भारत ही नहीं, चीन समेत कई देशों को निशाने पर ले रखा है। हालांकि यह टैरिफ कितना होगा और कब लगेगा, यह अभी स्पष्ट नहीं है।

अमेरिका एक बार फिर से भारत पर हैवी टैरिफ लगाने की तैयारी में है। सिर्फ भारत ही नहीं, बल्कि चीन और कई देश भी इस लिस्ट में शामिल हैं। असल में डोनाल्ड ट्रंप प्रशासन घरेलू उद्योगों के लिए विदेशी समर्थन, जिसे वो गलत मानता है, उसे काउंटर करने की कोशिश कर रहा है। वॉल स्ट्रीट जर्नल ने इस बारे में रिपोर्ट प्रकाशित की है। अखबार के मुताबिक अमेरिकी व्यापार प्रतिनिधि उस औद्योगिक सब्सिडी की जांच में जुटे हैं, जो चीन, यूरोपीय संघ और 14 अन्य देशों की तरफ से मिली है। अनुमान है कि वह इसी हफ्ते इसका रिजल्ट घोषित कर देंगे। हालांकि नतीजों के ऐलान के समय में बदलाव हो सकता है।

अमेरिका को फायदा पहुंचाने की मंशा

ट्रंप प्रशासन के मुताबिक यह जांच घरेलू औद्योगिक उत्पादन के लिए सरकार के समर्थन और विदेशों में अतिरिक्त औद्योगिक क्षमता को लेकर है। अमेरिका के मुताबिक ऐसी नीतियां विदेशी निर्माताओं को फायदा और अमेरिकी कंपनियों को नुकसान पहुंचा सकती हैं। इससे अमेरिकी उद्योगों का कॉम्पटीशन कमजोर हो सकता है। अपेक्षित घोषणा उन अर्थव्यवस्थाओं से आने वाले उत्पादों पर अतिरिक्त आयात शुल्क के मार्ग को प्रशस्त कर सकती है जिनकी जांच की जा रही है। प्रशासन ने अभी तक प्रस्तावित टैरिफ दरों, या उनके लागू होने के समय का खुलासा नहीं किया है।

हो रही है सख्त निगरानी

चीन उन मुख्य अर्थव्यवस्थाओं में शामिल है जिन पर निगरानी रखी जा रही है। वजह, अमेरिका, चीन के साथ कठोर व्यापार नीति अपनाए हुए है। भारत भी उन देशों में शामिल है जिनकी व्यापक जांच की जा रही है, इसके साथ ही यूरोपीय संघ और 14 अन्य राष्ट्र भी शामिल हैं। इस कदम से ट्रम्प प्रशासन के प्रमुख आर्थिक साझेदारों के साथ व्यापार विवादों में एक और मोर्चा खुल सकता है। हाई टैरिफ से अंतरराष्ट्रीय सप्लाई चेन, निर्माता और लक्षित अर्थव्यवस्थाओं में काम करने वाले निर्यातकों पर असर पड़ सकता है।

ताजा मामला ऐसे समय में आया है जब ट्रंप प्रशासन अपने आर्थिक और व्यापार नीति को बचाने के लिए टैरिफ को हथियार की तरह इस्तेमाल करता है। हालांकि कोई भी नया टैरिफ पहले से ही बदलते अमेरिकी व्यापार नियमों व्यापारिक साझेदारों के लिए अनिश्चितता बढ़ा सकता है।

हाल ही में हुई थी पीएम मोदी से मुलाकात

हालांकि यह सब तब हो रहा है जब अमेरिकी राष्ट्रपति ने भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग से अलग-अलग मौकों पर मुलाकात की थी। इस दौरान उन्होंने दोनों ही राष्ट्राध्यक्षों की तारीफ की थी।

जिनपिंग से अमेरिकी राष्ट्रपति ने कहा कि मैं आपसे हमारे किसानों के लिए कुछ और अधिक करने का अनुरोध करूंगा। वहीं, जिनपिंग ने कहा कि ट्रंप के प्रयासों को इतिहास में दर्ज किया जाएगा। साथ ही यह भी कहा कि वह अमेरिकी राष्ट्रपति के साथ मिलकर काम करने के लिए प्रतिबद्ध हैं। दोनों नेताओं की यह बैठक करीब एक घंटे तक चली। इस साल ट्रंप और शी चिनफिंग के बीच यह तीसरी महत्वपूर्ण मुलाकात थी। यह बैठक इसलिए भी महत्वपूर्ण है क्योंकि दोनों देशों के बीच व्यापार और तकनीक को लेकर मतभेद हैं।

SOURCE : LIVE HINDUSTAN